Last Updated:
Bridal Glow Tips: शादी से पहले चेहरे पर नेचुरल ग्लो पाने के लिए अपनाएं आसान स्किन केयर टिप्स. जानें मुंहासों से बचने, त्वचा को साफ रखने और ब्राइडल ग्लो पाने का सही तरीका. मेदिनीनगर की ब्यूटी एक्सपर्ट प्रति चंद्रा ने इसके लिए कई जरूरी सुझाव दिए हैं.
Bridal Glow Tips: शादी हर लड़की के जीवन का बेहद खास पल होता है. इस दिन खूबसूरत दिखने के लिए होने वाली दुल्हन महीनों पहले से तैयारियां शुरू कर देती हैं. मेकअप, ज्वैलरी और शादी के कपड़ों के साथ स्किन केयर और फिटनेस पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है. लेकिन कई बार शादी की तैयारियों और बढ़ते तनाव के बीच चेहरे पर मुंहासे, एक्ने और दाग-धब्बों की समस्या होने लगती है. इससे चेहरे की प्राकृतिक चमक फीकी पड़ सकती है. ऐसे में अगर आपकी भी शादी होने वाली है और आप बिना ज्यादा मेकअप के चेहरे पर नेचुरल ग्लो चाहती हैं, तो कुछ आसान बातों का ध्यान रखना जरूरी है.
पोषण और हाइड्रेशन का रखें विशेष ध्यान
ब्यूटी एक्सपर्ट प्रीति ने बताया कि शादी से पहले वजन कम करने के चक्कर में खानपान से समझौता बिल्कुल न करें. पर्याप्त पोषण न मिलने से इसका असर त्वचा पर भी पड़ सकता है. रोजाना पर्याप्त पानी पिएं और डाइट में फल, हरी सब्जियां और पौष्टिक चीजें शामिल करें. नारियल पानी भी शरीर में पानी की कमी पूरी करने में मदद कर सकता है. पर्याप्त नींद लेना और तनाव से दूर रहना भी त्वचा को स्वस्थ रखने के लिए जरूरी है.
बेसन और दूध से करें त्वचा की देखभाल
आगे कहा कि मेदिनीनगर की ब्यूटी एक्सपर्ट प्रति चंद्रा के अनुसार, होने वाली दुल्हन चेहरे की देखभाल के लिए बेसन और दूध का इस्तेमाल कर सकती हैं. दोनों को मिलाकर हल्का पेस्ट तैयार करें और चेहरे पर लगाएं. हालांकि, इसे जोर-जोर से रगड़ने के बजाय कुछ देर लगाकर रखें और फिर सादे पानी से धो लें. इसके अलावा बेसन और दही का पेस्ट भी लगाया जा सकता है. एलोवेरा जेल त्वचा को नमी देने में मदद करता है. किसी भी घरेलू उपाय को अपनाने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें.
सनस्क्रीन लगाना न भूलें
उन्होंने बताया कि धूप में निकलने से टैनिंग और त्वचा पर दाग-धब्बों की समस्या हो सकती है. ऐसे में घर से बाहर निकलने से पहले SPF 30 या इससे अधिक ब्रॉड स्पेक्ट्रम सनस्क्रीन लगाएं. धूप में अधिक समय रहने पर इसे दोबारा लगाएं. चेहरे की सफाई के लिए हल्के क्लींजर और त्वचा के अनुसार मॉइस्चराइजर का इस्तेमाल करें. बाहर से लौटने के बाद चेहरे को अच्छी तरह साफ करना भी जरूरी है.
शादी से चार सप्ताह पहले बनाएं स्किन केयर कैलेंडर
आगे कहा की शादी के मुख्य दिन के बजाय मेहंदी, संगीत या हल्दी जैसे पहले फंक्शन से अपनी स्किन केयर की तैयारी शुरू करें. कम से कम चार सप्ताह पहले एक नियमित रूटीन बनाएं. इसमें क्लींजर, मॉइस्चराइजर, सीरम और सनस्क्रीन को शामिल किया जा सकता है. शादी के नजदीक आते ही नए ब्यूटी प्रोडक्ट्स इस्तेमाल करने से बचें, क्योंकि इनसे एलर्जी या रिएक्शन हो सकता है.
शादी से ठीक पहले न करें नए प्रयोग
उन्होंने कहा कि शादी के अंतिम सप्ताह में पहली बार फेशियल, ब्लीच, वैक्सिंग या किसी नए स्किन ट्रीटमेंट का प्रयोग न करें. पहले से फेशियल करवाती रही हैं तो विशेषज्ञ की सलाह से सामान्य हाइड्रेटिंग क्लीन-अप करवा सकती हैं. किसी भी नए उत्पाद को शादी से ठीक पहले आजमाना नुकसानदायक हो सकता है. यदि चेहरे पर एक्ने या मुंहासों की समस्या है तो खुद से तेज स्क्रब या रेटिनॉइड जैसे उत्पाद इस्तेमाल करने के बजाय त्वचा विशेषज्ञ की सलाह लें. इन छोटी-छोटी सावधानियों को अपनाकर होने वाली दुल्हन शादी के खास दिन अपनी त्वचा को स्वस्थ, हाइड्रेटेड और खूबसूरत बनाए रख सकती हैं.