नागौर। त्योहारों का मौसम हो और घर में मीठे पकवान न बनें, ऐसा भला कैसे हो सकता है. खासकर दीपावली और होली जैसे त्योहारों पर गुझिया बनाने की परंपरा काफी पुरानी है. वैसे तो आपने मावा गुझिया कई बार खाई होगी, लेकिन जालीदार गुझिया दिखने में जितनी आकर्षक होती है, स्वाद में भी उतनी ही लाजवाब होती है. इसकी कुरकुरी बाहरी परत और अंदर भरी मेवे वाली मिठास हर किसी को पसंद आती है. इसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है. खास बात यह है कि जालीदार डिजाइन के कारण यह मेहमानों के सामने परोसने के लिए भी खास बन जाती है.
फूड एक्सपर्ट रीना देवी ने बताया कि जालीदार गुझिया बनाने के लिए आधा किलो मैदा, आधा किलो मावा, एक कप देसी घी, एक कप काजू-बादाम, किशमिश और चिरौंजी, एक कप कटा हुआ नारियल, करीब 400 ग्राम पिसी चीनी, तलने के लिए तेल या घी, आधा चम्मच नमक, एक कप मौली और जरूरत के अनुसार पानी लें. इसके अलावा चाशनी तैयार करने के लिए चीनी, पानी, थोड़ा केसर और इलायची पाउडर की जरूरत होगी.
सबसे पहले तैयार करें आटा
गुझिया बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े बर्तन में मैदा छान लें. इसमें आधा चम्मच नमक और देसी घी डालकर अच्छी तरह मिलाएं. इसके बाद धीरे-धीरे गुनगुना पानी डालते हुए थोड़ा सख्त आटा गूंथ लें. आटे को ज्यादा नरम नहीं रखना चाहिए, क्योंकि इससे गुझिया का आकार बनाने में परेशानी हो सकती है. आटा तैयार होने के बाद इसे गीले कपड़े से ढककर करीब 15 से 20 मिनट के लिए रख दें, ताकि आटा अच्छी तरह सेट हो जाए.
मावे से तैयार करें स्वादिष्ट भरावन
अब एक कड़ाही में थोड़ा घी गर्म करके मावे को धीमी आंच पर भून लें. जब मावा हल्का सुनहरा हो जाए और अच्छी खुशबू आने लगे तो गैस बंद कर दें. इसे ठंडा होने के लिए रख दें. इसके बाद इसमें बारीक कटे काजू, बादाम, किशमिश, चिरौंजी और कटा हुआ नारियल मिलाएं. अब इसमें पिसी चीनी डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें. इस तरह गुझिया के लिए स्वादिष्ट और खुशबूदार भरावन तैयार हो जाएगा.
इस तरह बनाएं जालीदार गुझिया
अब गूंथे हुए आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें और उनकी पतली पूरियां बेल लें. जालीदार डिजाइन बनाने के लिए पूरियों पर हल्के हाथों से कट लगाकर जाली का आकार तैयार करें. इसके बाद पूड़ी के बीच में तैयार मावे का भरावन रखें. किनारों पर थोड़ा पानी लगाकर सावधानी से मोड़ें और अच्छी तरह चिपका दें, ताकि तलते समय भरावन बाहर न निकले. इसी तरह सभी गुझिया तैयार कर लें.
चाशनी में डुबोकर करें तैयार
अब एक कड़ाही में तेल या घी गर्म करें और तैयार गुझिया को मध्यम आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तल लें. ध्यान रखें कि आंच बहुत तेज न हो, वरना गुझिया बाहर से जल्दी लाल हो जाएगी और अंदर से ठीक से नहीं सिकेगी. दूसरी ओर चीनी और पानी को मिलाकर एक तार की चाशनी तैयार करें. इसमें केसर और इलायची पाउडर डालकर खुशबू बढ़ाएं. तली हुई गुझिया को हल्की गर्म चाशनी में कुछ देर डुबोकर बाहर निकाल लें.