Last Updated:
Kishangarh Railway Station Incident: अजमेर के किशनगढ़ रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ कांस्टेबल की सतर्कता से एक महिला की जान बच गई. जयपुर-उदयपुर ट्रेन से उतरते समय महिला का पैर प्लेटफॉर्म और ट्रेन के पायदान के बीच फंस गया. इसी दौरान ट्रेन चल पड़ी और महिला उसके साथ काफी दूर तक घिसटती चली गई. महिला की चीख-पुकार सुनकर स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में हड़कंप मच गया. ड्यूटी पर तैनात RPF कांस्टेबल निरंजन लाल ने तुरंत दौड़ लगाई और यात्रियों की मदद से महिला को ट्रेन से अलग कर सुरक्षित बाहर निकाला. हादसे में सरगांव रोड, वार्ड नंबर 52 निवासी सोनू कुमावत के पैर में गंभीर चोट आई है. उन्हें उपचार के लिए राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया. पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है.
अजमेर के किशनगढ़ रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ कांस्टेबल की सतर्कता से एक महिला की जान बच गई
अजमेर. किशनगढ़ रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया. जयपुर-उदयपुर ट्रेन से उतरते समय एक महिला का पैर प्लेटफॉर्म और ट्रेन के पायदान के बीच फंस गया. इसी दौरान ट्रेन चल पड़ी और महिला उसके साथ प्लेटफॉर्म पर काफी दूर तक घिसटती चली गई. महिला की चीख-पुकार सुनकर स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. इसी बीच ड्यूटी पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के कांस्टेबल ने अपनी सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए महिला की जान बचा ली. कांस्टेबल ने तुरंत दौड़ लगाई और यात्रियों की मदद से महिला को ट्रेन की चपेट में आने से पहले बाहर खींच लिया. हादसे में महिला के पैर में गंभीर चोट आई है. पूरी घटना स्टेशन पर लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई.
बताया जा रहा है कि किशनगढ़ रेलवे स्टेशन पर जयपुर-उदयपुर ट्रेन में सफर कर रही महिला नीचे उतर रही थी. इसी दौरान उसका पैर प्लेटफॉर्म और ट्रेन के पायदान के बीच फंस गया. महिला खुद को संभाल पाती, उससे पहले ही ट्रेन आगे बढ़ने लगी. पैर फंसने के कारण महिला ट्रेन के साथ प्लेटफॉर्म पर घिसटती चली गई. इस खतरनाक स्थिति को देखकर स्टेशन पर मौजूद यात्रियों के होश उड़ गए. महिला लगातार मदद के लिए चिल्लाती रही. आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया.
RPF कांस्टेबल ने दौड़कर बचाई जान
स्टेशन पर ड्यूटी कर रहे RPF कांस्टेबल निरंजन लाल ने जैसे ही महिला को ट्रेन के साथ घिसटते देखा, उन्होंने बिना देर किए उसकी तरफ दौड़ लगा दी. उन्होंने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए यात्रियों की मदद से महिला को पकड़कर ट्रेन से अलग किया. कांस्टेबल की तत्परता और सूझबूझ से महिला की जान बच गई. थोड़ी सी भी देरी होने पर महिला ट्रेन की चपेट में आ सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था.
महिला के पैर में आई गंभीर चोट
हादसे में सरगांव रोड वार्ड नंबर 52 निवासी सोनू कुमावत घायल हो गईं. उनके पैर में गंभीर चोट आने के बाद उन्हें उपचार के लिए राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में उनका इलाज किया गया. घटना के बाद स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने RPF कांस्टेबल निरंजन लाल की तत्परता और साहस की सराहना की.
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
किशनगढ़ रेलवे स्टेशन पर हुई यह घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है. फुटेज में महिला के ट्रेन के साथ घिसटने और RPF कांस्टेबल के तत्काल मौके पर पहुंचकर उसे बचाने की घटना देखी जा सकती है. कांस्टेबल की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया.