झुंझुनूं: जिंदगी के 100 साल देख चुके गणितज्ञ और समाजसेवी डॉ. घासीराम वर्मा के अनुभवों में एक पूरी सदी का इतिहास समाया है. उन्होंने समाज को बदलते देखा है, पीढ़ियों को आगे बढ़ते देखा है और समय के साथ बदलती सोच को भी महसूस किया है, लेकिन उनके अनुसार, पिछले 100 वर्षों में समाज में सबसे बड़ा और सुखद बदलाव बेटियों की शिक्षा के रूप में सामने आया है. कभी जिन परिवारों में बेटियों की पढ़ाई को प्राथमिकता नहीं मिलती थी, आज उन्हीं परिवारों की बेटियां शिक्षा, प्रशासन, राजनीति, चिकित्सा और अध्यापन सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही हैं. इससे न केवल महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ा है, बल्कि परिवारों की आर्थिक स्थिति और सामाजिक प्रतिष्ठा में भी बदलाव आया है.
जीवन का शतक पूरा कर चुके डॉ. वर्मा का मानना है कि अब शिक्षा के पुराने तौर-तरीकों को बदलने का समय आ गया है. बेटियों को केवल पारंपरिक डिग्रियां दिलाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें तकनीक, कौशल और स्वरोजगार से जोड़ना जरूरी है. वे कहते हैं कि बेटियों में स्वाभाविक समझ और प्रतिभा होती है. जरूरत है तो उन्हें सही अवसर और प्रशिक्षण देने की। बेटियां हुनरमंद बनेंगी तो केवल नौकरी तलाशने वाली नहीं रहेंगी, बल्कि अपने स्टार्टअप और कारोबार के जरिए दूसरों को भी रोजगार देने में सक्षम होंगी.
एक सदी का अनुभव, बेटियों की शिक्षा को मानते हैं सबसे बड़ा बदलाव
डॉ. घासीराम वर्मा कहते हैं कि सामाजिक बदलाव एक दिन में दिखाई नहीं देता. उसका वास्तविक असर तब समझ आता है, जब हम पीछे मुड़कर बीते समय को देखते हैं. पहले बेटियों की शिक्षा को लेकर परिवारों में कई तरह की सीमाएं थीं, लेकिन आज तस्वीर बदल रही है. बेटियां पढ़-लिखकर अपने परिवार का सहारा बन रही हैं। शिक्षा ने उन्हें आत्मनिर्भरता के साथ समाज में बराबरी का सम्मान भी दिलाया है. उनके अनुसार, जब एक बेटा पढ़ता है तो एक व्यक्ति शिक्षित होता है, लेकिन जब एक बेटी शिक्षित होती है तो पूरा परिवार शिक्षित होता है. एक शिक्षित मां अपने बच्चों को बेहतर संस्कार और शिक्षा देकर आने वाली पीढ़ी का भविष्य संवारती है. यही कारण है कि बेटियों की शिक्षा पर किया गया निवेश केवल एक व्यक्ति के जीवन को नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को बदलने की क्षमता रखता है.
12 करोड़ रुपए से ज्यादा की मदद, 28 छात्रावासों और 22 शिक्षण संस्थानों तक पहुंचाया सहयोग
डॉ. घासीराम वर्मा का जीवन समाज से जो मिला, उसे समाज को लौटाने के सिद्धांत पर आगे बढ़ा है. उन्होंने बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए अब तक 12 करोड़ रुपए से अधिक की राशि का सहयोग किया है. प्रदेशभर में संचालित 28 बालिका छात्रावासों और देशभर के 22 स्कूल-कॉलेजों को विभिन्न रूपों में सहायता दी है. महर्षि दयानंद बालिका छात्रावास सहित कई शिक्षण संस्थानों के भवन निर्माण में भी उनका योगदान रहा है. इसके अलावा उन्होंने 18 चैरिटेबल ट्रस्टों को सहयोग दिया है. मेधावी छात्राओं को छात्रवृत्तियां देकर उनकी पढ़ाई जारी रखने में मदद की है. साहित्यकारों को पुरस्कार देकर सम्मानित करने का काम भी किया है. उनके लिए समाजसेवा केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद के जीवन में आगे बढ़ने का अवसर पैदा करना है.
