Last Updated:
फरीदाबाद के बीके सिविल अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में नशे में धुत एक युवक ने हंगामा किया. युवक बिना पर्ची के वार्ड में घुसा और महिला मरीजों को परेशान किया. वीडियो सामने आने पर सुरक्षा पर सवाल उठे हैं.
फरीदाबाद में अस्पताल में हंगामा,
फरीदाबाद. हरियाणा के फरीदाबाद के बीके सिविल अस्पताल में युवक ने जमकर हंगामा किया. इमरजेंसी वार्ड में नशे में धुत एक युवक ने मरीजों और उनके परिजनों को जमकर परेशान किया.
आरोप है कि युवक बिना ओपीडी पर्ची के ही वार्ड में घुस गया और एक महिला मरीज से सिर दबाने की मांग करने लगा. इतना ही नहीं, उसने महिला का खाना भी झूठा कर दिया. हैरानी की बात यह रही कि परिजनों की शिकायत के बावजूद युवक कई घंटे तक अस्पताल के बेड पर बेसुध पड़ा रहा. आखिरकार एक कर्मचारी डंडा लेकर पहुंचा और उसे वार्ड से बाहर ले गया. घटना रविवार की बताई जा रही है, जिसका वीडियो अब सामने आया है.
जानकारी के मुताबिक, रविवार को नशे में धुत एक युवक इमरजेंसी वार्ड नंबर-39 में पहुंच गया. आरोप है कि युवक ने वार्ड में मौजूद महिला मरीजों को परेशान करना शुरू कर दिया. एक महिला मरीज के पति के मुताबिक, युवक ने उनकी पत्नी से सिर दर्द होने की बात कही और सिर दबाने के लिए कहा. इतना ही नहीं, युवक ने महिला का खाना भी झूठा कर दिया. युवक की इन हरकतों से परेशान होकर परिजनों ने अस्पताल कर्मचारियों से शिकायत की और उसे वार्ड से बाहर निकालने की मांग की.
परिजनों की शिकायत के बाद अस्पताल का एक कर्मचारी डंडा लेकर वार्ड में पहुंचा. कर्मचारी ने युवक को उठाने की कोशिश की, लेकिन युवक कुछ देर आंखें खोलता और फिर दोबारा बेसुध होकर लेट जाता. बताया जा रहा है कि युवक कई घंटे तक इसी हालत में वार्ड के बेड पर पड़ा रहा. बाद में अस्पताल कर्मचारी उसे दूसरे वार्ड में लेकर गए.
#Faridabad : Drunk Man Create Ruckus at BK Hospital.
#Haryana https://t.co/0PcBNwoLH1