Last Updated:
Aipan Art Uttarakhand: उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र में ऐपण कला सिर्फ घरों को सजाने का तरीका नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था और पुरानी परंपराओं से जुड़ी पहचान है. बागेश्वर में आज भी इस लोककला को पारंपरिक तरीके से बनाया जाता है. इसमें लाल गेरू और चावल से तैयार सफेद घोल यानी बिस्वार का इस्तेमाल होता है. उंगलियों से मां लक्ष्मी के चरण, स्वास्तिक और फूलों जैसी आकृतियां बनाई जाती हैं. पहले महिलाएं इसे घर की देहली और पूजा स्थलों पर बनाती थीं, लेकिन अब ऐपण की पहचान सजावटी प्लेटों, लकड़ी की चौकियों और दीवारों तक पहुंच गई है.
उत्तराखंड के बागेश्वर जैसे पहाड़ी इलाकों में ऐपण कला को बनाने के लिए पारंपरिक रूप से दो चीजों का यूज किया जाता है. इसमें गेरू यानि लाल मिट्टी से जमीन या लकड़ी की सतह पर लाल आधार तैयार किया जाता है. इसके बाद चावल को भिगोकर पीसा जाता है, और उससे सफेद रंग का गाढ़ा घोल बनाया जाता है, जिसे बिस्वार कहते हैं. इसी बिस्वार से उंगलियों की सहायता से विभिन्न डिजाइन बनाएं जाते हैं. लाल और सफेद रंग का मिश्रण ऐपण को अलग पहचान देता है.
बागेश्वर की ऐपण आर्टिस्ट रिचा जोशी बताती है कि कुमाऊं क्षेत्र में ऐपण केवल घर की सजावट का जरिया नहीं है, बल्कि इसे धार्मिक आस्था और शुभता का प्रतीक माना जाता है. दीपावली, शादी-ब्याह, नामकरण संस्कार, जनेऊ और गृह प्रवेश जैसे मांगलिक मौकों पर घरों की देहली, आंगन और पूजा स्थलों पर ऐपण बनाए जाते हैं. ऐपण बनाने से घर में सकारात्मकता और सुख-समृद्धि का वास होता है. यह परंपरा पीढ़ियों से पहाड़ के परिवारों में निभाई जा रही है.
ऐपण कला में अलग-अलग धार्मिक और सांस्कृतिक प्रतीकों का खास महत्व है. इसमें मां लक्ष्मी के चरण, स्वास्तिक, कमल के फूल, बेल-बूटे, फूल-पत्तियां और विभिन्न डिजाइन बनाएं जाते हैं. प्रत्येक डिजाइन का अपना धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व होता है. पूजा-पाठ और विशेष धार्मिक अनुष्ठानों में अलग-अलग डिजाइन के ऐपण बनाए जाते हैं. यही विविधता इस लोककला को खास बनाती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
पारंपरिक ऐपण कला में महिलाओं की भूमिका सबसे खास रही है. पहले घरों की महिलाएं किसी ब्रश या आधुनिक उपकरण के बिना अपनी उंगलियों से बिस्वार लगाकर सुंदर आकृतियां तैयार करती हैं. इसके लिए विशेष अभ्यास, धैर्य और कलात्मक समझ की आवश्यकता होती है. परिवार की बुजुर्ग महिलाएं छोटी उम्र से ही बेटियों और बहुओं को ऐपण बनाना सिखाती है. इस तरह यह कला एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुंचती है. त्योहारों और मांगलिक मौकों पर महिलाएं सामूहिक रूप से घरों को ऐपण से सजाती हैं.
कुमाऊं में घर के अलग-अलग हिस्सों और धार्मिक अवसरों के अनुसार ऐपण की अलग-अलग डिजाइन बनाई जाती हैं. घर की देहली पर शुभ प्रतीक, पूजा स्थल पर धार्मिक चौकियां और मंदिरों में विशेष डिजाइन तैयार किए जाते हैं. विवाह जैसे मांगलिक अवसरों पर दूल्हा-दुल्हन से जुड़े अनुष्ठानों के लिए भी पारंपरिक ऐपण बनाए जाते हैं. इन डिजाइनों में स्थानीय मान्यताओं और परंपराओं का समावेश रहता है.
समय के साथ ऐपण कला बनाने के तरीकों में भी बदलाव आया है. पहले जहां गेरू और बिस्वार से जमीन पर ऐपण तैयार किए जाते थे, वहीं अब ऐक्रेलिक और अन्य आधुनिक रंगों का यूज बढ़ रहा है. बाजार में तैयार ऐपण बोर्ड, लकड़ी की चौकियां, सजावटी प्लेटें और दीवारों पर लगाने वाले ऐपण डिजाइन मिलते हैं.
अब ऐपण कला केवल घरों की देहली और पूजा स्थलों तक सीमित नहीं रह गई है. आधुनिक समय में इसका इस्तेमाल दीवारों, दरवाजों, पूजा चौकियों, नामपट्टिकाओं, सजावटी प्लेटों और विभिन्न हस्तनिर्मित उत्पादों में किया जा रहा है. पारंपरिक आकृतियों को नए डिजाइन और रंगों के साथ प्रस्तुत किया जा रहा है. इससे ऐपण को घरों की आंतरिक सजावट में भी जगह मिल रही है.
ऐपण कला उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र की ऐसी सांस्कृतिक विरासत है, जिसे संरक्षित रखना जरूरी है. आधुनिकता के बढ़ते प्रभाव के बीच पारंपरिक कला और उसे बनाने की तकनीक को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी हो गया है. इसके लिए घरों में बच्चों को ऐपण बनाना सिखाने के साथ-साथ स्कूलों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और कार्यशालाओं में भी इस कला को स्थान दिया जाता है.