भैयादूज पर घर से निकलने से पहले पढ़ लें ट्रैफिक प्लान, 36 जगहों पर पुलिस तैनात, इन रास्तों पर रहेगा डायवर्जन

भैयादूज पर घर से निकलने से पहले पढ़ लें ट्रैफिक प्लान, 36 जगहों पर पुलिस तैनात, इन रास्तों पर रहेगा डायवर्जन


Last Updated:

Meerut Traffic Plan Alert: मेरठ में भैयादूज पर यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस ने विशेष प्लान लागू किया है. त्योहार पर बहनों के घर जाने वाले भाइयों और बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए शहर और हाईवे के 36 जाम प्वाइंट चिह्नित किए गए हैं.

Zoom

मेरठ में पुलिस अलर्ट (सांकेतिक तस्वीर)

मेरठ: भैयादूज पर अगर आप भी अपनी बहन के घर जाने या बाजार में खरीदारी करने की तैयारी कर रहे हैं तो घर से निकलने से पहले ट्रैफिक प्लान जरूर जान लें. त्योहार के दौरान शहर की सड़कों और हाईवे पर भीड़ बढ़ने की आशंका है. ऐसे में लोगों को जाम से बचाने के लिए मेरठ पुलिस ने खास इंतजाम किए हैं. शहर और हाईवे के 36 जाम प्वाइंट चिह्नित किए गए हैं. इन सभी जगहों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे. वहीं, भारी व्यावसायिक वाहनों की शहर में एंट्री पर रोक रहेगी.

एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने यातायात व्यवस्था संभालने के लिए शहर और हाईवे को अलग-अलग सेक्टर में बांटकर पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की है. दिल्ली-दून हाईवे पर मोहिउद्दीनपुर से दादरी तक करीब 40 किलोमीटर के रास्ते को पांच सेक्टर में बांटा गया है. यहां संबंधित थानों के प्रभारी यातायात व्यवस्था संभालेंगे. जाम की आशंका वाले स्थानों पर सुबह 6 बजे से ही पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगा दी जाएगी.

इस पर रहेगी खास नजर

माल रोड की जिम्मेदारी लालकुर्ती और सिविल लाइंस पुलिस को सौंपी गई है. वहीं, दिल्ली रोड पर पांच थानों की पुलिस यातायात संभालेगी. सिवाया और काशी टोल पर भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा. अगर कहीं जाम लगता है तो संबंधित थाना और चौकी प्रभारी की जवाबदेही तय की जाएगी. एसपी सिटी विनायक भोसले हाईवे की यातायात व्यवस्था देखेंगे, जबकि एसपी यातायात राजेश श्रीवास्तव शहर के अंदर निगरानी करेंगे. एसपी देहात सरधना, किठौर और मवाना क्षेत्र की जिम्मेदारी संभालेंगे. जाम वाले स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से भी नजर रखी जाएगी. जरूरत पड़ने पर कंट्रोल रूम में मौजूद रिजर्व पुलिस बल को तुरंत मौके पर भेजा जाएगा.

कल माल रोड पर बदला रहेगा ट्रैफिक

बुधवार को माल रोड पर विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी. कमिश्नरी आवास चौराहे (साकेत) से माल रोड की तरफ वाहन नहीं जा सकेंगे. ऐसे वाहनों को बैजल भवन चौराहे से लालकुर्ती बाजार होते हुए जीरोमाइल की ओर जाना होगा. माल रोड पर केवल टैंक चौराहे से कमिश्नरी आवास चौराहे की तरफ जाने की अनुमति होगी. जीरोमाइल चौराहे से लालकुर्ती बाजार होते हुए कमिश्नरी आवास चौराहे की ओर भी वाहन नहीं जा सकेंगे. इस रास्ते के वाहनों को माल रोड से होकर गुजरना होगा. मवाना की तरफ से आने वाले वाहन गंगानगर नाले से होमगार्ड चौराहे पहुंचेंगे. यहां से दाहिने मुड़कर माल रोड, इंडियन बैंक कट और एमईएस कट होते हुए टैंक चौराहे जा सकेंगे.

जाम में फंसें तो इन नंबरों पर दें सूचना

पुलिस ने लोगों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं. अगर किसी रास्ते पर जाम लगता है या यातायात से जुड़ी कोई परेशानी होती है तो यूपी-112 पर कॉल कर सकते हैं. इसके अलावा 9454401587 और 9454417431 नंबरों पर भी सूचना दी जा सकती है. पुलिस का प्रयास है कि त्योहार के दौरान लोग बिना जाम में फंसे आसानी से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें.



Source link