सात समंदर पार मैं तेरे पीछे-पीछे आ गया… यह गाना आपने कई बार सुना होगा. हो सकता हो इस पर आपने कमर भी लचकाई हो. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि ये सात समंदर कौन से हैं? आम बोलचाल में हम ‘महासागर’, ‘सागर’ और ‘खाड़ी’ सबको एक ही मान लेते हैं, लेकिन भूगोल की नजर में इनके बीच जमीन-आसमान का अंतर है. दरअसल, धरती पर पानी के विशाल विस्तार को समझने के लिए महासागर (Ocean), सागर (Sea), खाड़ी (Gulf) और बे (Bay) जैसी अलग-अलग कैटिगरी बनाई गई हैं. इनके आकार, गहराई और जमीन से घिरे होने की स्थिति के आधार पर इनके नाम तय होते हैं.
दुनिया में सात समंदर होने की बात कहां से आई?
सबसे पहले यह समझिए कि दुनिया में सात समंदर होने की बात कोई पक्का भौगोलिक नियम नहीं है. ‘Seven Seas’ यानी सात समंदर एक पुरानी ऐतिहासिक और साहित्यिक अभिव्यक्ति है. अलग-अलग सभ्यताओं और दौर में इसके मायने बदलते रहे हैं. अमेरिका की लाइब्रेरी ऑफ कांग्रेस के मुताबिक प्राचीन सभ्यताओं में सात समंदर की अलग-अलग लिस्ट चलन में थीं.
प्राचीन यूनानी परंपरा में एजियन, एड्रियाटिक, भूमध्यसागर, काला सागर, लाल सागर और कैस्पियन सागर के साथ फारस की खाड़ी को शामिल किया जाता था. मध्यकालीन यूरोप में इसकी सूची बदल गई. आज सात समंदर को समझने का एक आधुनिक तरीका भी है. अमेरिकी समुद्री प्रशासन NOAA के मुताबिक इन्हें सात महासागरीय क्षेत्रों के रूप में देखा जा सकता है.
- आर्कटिक महासागर उत्तरी ध्रुव के आसपास
- उत्तरी अटलांटिक यूरोप-अफ्रीका और उत्तरी अमेरिका के बीच
- दक्षिणी अटलांटिक दक्षिण अमेरिका और अफ्रीका के बीच
- उत्तरी प्रशांत एशिया और उत्तरी अमेरिका के बीच
- दक्षिणी प्रशांत ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अमेरिका और आसपास का क्षेत्र
- हिंद महासागर एशिया, अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच
- दक्षिणी महासागर अंटार्कटिका के आसपास
सबसे अहम बात यह है कि ये सात अलग-अलग महासागर नहीं हैं, बल्कि पांच महासागरों को सात क्षेत्रों में बांटकर समझने का एक तरीका है.
फिर दुनिया में कितने महासागर हैं?
भूगोल की आधुनिक मान्यता के अनुसार दुनिया में पांच प्रमुख महासागर हैं. धरती पर खारे पानी का सबसे विशाल और बड़ा क्षेत्र महासागर कहलाता है. महासागर पृथ्वी की सतह के करीब 71 फीसदी हिस्से में फैले हुए हैं. दुनिया के लगभग 97 फीसदी पानी का भंडार भी महासागरों में है. अमेरिकी राष्ट्रीय समुद्री एवं वायुमंडलीय प्रशासन (NOAA) के मुताबिक पूरी दुनिया में वास्तव में एक ही महासागर है. भौगोलिक सुविधा और पहचान के लिए इसे अलग-अलग नाम वाले महासागरों में बांटा गया है.
- प्रशांत महासागर (Pacific Ocean): यह दुनिया का सबसे बड़ा और सबसे गहरा महासागर है. एशिया और ऑस्ट्रेलिया के एक ओर तथा उत्तरी और दक्षिणी अमेरिका के दूसरी ओर फैला है. मारियाना ट्रेंच इसी महासागर में है.
