MCD की पूर्व मेयर शैली ओबेरॉय को हुआ चेस्ट कंजेशन, अस्पताल में भर्ती, बीजेपी से पूछा, आखिर कब तक?

MCD की पूर्व मेयर शैली ओबेरॉय को हुआ चेस्ट कंजेशन, अस्पताल में भर्ती, बीजेपी से पूछा, आखिर कब तक?


दिल्ली नगर निगम की पूर्व मेयर और आम आदमी पार्टी की नेता शैली ओबेरॉय को चेस्ट कंजेशन के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया है. शैली को सांस लेने में हुई परेशानी के बाद अस्पताल ले जाया गया. बीमार होने के बाद शैली ने एक्स पर एक पोस्ट की है, जिसमें वे अस्पताल के बेड पर ऑक्सीजन मास्क पहने और कैनुला लगाकर बैठी हैं. उन्होंने बीजेपी पर प्रदूषण के लिए कोई इंतजाम न करने के आरोप लगाते हुए सवाल पूछे हैं.

शैली ने अपने पोस्ट में दिल्ली का लाइव एक्यूआई पोस्ट करते हुए X पर हॉस्पिटल की तस्वीर शेयर की है और प्रदूषण को लेकर बीजेपी पर हमला बोला है. उन्होंने कहा, ‘दिल्ली की हवा में जहर घुल चुका है. AQI खतरनाक स्तर पर पहुंच चुका है और हर सांस के साथ लोगों की सेहत पर खतरा बढ़ रहा है. आखिर दिल्ली की जनता कब तक इस जहरीली हवा में सांस लेने को मजबूर रहेगी?’

शैली ने आगे कहा, ‘BJP सरकार को जवाब देना होगा. सिर्फ बयानबाजी नहीं, प्रदूषण पर ठोस कार्रवाई की चाहिए.’

बता दें कि डॉ. शैली को चेस्ट कंजेशन की परेशानी के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

शैली ने कहा कि दिल्ली को साफ हवा चाहिए, खोखले दावे नहीं! उन्होंने अपनी तस्वीर को लगाते हुए पूछा कि सोचो बच्चों और बुजुर्गों का क्या हाल हो रहा होगा!

द‍िल्‍ली में हुआ प्रदूषण का महाव‍िस्‍फोट 

गौरतलब है क‍ि दीपावली की अगली सुबह द‍िल्‍ली-एनसीआर में प्रदूषण का महाविस्फोट हो गया है. दिल्ली के अपने इलाके हों या एनसीआर के नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद, गुरुग्राम, सभी शहरों और इलाकों की हवा खराब, बेहद खराब या गंभीर और खतरनाक स्‍तर पर पहुंच गई है. दिल्ली-एनसीआर में ऐसी कोई भी जगह नहीं बची है, जहां साफ वातावरण में सांस ली जा सके.

आज 9 नवंबर को दिल्ली की हवा बेहद खराब हो चुकी है. राजधानी का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 366 दर्ज किया गया है, जो ‘बेहद खराब’ (Very Poor) श्रेणी में है.

प्रदूषण से निपटने के लिए दिल्ली में GRAP-3 की पाबंदियां लागू की गई हैं, इसके बावजूद कई इलाकों में AQI 400 के पार पहुंच गया है. इन इलाकों की हवा ‘गंभीर’ (Severe) श्रेणी में दर्ज की गई है.

हालांक‍ि आप की शैली ने एक्‍यूआई के अलग ही आंकड़े पोस्‍ट क‍िए हैं. उन्‍होंने एक्‍यूआई डॉट इन के लाइव एक्‍यूआई का हवाला द‍िया है, ज‍िसमें एयर क्‍वाल‍िटी इंडेक्‍स 1702 द‍िखा रहा है.



Source link