Last Updated:
मलयालम इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है. मलयालम सिनेमा के मशहूर सिनेमैटोग्राफर शाजी कुमार का निधन हो गया. उन्होंने 57 साल की उम्र में अपनी अंतिम सांसें लीं. वो अपकमिंग फिल्म की शूटिंग में व्यस्त थे कि अचानक तबीयत बिगड़ने से उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया जहां उनकी तबीयत में सुधार दिख रहा था. लेकिन फिर अचानक ही उनकी मौत हो गई.
शाजी कुमार का निधन हो गया.
नई दिल्ली. मलयालम फिल्म इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है. मशहूर सिनेमैटोग्राफर शाजी कुमार का 57 साल की उम्र में निधन हो गया. उन्होंने मोहनलाल की कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों में अपने शानदार कैमरा वर्क से दर्शकों का ध्यान खींचा था. उनके निधन की खबर से मलयालम फिल्म जगत में शोक की लहर है. मलयालम फिल्म इंडस्ट्री ने अपना चमकता सितारा खो दिया है. इंडस्ट्री से जुड़े सूत्रों ने मंगलवार को उनके निधन की पुष्टि की.
मनी कंट्रोल की रिपोर्ट के अनुसार शाजी कुमार इन दिनों अलप्पुझा में एक्टर दिलीप की एक अपकमिंग फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में बिजी थे. शनिवार रात होटल के कमरे में उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई. उन्होंने फिल्म के निर्देशक उल्लास कृष्णा को अपनी परेशानी के बारे में बताया, जिसके बाद उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया.
रविवार को तबीयत बिगड़ने से हुआ निधन
बाद में उन्हें एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया. बताया गया कि अस्पताल में भर्ती होने के बाद उनकी हालत में कुछ सुधार हुआ था और वह सामान्य रूप से बातचीत भी कर पा रहे थे. हालांकि, रविवार रात उनकी तबीयत दोबारा बिगड़ गई और उनका निधन हो गया.
कई बड़ी फिल्मों में दिखा उनका हुनर
शाजी कुमार ने अपने करियर की शुरुआत दिग्गज सिनेमैटोग्राफर विपिन मोहन के मार्गदर्शन में की थी. शुरुआती दौर में कई फिल्मों में काम करने के बाद उन्होंने इंडिपेंडेंट सिनेमैटोग्राफर के तौर पर अपनी पहचान बनाई. फिल्म कैमरों के दौर से अपना सफर शुरू करने वाले शाजी कुमार को लाइटिंग, रंगों के इस्तेमाल और फ्रेमिंग की गहरी समझ के लिए जाना जाता था. समय के साथ उन्होंने डिजिटल फिल्ममेकिंग को भी अपनाया और बदलती तकनीक के साथ खुद को ढाला.
उन्होंने जोशी, शाजी कैलास, वीएम विनु, एम पद्मकुमार और वैशाख जैसे कई बड़े निर्देशकों के साथ काम किया. इसके अलावा उन्होंने तरुण मूर्ति जैसे नई पीढ़ी के फिल्ममेकर्स के साथ भी सहयोग किया. उनकी हालिया सिनेमैटोग्राफी फिल्मों में मोहनलाल की ‘अथिमनोहरम’ और सुरेश गोपी की ‘ओट्टाकोम्बन’ शामिल हैं.