रहने का मकान भी समाजसेवा समिति को किया समर्पित
डॉ. वर्मा की समाजसेवा का दायरा केवल दान और छात्रवृत्ति तक सीमित नहीं है. नगर परिषद के सामने गली में स्थित जिस मकान में वे रह रहे हैं, उसे भी उन्होंने डॉ. घासीराम समाज सेवा समिति को समर्पित कर दिया है. उनका जीवन इस विचार का उदाहरण है कि संपत्ति का वास्तविक महत्व तभी है, जब उसका उपयोग समाज के हित में हो सके. वे मानते हैं कि व्यक्ति को अपनी जरूरतों के लिए कमाना चाहिए, लेकिन अपनी कमाई का एक हिस्सा समाज के जरूरतमंद लोगों और शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण कार्यों के लिए जरूर देना चाहिए. उनके अनुसार, दूसरों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने से जो संतोष मिलता है, वह किसी व्यक्तिगत उपलब्धि से कम नहीं है.
अब किताबी ज्ञान के साथ तकनीक, स्किल और स्टार्टअप पर जोर देने की जरूरत
100 साल के अनुभव के बाद डॉ. वर्मा का सबसे बड़ा संदेश शिक्षा व्यवस्था को लेकर है. उनका मानना है कि अब समय केवल पारंपरिक पढ़ाई और डिग्रियों तक सीमित रहने का नहीं है. बेटियों को कोडिंग, तकनीकी प्रशिक्षण, आधुनिक कौशल और उद्यमिता से जोड़ना होगा. उन्हें ऐसा हुनर देना होगा, जिससे वे अपने पैरों पर खड़ी हो सकें और स्वयं रोजगार के अवसर पैदा कर सकें. उनके अनुसार, आज की बेटियों में किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ने की क्षमता है. यदि उन्हें सही मार्गदर्शन, संसाधन और अवसर मिलें तो वे छोटे उद्योगों से लेकर बड़े स्टार्टअप तक स्थापित कर सकती हैं. इससे परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और देश की अर्थव्यवस्था को भी नई ताकत मिलेगी.
छात्रवृत्ति ने किसान की बेटी को बनाया विश्वविद्यालय में वित्त नियंत्रक
डॉ. घासीराम वर्मा की ओर से बालिका शिक्षा के लिए किए गए सहयोग का असर उन बेटियों की जिंदगी में साफ दिखाई देता है, जिन्हें आर्थिक परिस्थितियों के कारण आगे की पढ़ाई में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा. जिले की पूर्व कोषाधिकारी मंजू चाहर इसका उदाहरण हैं. साधारण किसान परिवार से आने वाली मंजू के सामने उच्च शिक्षा के लिए बड़े शहर में जाने की आर्थिक चुनौती थी. ऐसे में उन्होंने महर्षि दयानंद कॉलेज में प्रवेश लेकर अपनी पढ़ाई पूरी की. डॉ. घासीराम वर्मा सेवा समिति की छात्रवृत्ति से उन्हें आगे बढ़ने का हौसला मिला. इसके बाद उन्होंने राजस्थान विश्वविद्यालय से एमएससी और एलएलबी की डिग्री हासिल की तथा प्रतियोगी परीक्षा पास कर सरकारी सेवा में स्थान बनाया. वे राजस्थान विश्वविद्यालय में कंट्रोलर फाइनेंस के पद पर कार्यरत हैं. मंजू की सफलता बताती है कि किसी जरूरतमंद बेटी को समय पर मिली आर्थिक मदद किस तरह उसके जीवन की दिशा बदल सकती है. छात्रवृत्ति केवल फीस भरने का माध्यम नहीं होती, बल्कि किसी बेटी के सपनों को उड़ान देने का जरिया भी बन सकती है.
100 साल की जिंदगी की तीन बड़ी सीख
डॉ. घासीराम वर्मा अपने जीवन के अनुभवों से तीन महत्वपूर्ण संदेश देते हैं. पहला, एक बेटी शिक्षित होती है तो पूरा परिवार शिक्षित होता है. दूसरा, बेटियों को समान अवसर और आधुनिक कौशल देकर आत्मनिर्भर बनाना जरूरी है. तीसरा, व्यक्ति जितना समाज से प्राप्त करता है, उसमें से कुछ हिस्सा समाज को लौटाना भी चाहिए. एक सदी का सफर पूरा करने के बाद भी डॉ. वर्मा की सोच भविष्य की पीढ़ियों पर केंद्रित है. उन्होंने अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा बेटियों की शिक्षा और समाजसेवा में लगाया. अब उनकी चिंता है कि आने वाली पीढ़ी की बेटियां केवल डिग्रियां लेकर नौकरी तलाशने तक सीमित न रहें, बल्कि अपने हुनर और उद्यमशीलता से रोजगार देने वाली बनें. यही उनके 100 वर्षों के अनुभव का सार और समाज के नाम सबसे बड़ा संदेश है.