‘उसके पर निकलने लगे हैं…’ देवरानी मेनका को लेकर सोनिया गांधी ने ये क्या कह दिया, बताया इंदिरा गांधी से झगड़े का किस्सा

‘उसके पर निकलने लगे हैं…’ देवरानी मेनका को लेकर सोनिया गांधी ने ये क्या कह दिया, बताया इंदिरा गांधी से झगड़े का किस्सा


गांधी परिवार के भीतर एक दौर ऐसा भी आया था, जब रिश्तों में बढ़ती कड़वाहट ने घर की दीवारों के भीतर चल रही खींचतान को खुलेआम झगड़े में बदल दिया था. साल 1981 में मेनका गांधी को अपनी सास और तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का घर छोड़ना पड़ा था. आखिर ऐसा क्या हुआ था कि कभी परिवार की चहेती रहीं मेनका और इंदिरा गांधी के बीच रिश्ते इतने बिगड़ गए? कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपने नए संस्मरण ‘Belonging: A Journey of Love’ में इस पूरे घटनाक्रम के कई पहलुओं का जिक्र किया है.

सोनिया के मुताबिक, मेनका और उनके बीच शुरुआत में अच्छे रिश्ते थे, लेकिन समय के साथ परिवार में राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं, आपसी मतभेदों और व्यवहार को लेकर तनाव बढ़ता गया. आखिरकार इंदिरा गांधी ने मेनका के सामने दो विकल्प रखे- या तो वह अपना व्यवहार बदलें या फिर घर छोड़कर चली जाएं. इसके बाद मेनका ने गांधी परिवार का घर छोड़ दिया.

18 साल की उम्र में बनी थीं ‘छोटी बहू’

सोनिया गांधी ने लिखा है कि संजय गांधी की मुलाकात मेनका से 1973 के आखिर में हुई थी. उस वक्त मेनका काफी चंचल और बातूनी स्वभाव की थीं. वह संजय से करीब 10 साल छोटी थीं. दोनों की मुलाकात के एक साल के भीतर शादी हो गई और महज 18 साल की उम्र में मेनका गांधी परिवार की ‘छोटी बहू’ बनकर घर आ गईं.

सोनिया के मुताबिक, शुरुआत में उनके और मेनका के रिश्ते काफी अच्छे थे. उन्हें मेनका की बातें सुनना पसंद था. मेनका अपने दोस्तों और किताबों के बारे में उनसे चर्चा करती थीं. सोनिया बताती हैं कि उनकी बेटी प्रियंका भी अक्सर मेनका के कमरे में जाती थीं और अपनी चाची से कहानियां सुनती थीं.

हालांकि, धीरे-धीरे दोनों के रिश्तों में दूरी आने लगी. सोनिया ने लिखा कि परिवार में उन्हें ‘बहुरानी’ और मेनका को ‘छोटी बहू’ कहा जाता था. सोनिया के मुताबिक, वह दोनों को परिवार का बराबर सदस्य मानती थीं, लेकिन संभव है कि मेनका को यह संबोधन अपने और सोनिया के बीच फर्क करने जैसा लगता हो.

संजय और मेनका के झगड़ों से बढ़ने लगी थी तल्खी

सोनिया ने अपनी किताब में दावा किया है कि समय के साथ संजय और मेनका के बीच भी बहस बढ़ने लगी थी. उनके मुताबिक, कई बार दोनों के बीच झगड़े इतने तीखे हो जाते थे कि मेनका इंदिरा गांधी के सामने भी अपशब्दों का इस्तेमाल करती थीं.

सोनिया के अनुसार, जब मेनका संजय के साथ राजनीतिक कार्यक्रमों में जाने लगीं, तो उन्हें परिवार में ज्यादा सहजता महसूस होने लगी थी. हालांकि, सोनिया का दावा है कि मेनका का प्रभाव संजय और उनके बड़े भाई राजीव गांधी के रिश्तों पर भी पड़ने लगा था.

मेनका की राजनीतिक महत्वाकांक्षा की चिंता?

सोनिया गांधी ने लिखा है कि मार्च 1977 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद इंदिरा गांधी और संजय गांधी दोनों अपनी सीटें हार गए थे. इसके बाद संजय गांधी के बयानों और राजनीतिक गतिविधियों को लेकर परिवार में तनाव बढ़ने लगा.