- अटलांटिक महासागर (Atlantic Ocean): यह दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा महासागर है. इसके एक ओर यूरोप और अफ्रीका तथा दूसरी ओर उत्तर और दक्षिण अमेरिका हैं. अंतरराष्ट्रीय व्यापार और समुद्री परिवहन में इसकी बड़ी भूमिका है.
- हिंद महासागर (Indian Ocean): भारत के नाम पर पहचाना जाने वाला यह महासागर एशिया, अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच फैला है. अरब सागर और बंगाल की खाड़ी इसी महासागर के हिस्से हैं. भारत के समुद्री व्यापार और सामरिक सुरक्षा के लिहाज से यह बेहद महत्वपूर्ण है.
- आर्कटिक महासागर (Arctic Ocean): यह उत्तरी ध्रुव के आसपास स्थित है. इसके बड़े हिस्से पर साल के अलग-अलग समय में समुद्री बर्फ रहती है. क्षेत्रफल के लिहाज से यह पांचों महासागरों में सबसे छोटा है.
- दक्षिणी महासागर (Southern Ocean): यह अंटार्कटिका महाद्वीप के चारों ओर फैला है. इसे अंटार्कटिक महासागर भी कहा जाता है. यहां ठंडे पानी और तेज समुद्री धाराओं का खासतौर पर महत्व है.
सागर किसे कहते हैं? महासागर से कितना अलग होता है?
अब आते हैं उस सवाल पर जिसे लेकर अक्सर भ्रम रहता है. सागर और महासागर में क्या अंतर है? भौगोलिक रूप से समुद्र की बात करें तो यह महासागर का ही एक छोटा हिस्सा होता है. आमतौर पर यह महासागर के किनारे स्थित होता है और इसके तीन ओर या कुछ हिस्सों में जमीन होती है. यानी सागर जमीन से आंशिक रूप से घिरा हुआ खारे पानी का बड़ा क्षेत्र होता है. उदाहरण के लिए अरब सागर हिंद महासागर का हिस्सा है. इसी तरह भूमध्यसागर अटलांटिक महासागर से जुड़ा है. सागर के उदाहरण देख लेते हैं.
- अरब सागर (Arabian Sea): हिंद महासागर का हिस्सा. भारत के पश्चिम में स्थित है. भारत, पाकिस्तान, ईरान, ओमान और अरब प्रायद्वीप के आसपास फैला है.
- भूमध्यसागर (Mediterranean Sea): यूरोप, एशिया और अफ्रीका के बीच स्थित है. जिब्राल्टर जलडमरूमध्य के जरिए अटलांटिक महासागर से जुड़ता है.
- लाल सागर (Red Sea): अफ्रीका और एशिया के बीच स्थित है. स्वेज नहर और भूमध्यसागर के रास्ते इसका समुद्री व्यापार से संबंध है.
- काला सागर (Black Sea): यूरोप और पश्चिमी एशिया के बीच स्थित है. तुर्किये, बुल्गारिया, रोमानिया, यूक्रेन, रूस और जॉर्जिया इसके तटीय देश हैं.
- कैरेबियन सागर (Caribbean Sea): अटलांटिक महासागर का हिस्सा है. मध्य अमेरिका और कैरेबियन द्वीपों के बीच फैला है.
इसके अलावा जापान सागर, बेरिंग सागर, दक्षिण चीन सागर, एजियन सागर और बाल्टिक सागर भी दुनिया के प्रमुख सागरों में शामिल हैं.
खाड़ी किसे कहते हैं?
खाड़ी समुद्र या महासागर के पानी का वह हिस्सा है जो जमीन के अंदर की ओर काफी दूर तक प्रवेश कर जाता है. यानी समुद्र का पानी जब तटरेखा के बीच से जमीन की तरफ अंदर तक फैलता है, तो उस क्षेत्र को खाड़ी कहा जाता है. आमतौर पर खाड़ी का आकार बड़ा होता है और वह आसपास की जमीन से अपेक्षाकृत ज्यादा घिरी होती है. कई खाड़ियों का समुद्र से जुड़ने वाला मुहाना संकरा होता है. हालांकि, हर खाड़ी का आकार ऐसा ही हो, यह जरूरी नहीं है.
