‘वीरू को आज बहुत गर्व होगा….’ सहवाग के बेटे आर्यवीर बने मैन ऑफ द टूर्नामेंट
Last Updated:
IND U19 vs PAK U19: भारत की अंडर-19 एशिया कप की खिताबी जीत में वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट से नवाजा गया. आर्यवीर ने पांच मैच में 361 रन बनाए. फाइनल में 61 गेंद में 57 रन की पारी खेली तो उससे पहले एक शतक भी बनाया. पाकिस्तान के खिलाफ खिताबी जीत के बाद सौरव गांगुली, इरफान पठान, आकाश चोपड़ा समेत कइयों ने सहवाग परिवार को बधाई दी.
सहवाग के बेटे को देशभर से बधाई मिल रही है.
‘पापा कहते हैं बड़ा नाम करेगा, बेटा हमारा ऐसा काम करेगा…’ कयामत से कयामत तक फिल्म का यह गाना 38 साल बाद भी पूरी तरह प्रासंगिक है. वीरेंद्र सहवाग ने अपने पूरे करियर में पाकिस्तानी गेंदबाजों की जमकर बखिया उधेड़ी और अब उनके बड़े बेटे आर्यवीर ने भी भारत को अंडर-19 एशिया कप जिताने में बड़ा रोल निभाया और फाइनल में नौ चौके से सजी 58 रन की बेजोड़ पारी खेली. भारतीय टीम ने जैसे ही आखिरी गेंद पर चौका मारकर 338 रन के विशाल लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा किया वीरेंद्र सहवाग ने सोशल मीडिया पर फौरन एक पोस्ट लिख डाली.
भारत की जीत पर वीरू ने क्या लिखा
वीरू ने ट्विटर (एक्स) पर चार फोटो शेयर करते हुए कैप्शन लिखा, ‘क्या शानदार मैच था! क्या बेहतरीन अंत! U19 एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ 338 रनों का पीछा करते हुए जीत हासिल करना, सच में बहुत बड़े जज्बे की बात है. लक्ष्य के 80 रन, आर्यवीर के 58 रन और फिर जब हमें किसी चमत्कार की जरूरत थी, तब मनाल चौहान और मोहित उल्वा का कमाल! क्या अविश्वसनीय जीत है. इन युवा चैंपियंस पर गर्व है!
टूर्नामेंट में एक शतक और तीन अर्धशतक
पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में अर्धशतक के अलावा आर्यवीर ने टूर्नामेंट में एक शतक और दो फिफ्टी भी ठोकी. भारतीय लड़कों की इस जीत को पूरे वर्ल्ड क्रिकेट में जमकर सेलिब्रेट किया जा रहा है. पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने लिखा कि आज वीरू को काफी गर्व होगा तो इरफान पठान ने भी आर्यवीर समेत पूरी अंडर-19 भारतीय टीम की तारीफ की. पूर्व सलामी बल्लेबाज और वीरेंद्र सहवाग के ओपनिंग जोड़ीदार रहे आकाश चोपड़ा ने भी आर्यवीर का हौसला बढ़ाया.
मनल चौहान और मोहित उल्वा ने लिखी जीत की इबारत.
फिलहाल पापा से बात नहीं हुई- आर्यवीर
मैच के बाद जब आर्यवीर प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का अवॉर्ड लेने आए थे तो तब स्पोर्ट्स ब्रॉडकास्टर ने उनसे पूछा कि क्या आपके पापा वीरेंद्र सहवाग से कोई बात हुई तो 18 साल के लड़ाके ने जवाब दिया- नहीं सर, अभी तक तो नहीं, अभी बात होगी.
पीएम मोदी ने भी दी भारतीय टीम को बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंडर-19 एशिया कप का खिताब जीतने वाली भारतीय क्रिकेट टीम को बधाई देते हुए कहा कि युवा खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन देश के कई युवा क्रिकेटरों को प्रेरित करेगा. मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में युवा क्रिकेटरों की उपलब्धि पर गर्व जताया और भविष्य के लिए टीम को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने लिखा, ‘भारतीय क्रिकेट के लिए शानदार दिन! आज के प्रभावशाली प्रदर्शन और पुरुष अंडर-19 एशिया कप 2026 का खिताब जीतने पर मुझे अपने युवा क्रिकेटरों पर बेहद गर्व है, उनकी सफलता कई युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी. भविष्य के प्रयासों के लिए पूरी टीम को मेरी शुभकामनाएं.’
आखिरी गेंद पर कैसे जीता भारत?
पाकिस्तान के 338 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम कप्तान रायचंदानी (80) और आर्यवीर सहवाग (58) के बीच पहले विकेट की 95 रन की साझेदारी से एक विकेट पर 146 रन बनाकर अच्छी स्थिति में थी. हालांकि इसके बाद 42वें ओवर तक पाकिस्तान ने भारत का स्कोर आठ विकेट पर 252 रन कर दिया. मोहित उल्वा (47) ने इसके बाद मनल के साथ मिलकर भारत को वापसी दिलाई और अहमद हुसैन की मैच की अंतिम गेंद पर चौका जड़कर भारत को नौ विकेट पर 339 रन तक पहुंचाकर जीत दिला दी.