कभी बनीं बिग बॉस की कंटेस्टेंट तो कभी लॉकअप में खोले राज, संग्राम सिंह से ऐसे शुरू हुई पायल की लव स्टोरी

कभी बनीं बिग बॉस की कंटेस्टेंट तो कभी लॉकअप में खोले राज, संग्राम सिंह से ऐसे शुरू हुई पायल की लव स्टोरी


Last Updated:

बॉलीवुड की जानी मानी एक्ट्रेस पायल रोहतगी अपनी फिल्मों से ज्यादा रियलिटी शोज में अपने बेबाक अंदाज को लेकर चर्चा में रही हैं. ‘बिग बॉस’ से लेकर कंगना रनौत के शो ‘लॉकअप’ तक उन्होंने खूब सुर्खियां बटोरीं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि ग्लैमर की दुनिया में कदम रखने से पहले पायल पढ़ाई में टॉपर थीं और कंप्यूटर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुकी हैं. मॉडलिंग से शुरू हुआ उनका सफर फिल्मों, टीवी और रियलिटी शोज तक पहुंचा. जन्मदिन के खास मौके पर जानते हैं पायल रोहतगी की जिंदगी से जुड़े कुछ दिलचस्प किस्से.

ख़बरें फटाफट

Zoom

फिल्मी है, संग्राम संग लव स्टोरी

नई दिल्ली. बॉलीवुड अभिनेत्री पायल रोहतगी किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं. फिल्मों में काम करने से लेकर रियलिटी शोज में अपने बेबाक अंदाज से सुर्खियां बटोरने तक, उनका सफर काफी दिलचस्प रहा है. पायल ने अपने करियर में कई फिल्मों में काम किया है, लेकिन उन्हें सबसे ज्यादा चर्चा रियलिटी शोज की वजह से मिली.

‘बिग बॉस’ से लेकर कंगना रनौत के शो ‘लॉकअप’ तक उन्होंने अपने अंदाज से दर्शकों का ध्यान खींचा. आज यानी 9 नवंबर को पायल अपना जन्मदिन मना रही हैं. इस खास मौके पर आइए जानते हैं उनकी जिंदगी और करियर से जुड़े कुछ दिलचस्प किस्से.

पढ़ाई में थीं होशियार, गुजरात बोर्ड में किया टॉप

पायल रोहतगी का जन्म 9 नवंबर 1980 को हैदराबाद में हुआ था. बहुत कम लोग जानते हैं कि एक्टिंग की दुनिया में आने से पहले वह पढ़ाई में भी काफी अच्छी थीं. उन्होंने कंप्यूटर इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है और गुजरात बोर्ड में टॉपर भी रह चुकी हैं. हालांकि, पढ़ाई पूरी करने के बाद उनका मन ग्लैमर की दुनिया में रमने लगा. साल 2000 में उन्होंने फेमिना मिस इंडिया प्रतियोगिता में हिस्सा लिया. इसके बाद मॉडलिंग शुरू की और कई विज्ञापनों में नजर आईं. यहीं से उनके फिल्मी सफर की शुरुआत हुई.

‘ये क्या हो रहा है’ से बॉलीवुड में रखा कदम

पायल ने साल 2002 में फिल्म ‘ये क्या हो रहा है’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया. इसके बाद उन्हें लगातार फिल्मों में काम करने के मौके मिले. वह ‘प्लान’, ‘पुलिस फोर्स: एन इनसाइड स्टोरी’, ‘रक्त’, ‘तौबा तौबा’ और ‘चेतना: द एक्साइटमेंट’ जैसी फिल्मों में दिखाई दीं.साल 2006 में आई फिल्म ’36 चाइना टाउन’ में उन्होंने ग्रेसी का किरदार निभाया था. इसी साल वह मधुर भंडारकर की फिल्म ‘कॉरपोरेट’ में भी नजर आईं. इसके अलावा पायल ने ‘ढोल’, ‘हे बेबी’, ‘अपना सपना मनी मनी’, ‘उगली और पगली’, ‘दिल कबड्डी’ और ‘वैलेंटाइंस नाइट’ जैसी फिल्मों में भी काम किया.

‘बिग बॉस’ में अपने बेबाक अंदाज से बटोरी सुर्खियां

फिल्मों के साथ-साथ पायल ने टीवी की दुनिया में भी अपनी पहचान बनाई. साल 2008 में उन्होंने रियलिटी शो ‘बिग बॉस 2’ में हिस्सा लिया. यहां उनका खुलकर अपनी बात रखने का अंदाज दर्शकों को खूब देखने को मिला. इसके बाद वह ‘राज पिछले जन्म का’, ‘जोर का झटका’, ‘सर्वाइवर इंडिया’ और ‘नच बलिए 7’ जैसे शोज में नजर आईं. वह ‘बिग बॉस 7’ का भी हिस्सा बनीं. पायल ने कई टीवी सीरियल्स में भी काम किया. इनमें ‘हमने ली है शपथ’, ‘हमसफर्स’, ‘एजेंट राघव’ और ‘सूर्यपुत्र कर्ण’ शामिल हैं. ‘सूर्यपुत्र कर्ण’ में उन्होंने अंबा और शिखंडिनी के किरदार निभाकर दर्शकों का ध्यान खींचा.साल 2022 में पायल रोहतगी ने एक बार फिर रियलिटी शो के जरिए खूब सुर्खियां बटोरीं. इस बार वह अभिनेत्री कंगना रनौत के शो ‘लॉकअप’ में नजर आईं. शो के दौरान उन्होंने अपनी जिंदगी से जुड़े कई निजी और अनसुने किस्से दर्शकों के साथ साझा किए. अपने बेबाक बयानों और खेल की वजह से वह लगातार चर्चा में बनी रहीं. पायल इस शो की फर्स्ट रनरअप रही थीं.

बता दें कि पायल रोहतगी की लव लाइफ भी काफी दिलचस्प रही है. उनकी मुलाकात पहलवान संग्राम सिंह से रियलिटी शो ‘सर्वाइवर इंडिया’ के दौरान हुई थी. शो के दौरान दोनों की दोस्ती हुई और फिर यह रिश्ता धीरे-धीरे प्यार में बदल गया. लंबे समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद पायल और संग्राम ने 9 जुलाई 2022 को शादी कर ली. आज दोनों अपनी शादीशुदा जिंदगी का आनंद ले रहे हैं. इस तरह पायल रोहतगी ने मॉडलिंग, फिल्मों और रियलिटी शोज के जरिए मनोरंजन की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है.



Source link