संजय ने कुछ इंटरव्यू में नौकरशाही की देरी और सरकार के कामकाज को इस हार का कारण बताया था. हालांकि सोनिया के मुताबिक, इंदिरा गांधी को लगता था कि मेनका संजय को राजनीतिक गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित कर रही हैं, जबकि उन्हें ऐसा करने से रोकना चाहिए था.

सोनिया ने अपनी किताब में दावा किया है कि इंदिरा गांधी ने तत्कालीन कैबिनेट सचिव पीएन धर से मेनका के बारे में कहा था, ‘उसके अभी से पर निकलने लगे हैं.’

परिवार के भीतर तनाव तब और बढ़ गया, जब 1978 में पार्टी के खराब चुनावी प्रदर्शन के लिए राजीव गांधी ने संजय के फैसलों को जिम्मेदार ठहराया. सोनिया के मुताबिक, एक पारिवारिक चर्चा के दौरान राजीव ने अपने भाई से कहा था, ‘मैं तुम्हें माफ नहीं कर सकता, संजय. तुमने मां को इस हालत में पहुंचा दिया है.’

सोनिया ने यह आरोप भी लगाया है कि मेनका कुछ पत्रकारों के जरिए उनके और राजीव गांधी के बारे में कहानियां फैलाती थीं. इनमें यह दावा भी शामिल था कि चुनावी हार के बाद दोनों देश छोड़कर जाने की योजना बना रहे थे.

संजय गांधी की मौत के बाद और बिगड़े हालात

23 जून 1980 को विमान हादसे में संजय गांधी की मौत के बाद परिवार के भीतर तनाव का एक नया दौर शुरू हुआ. सोनिया के मुताबिक, मेनका के समर्थक चाहते थे कि उन्हें कोई राजनीतिक जिम्मेदारी दी जाए, लेकिन इंदिरा गांधी इसके पक्ष में नहीं थीं.

सोनिया ने लिखा कि इंदिरा गांधी की नजर में मेनका उस समय महज 23 साल की थीं और किसी बड़ी राजनीतिक जिम्मेदारी के लिए उनके पास पर्याप्त अनुभव नहीं था. इसके अलावा उनका तीन महीने का बेटा वरुण भी था, जिसकी देखभाल जरूरी थी.

मार्च 1981 में मेनका ने अपने बेटे फिरोज वरुण गांधी का पहला जन्मदिन वसुंधरा राजे के घर पर मनाया. सोनिया ने वसुंधरा राजे को आरएसएस की प्रबल समर्थक और इंदिरा गांधी की राजनीतिक विरोधी बताया है.

इसके बाद मेनका ने इंदिरा गांधी की गैरमौजूदगी में अपना सामान घर से बाहर ले जाना शुरू कर दिया. उस समय इंदिरा गांधी लंदन में थीं. सोनिया के मुताबिक, लौटने के बाद इंदिरा ने मेनका से साफ कह दिया कि या तो वह अपना व्यवहार बदलें या फिर घर छोड़कर चली जाएं.

घर छोड़ने के बाद विवाद बना ‘रियलिटी शो’

सोनिया ने दावा किया है कि इंदिरा गांधी के सामने मेनका ने अपनी सास पर कई आरोप लगाए थे और घर छोड़ने की तैयारी उन्होंने पहले से ही एक पत्रकार मित्र के साथ कर रखी थी. इस टकराव के वक्त सोनिया और राजीव गांधी वहां मौजूद नहीं थे, लेकिन बाद में उन्हें भी इस विवाद के लिए जिम्मेदार ठहराया गया.

सोनिया ने लिखा कि घर के भीतर शुरू हुआ यह विवाद जल्द ही सार्वजनिक तमाशे में बदल गया. उन्होंने इसे ‘रियलिटी शो’ जैसा बताया.

इसके बाद गांधी परिवार और मेनका के बीच उनके बेटे वरुण गांधी से मिलने के अधिकार को लेकर कानूनी विवाद भी चला. सोनिया के मुताबिक, बाद के वर्षों में परिवार के बीच यह खींचतान और गहरी होती गई.



Source link