पटना. बिहार के मोकामा से जेडीयू विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी इन दिनों खूब चर्चा में है. 25 नवंबर को होने वाली इस शादी को यादगार बनाने के लिए परिवार की ओर से भव्य तैयारियां की जा रही हैं. शादी में मेहमानों के स्वागत से लेकर खानपान और मनोरंजन तक, हर इंतजाम खास है. लेकिन इन सबके बीच सबसे ज्यादा चर्चा अनंत सिंह की ओर से होने वाले दामाद को दिए जाने वाले महंगे तोहफे की हो रही है. बताया जा रहा है कि अनंत सिंह अपने दामाद ऋषिकेश कुमार को करीब 3 करोड़ रुपये कीमत की लग्जरी लैंड रोवर डिफेंडर (Land Rover Defender) गिफ्ट करेंगे.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अनंत सिंह के होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार के लिए खरीदी गई लैंड रोवर डिफेंडर पटना पहुंच चुकी है. यह गाड़ी अनंत सिंह के आवास पर खड़ी बताई जा रही है. ऋषिकेश कुमार मूल रूप से पटना से सटे बिहटा के रहने वाले हैं और अमेरिका में रहते हैं. शादी के मौके पर उन्हें यह लग्जरी एसयूवी उपहार में दी जाएगी. हालांकि, गाड़ी के सटीक मॉडल और वैरिएंट की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
बता दें, लैंड रोवर डिफेंडर देश की महंगी और प्रीमियम एसयूवी में शुमार है. इसकी खासियत दमदार इंजन, 4X4 ड्राइव सिस्टम, शानदार ऑफ रोडिंग क्षमता और लग्जरी इंटीरियर है. मॉडल और वैरिएंट के हिसाब से इसकी कीमत में अंतर होता है.
छोटे बेटे को भी BMW देने की चर्चा
बेटी की शादी के साथ अनंत सिंह के परिवार में एक और आयोजन की तैयारी है. बताया जा रहा है कि छोटे बेटे अभिनव सिंह का जनेऊ संस्कार भी इसी दौरान होगा. इस मौके पर उन्हें BMW कार उपहार में देने की चर्चा है. इस तरह बेटी की शादी और बेटे के जनेऊ संस्कार को लेकर परिवार में दोहरी खुशियों का माहौल है.
10 बीघा में बन रहा भव्य पंडाल, 4 लाख लोगों के खाने का इंतजाम
अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी 25 नवंबर को उनके पैतृक गांव लदमा में होनी है. शादी के लिए करीब 10 बीघा जमीन पर विशाल पंडाल तैयार कराया जा रहा है. इसके लिए उत्तर प्रदेश के मऊ से कारीगरों को बुलाया गया है. जयमाला के लिए भव्य मंच तैयार किया जा रहा है. वहीं, मेहमानों के लिए करीब 150 तरह के व्यंजन तैयार करने की चर्चा है. बताया जा रहा है कि शादी में आने वाले करीब 4 लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था की जा रही है.
घुड़दौड़ के विजेता को मिलेगी थार
शादी समारोह में घुड़दौड़ प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र होगी. इसके विजेता को महिंद्रा थार देने की तैयारी है. वहीं, दूसरे स्थान पर रहने वाले प्रतिभागी को बाइक और तीसरे स्थान पर रहने वाले को स्कूटर देने की चर्चा है. प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए बिहार के अलावा दूसरे राज्यों से भी घोड़े बुलाए जा रहे हैं.
पीएम मोदी से लेकर नीतीश-लालू तक को न्योता
अनंत सिंह की बेटी की शादी में राजनीतिक और फिल्मी जगत की कई बड़ी हस्तियों को आमंत्रित करने की तैयारी है. अनंत सिंह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव समेत कई नेताओं को निमंत्रण भेजने की बात कह चुके हैं. इसके अलावा भोजपुरी और बॉलीवुड जगत की हस्तियों को भी बुलाया जा रहा है. ऐसे में महंगे उपहारों से लेकर भव्य आयोजन तक, अनंत सिंह की बेटी की शादी बिहार में चर्चा का बड़ा विषय बनी हुई है.