दुनिया की कुछ प्रमुख खाड़ियां:
- फारस की खाड़ी (Persian Gulf): ईरान और अरब प्रायद्वीप के बीच स्थित है. इसके आसपास सऊदी अरब, कुवैत, बहरीन, कतर, संयुक्त अरब अमीरात, इराक और ईरान जैसे देश हैं. तेल और गैस के भंडार तथा अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा व्यापार के कारण इसका बहुत महत्व है.
- मैक्सिको की खाड़ी (Gulf of Mexico): अमेरिका, मैक्सिको और क्यूबा के बीच स्थित है. यह दुनिया की सबसे बड़ी खाड़ियों में शामिल है.
- अदन की खाड़ी (Gulf of Aden): अरब प्रायद्वीप और अफ्रीका के हॉर्न क्षेत्र के बीच स्थित है. यह अरब सागर को लाल सागर से जोड़ने वाले समुद्री रास्ते का महत्वपूर्ण हिस्सा है.
- कैलिफोर्निया की खाड़ी (Gulf of California): मैक्सिको की मुख्य भूमि और बाजा कैलिफोर्निया प्रायद्वीप के बीच स्थित है.
- कच्छ की खाड़ी (Gulf of Kutch): भारत के गुजरात में स्थित है. यह अरब सागर का हिस्सा है.
- खंभात की खाड़ी (Gulf of Khambhat): गुजरात के तट पर स्थित है. नर्मदा, ताप्ती, माही और साबरमती जैसी नदियां इस क्षेत्र में समुद्र से मिलती हैं.
बे (Bay) क्या होता है?
खाड़ी के ही एक अलग प्रकार को भूगोल में अलग टर्म दे दिया गया है. इसको Bay कहा जाता है. यह भी समुद्र या महासागर के पानी का ऐसा हिस्सा है, जो जमीन के अंदर की ओर फैला होता है. लेकिन आमतौर पर इसका मुहाना खाड़ी की तुलना में ज्यादा चौड़ा और जमीन से घिरा हिस्सा अपेक्षाकृत कम होता है. आसान भाषा में समझें तो जब किसी समुद्र या महासागर का पानी तटरेखा के अंदर की ओर मुड़कर एक बड़ा जलक्षेत्र बना लेता है. आमतौर पर बे, खाड़ी की तुलना में कम घिरी हुई और उसका मुहाना ज्यादा चौड़ा होता है. लेकिन इनके नामकरण में हमेशा इस नियम का पालन नहीं हुआ है.
- बंगाल की खाड़ी (Bay of Bengal): यह दुनिया का सबसे बड़ा बे यानी उपसागर है. इसके पश्चिम में भारत और श्रीलंका, उत्तर में बांग्लादेश तथा पूर्व में म्यांमार और अंडमान-निकोबार क्षेत्र हैं. यह हिंद महासागर का हिस्सा है.
- हडसन की खाड़ी (Hudson Bay): कनाडा में स्थित यह विशाल जलक्षेत्र है. इसके आसपास कनाडा के कई प्रांत और क्षेत्र हैं. यह आकार में बहुत बड़ी है.
- चेसापीक खाड़ी (Chesapeake Bay): अमेरिका में मैरीलैंड और वर्जीनिया के आसपास स्थित है. यह समुद्री जीवों और मत्स्य संसाधनों के लिहाज से महत्वपूर्ण है.
- सैन फ्रांसिस्को खाड़ी (San Francisco Bay): अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य में स्थित है. सैन फ्रांसिस्को शहर इसी खाड़ी के आसपास बसा है.
- मन्नार की खाड़ी (Gulf of Mannar): भारत और श्रीलंका के बीच स्थित है. इसके नाम में Gulf है, इसलिए इसे खाड़ी कहा जाता है, बे नहीं.