लखनऊः यूपी में 2027 का चुनाव अभी दूर है, लेकिन समाजवादी पार्टी और बीजेपी के बीच सियासी तलवारें अभी से खिंचने लगी हैं. इस बार चर्चा के केंद्र में हैं शिवपाल यादव, जिनका एक वीडियो वायरल हो रहा है. शिवपाल अपनी ही पार्टी के कार्यकर्ताओं को चेतावनी दे रहे हैं कि सरकार आने पर देख लेने की धमकी दी तो सीधे पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया जाएगा. इतना ही नहीं, शिवपाल को डर है कि बीजेपी के लोग भी ऐसी बयानबाजी कर सकते हैं और बदनामी समाजवादी पार्टी की होगी. अब बीजेपी ने इसी बयान को पकड़कर सपा पर ऐसा हमला बोला है कि 2012 से लेकर 2022 तक के किस्से गिना दिए. सवाल है कि क्या 2027 से पहले समाजवादी पार्टी को अपने ही कार्यकर्ताओं की भाषा से डर लगने लगा है?
शिवपाल यादव को कौन सा डर सता रहा
समाजवादी पार्टी की अभी सरकार बनी नहीं है. लेकिन सरकार बनने के बाद की धमकियों को लेकर शिवपाल यादव ने पहले ही मोर्चा खोल दिया है. शिवपाल यादव साफ कह रहे हैं कि कोई भी सपा कार्यकर्ता अगर सत्ता में आने पर देख लेने की धमकी देता है, तो उसे तत्काल पार्टी से निष्कासित किया जाएगा. लेकिन शिवपाल की इस नसीहत में एक और बात गौर करने वाली है. उन्हें आशंका है कि बीजेपी के लोग भी ऐसी बयानबाजी कर सकते हैं और बदनाम समाजवादी पार्टी होगी यानी शिवपाल को सिर्फ विरोधियों की राजनीति की चिंता नहीं. बल्कि अपनी पार्टी की छवि की भी फिक्र है.
बीजेपी ने खोल दिया सपा का कच्चा-चिट्ठा
शिवपाल यादव के बयान पर बीजेपी ने ऐसा पलटवार किया कि समाजवादी पार्टी के पुराने शासनकाल की फाइल खोल दी. बीजेपी प्रवक्ता प्रियंक पांडेय ने सवाल किया कि आखिर शिवपाल यादव को अपने कार्यकर्ताओं को ऐसी चेतावनी देने की जरूरत क्यों पड़ी? बीजेपी का सवाल है कि क्या समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता गुंडों की भाषा नहीं बोलते? क्या उनका व्यवहार अपराधियों जैसा नहीं रहा? बीजेपी ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश की जनता सपा के पुराने शासनकाल को आज भी नहीं भूली है.
बीजेपी ने अपने हमले में दो बड़े राजनीतिक घटनाक्रमों का जिक्र किया
-पहला, साल 2012 जब समाजवादी पार्टी की सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के बाद मंच पर कार्यकर्ताओं के कब्जे और हंगामे की तस्वीरें सामने आई थीं. बीजेपी ने उस घटनाक्रम को सपा की कार्यशैली से जोड़कर हमला बोला.
-दूसरा, साल 2022 जब विधानसभा चुनाव के दौरान अब्बास अंसारी का बयान सुर्खियों में आया था. उन्होंने कहा था कि सरकार बनने पर अधिकारियों को हिसाब-किताब के लिए रोककर रखा जाएगा. बीजेपी आज भी उस बयान को समाजवादी पार्टी की राजनीति पर सवाल उठाने के लिए इस्तेमाल कर रही है.
BJP के हमले के तीन बड़े हथियार
2012 में शपथ ग्रहण समारोह के बाद मंच पर हंगामा
2022 में अब्बास अंसारी का अधिकारियों को हिसाब-किताब वाला बयान
2027 में सत्ता से पहले ही कार्यकर्ताओं को शिवपाल की चेतावनी
दरअसल, बीजेपी शिवपाल के बयान को सिर्फ एक नसीहत नहीं, बल्कि समाजवादी पार्टी की अंदरूनी चिंता के तौर पर पेश कर रही है. बीजेपी का संदेश साफ है कि सपा सत्ता में आने से पहले ही अपने कार्यकर्ताओं के व्यवहार को लेकर परेशान है. वहीं शिवपाल की कोशिश है कि 2027 के चुनाव से पहले कोई ऐसा बयान न आए, जिससे समाजवादी पार्टी को कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर घेरा जा सके. लेकिन इस पूरी सियासत में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या समाजवादी पार्टी अपने पुराने शासनकाल की छवि से अब तक बाहर नहीं निकल पाई है? और क्या बीजेपी 2027 के चुनाव में कानून-व्यवस्था को फिर से बड़ा चुनावी मुद्दा बनाने की तैयारी में है?