पोलैंड में खूनी शनिवार, कार से आए शख्स ने लोगों पर बरसाईं गोलियां, 5 की मौत
Agency:एजेंसियां
Last Updated:
Poland Shooting: पोलैंड के क्राकोव शहर में मुख्य मार्केट स्क्वायर के पास हुई अंधाधुंध गोलीबारी में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 12 लोग घायल बताए जा रहे हैं. पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने सोशल मीडिया पर घटना की पुष्टि की है. इस गोलीबारी में कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं. पुलिस की जवाबी फायरिंग में हमलावर को गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया.
पोलैंड के क्राकोव शहर में मुख्य मार्केट स्क्वायर के पास हुई अंधाधुंध गोलीबारी में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई.
पोलैंड के क्राकोव शहर में गोलीबारी की एक बड़ी घटना सामने आई है. शहर के मुख्य मार्केट स्क्वायर के पास हुई अंधाधुंध फायरिंग में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग घायल बताए जा रहे हैं. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जवाबी कार्रवाई की, जिसमें हमलावर को भी गोली लगी. उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था.
पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर घटना की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि क्राकोव में हुई इस दुखद गोलीबारी के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है. गृह मंत्रालय उन्हें लगातार हालात की जानकारी दे रहा है.
टस्क ने अपने पोस्ट में लिखा, ‘क्राकोव में हुई दुखद गोलीबारी के बाद गृह मंत्री मुझे स्थिति की जानकारी दे रहे हैं. पुलिस हमले की पृष्ठभूमि और इससे जुड़ी सभी परिस्थितियों की जांच कर रही है.’
कार से पहुंचा हमलावर, लोगों पर की अंधाधुंध फायरिंग
BBC की रिपोर्ट के मुताबिक, मालोपोल्स्का पुलिस ने बताया कि स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 3 बजे एक व्यक्ति कार से मुख्य मार्केट स्क्वायर पहुंचा. इसके बाद उसने अपनी कार से ही वहां मौजूद लोगों पर अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दीं.
पुलिस विभाग ने X पर साझा बयान में बताया कि घटना के दौरान पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं. पुलिस ने हमलावर को रोकने के लिए जवाबी फायरिंग की, जिसमें वह घायल हो गया. इसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया.
पुलिस फिलहाल हमले के पीछे की वजह और पूरी घटना के हालात की जांच कर रही है. हमलावर ने अकेले इस वारदात को अंजाम दिया या इसके पीछे कोई अन्य साजिश थी, इस बारे में अभी जानकारी सामने नहीं आई है.