Last Updated:
Bargawan Hanuman Temple:सोन नदी में 1958 में मिली हनुमानजी की प्रतिमा से बरगवांनाथ मंदिर की कहानी शुरू हुई. बैलगाड़ी के पहिए टूटने और स्वप्न के संकेत से बना यह मंदिर आज अमलाई क्षेत्र की आस्था का केंद्र है. अमलाई के बरगवां में विराजे दक्षिणमुखी हनुमानजी की प्रतिमा सोन नदी से कैसे पहुंची मंदिर तक? जानिए 1958 से जुड़ी रोचक मान्यता…
आशुतोष द्विवेदी(शहडोल),
Bargawan Hanuman Temple: अमलाई क्षेत्र के बरगवां में स्थित बरगवांनाथ हनुमान मंदिर आज श्रद्धालुओं की आस्था का बड़ा केंद्र है. इस मंदिर की शुरुआत की कहानी जितनी पुरानी है, उतनी ही रोचक भी है. स्थानीय लोग इसे पीढ़ियों से सुनते और सुनाते आ रहे हैं. मंदिर के पुजारी अविरल गौतम के मुताबिक, यह कहानी वर्ष 1958 से शुरू होती है. उस समय उनके दादा पंडित राम प्रपन्न मिश्रा को सोन नदी में हनुमानजी की एक प्रतिमा मिली थी. ग्रामीणों ने प्रतिमा को नदी से बाहर निकाला और किनारे पर ही पूजा-अर्चना शुरू कर दी. धीरे-धीरे आसपास के लोग भी इस प्रतिमा से जुड़ते चले गए.
क्या है मान्यता
स्थानीय मान्यता है कि कुछ समय बाद धिरौल के इलाकेदार इस प्रतिमा को बैलगाड़ी में रखकर ले जा रहे थे, जैसे ही गाड़ी बरगवां पहुंची. उसके पहिए अचानक टूट गए. लोगों ने इसे भगवान की इच्छा का संकेत माना. इसके बाद प्रतिमा को पास ही एक पीपल के पेड़ के नीचे स्थापित कर दिया गया और वहीं नियमित पूजा होने लगी.
कहानी में एक और मोड़ तब आया, जब पंडित राम प्रपन्न मिश्रा को रात में स्वप्न आया. मान्यता के अनुसार, स्वप्न में उन्हें उसी स्थान पर मंदिर बनवाने और नियमित पूजा शुरू कराने का संदेश मिला. इसके बाद मंदिर निर्माण शुरू हुआ और समय के साथ यह स्थान बरगवांनाथ हनुमान मंदिर के नाम से प्रसिद्ध हो गया.
कहां विराजमान दक्षिणमुखी हनुमानजी
आज यहां दक्षिणमुखी हनुमानजी विराजमान हैं. मंगलवार और शनिवार को दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. मकर संक्रांति जैसे खास अवसरों पर यहां मेला और धार्मिक आयोजन भी होते हैं. भक्त सिर्फ अमलाई से ही नहीं, आसपास के इलाकों से भी दर्शन के लिए आते हैं. बरगवांनाथ मंदिर की यह कथा सिर्फ एक मंदिर की स्थापना का किस्सा नहीं है. यह उस लोकमान्यता की कहानी है, जो पीढ़ियों से लोगों की आस्था से जुड़ी हुई है. सोन नदी में मिली एक प्रतिमा से शुरू हुआ यह सफर आज बरगवां की धार्मिक पहचान बन चुका है.