अभी लगाएं खीरा, अगेती खेती से होगी बंपर कमाई, घर की छत पर ऐसे तैयार करें पौधे
Last Updated:
भागलपुर के किसान खीरे की अगेती खेती से बंपर कमाई कर सकते हैं. इसके लिए घर की छत पर पौधे तैयार करने का स्मार्ट तरीका अपनाएं. समय की बचत होगी और खेत खाली मिलने पर तुरंत रोपाई हो सकेगी. सही किस्मों के चयन से किसानों को जबरदस्त मुनाफा मिलेगा.
भागलपुरः बिहार में खेती-किसानी से जुड़े किसानों के लिए बेहतर कमाई करने का बेहतरीन मौका आ गया है. ठंड का मौसम धीरे-धीरे शुरू हो रहा है. ऐसे में कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि इस सीजन में खीरे की अगेती खेती किसानों को जबरदस्त मुनाफा दिला सकती है. बाजार में शुरुआत के दिनों में खीरा 40 से 50 रुपये प्रति किलो तक बिक जाता है.
अभी से शुरू कर दें तैयारी
अगर किसान अपनी फसल से बंपर कमाई करना चाहते हैं, तो उन्हें अभी से खीरे की खेती की तैयारी शुरू कर देनी चाहिए. अक्सर किसान इस समय खेतों में आलू, सरसों, धनिया, बैंगन और टमाटर जैसी फसलें लगाते हैं. किसान सोचते हैं कि इन फसलों को काटने के बाद खीरे की बुआई करेंगे. इस चक्कर में काफी देर हो जाती है और किसानों को सही मुनाफा नहीं मिल पाता है.
छत पर पौधे तैयार करने का स्मार्ट तरीका
कृषि एक्सपर्ट गूंजेश गुंजन का कहना है कि अगर किसान थोड़ी समझदारी दिखाएं, तो वे बड़ा मुनाफा कमा सकते हैं. समय की बचत करने के लिए किसान अभी अपने घर की छत पर खीरे के बीज लगा सकते हैं. लगभग 15 दिनों में खीरे का पौधा रोपाई के लिए बिल्कुल तैयार हो जाएगा. जब तक छत पर पौधे तैयार होंगे, तब तक खेत भी पूरी तरह खाली और तैयार हो जाएगा. इसके बाद खेत में नमी लाने के लिए हल्की सिंचाई करें और पौधों को खेत में रोप दें. इस स्मार्ट तरीके से लगाने पर पौधे बहुत तेजी से विकास करते हैं.
कौन सी किस्मों का करें चयन?
भागलपुर और आसपास के इलाकों में खीरे की खेती के लिए कई उन्नत किस्में उपलब्ध हैं. एक्सपर्ट गूंजेश गुंजन के अनुसार, किसान सिंजेंटा की ग्लॉसी, सेमिनिस की मालिनी और वीएनआर की कृष जैसी बेहतरीन किस्मों का चयन कर सकते हैं. ये सभी उन्नत किस्में किसानों के लिए बेहद फायदेमंद साबित होती हैं और इनकी पैदावार भी बहुत अच्छी होती है.
सही समय पर उन्नत बीजों के साथ की गई यह आधुनिक खेती किसानों को पारंपरिक फसलों से हटकर कई गुना अधिक मुनाफा दिला सकती है. किसानों को इस तकनीक का लाभ उठाकर अपनी आमदनी बढ़ानी चाहिए.