ज्वेलरी शॉप से चुराया पौने दो करोड़ का सोना, CCTV में दिखा महिलाओं का गैंग

ज्वेलरी शॉप से चुराया पौने दो करोड़ का सोना, CCTV में दिखा महिलाओं का गैंग


Last Updated:

Jagdalpur News: दुकानदार ने देर रात सोने का मिलान किया, तो उसके होश उड़ गए. दुकान से एक किलो 200 ग्राम सोना गायब था, जिसकी कीमत एक करोड़ 70 लाख रुपये से ज्यादा बताई गई. सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर एक महिला बॉक्स चुराते हुए दिख गई.

Zoom

महिलाओं ने बड़ी ही सफाई से पौने दो करोड़ का सोना चुरा लिया.

रिपोर्ट- श्रीनिवास नायडू, बस्तर. छत्तीसगढ़ के जगदलपुर शहर में पैलेस रोड स्थित एक ज्वेलरी शॉप में करीब पौने दो करोड़ रुपये सोने के आभूषणों की चोरी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. महिलाओं के गिरोह ने इस वारदात को अंजाम दिया है. गैंग में 4 से 5 महिलाओं के साथ बच्चियां भी शामिल थीं. बड़े ही शातिर तरीके से उन्होंने गोल्ड ज्वेलरी से भरा बॉक्स चुरा लिया. दुकान मालिक और स्टाफ को चोरी का पता ही नहीं चला. देर रात स्टॉक का मिलान करने पर जब उन्हें बॉक्स नहीं मिला, तो सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई, जिसमें महिलाओं के गिरोह की करतूत उजागर हुई. दुकान मालिक की ओर से पुलिस में शिकायत दी गई है. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

मिली जानकारी के अनुसार, कुछ महिलाएं बच्चियों के साथ शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे मोती ज्वेलर्स के अंदर घुसीं. वे ज्वेलरी देखने के बहाने सही मौके की तलाश में थीं. स्टाफ की नजरों से बचते हुए एक महिला ने काउंटर के दूसरी तरफ रखे गोल्ड ज्वेलरी से भरे बॉक्स को उठा लिया. गिरोह ने बड़ी सफाई से बॉक्स चुराया और फिर देखते ही देखते सभी महिलाएं दुकान से बाहर निकल गईं. बॉक्स में एक किलो 200 ग्राम सोने के आभूषण थे.

वारदात के बाद जब देर रात दुकानदार ने सोने का मिलान करना शुरू किया, तो उसके होश उड़ गए. एक किलो 200 ग्राम सोना गायब मिला, जिसकी कीमत एक करोड़ 70 लाख रुपये से ज्यादा होना बताया गया. सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर सोना चोरी होना पाया गया. 4-5 महिलाओं के साथ बच्चियां भी वारदात में शामिल थीं. दुकान मालिक ने फौरन कोतवाली पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उठाईगिरी करने वाली महिलाओं की तलाश में जुट गई है.

घटना के बाद सर्राफा संघ और चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों ने पुलिस से वारदात में शामिल महिलाओं को जल्द पकड़ने की मांग की. बस्तर चैंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव विमल बोथरा ने कहा कि त्योहारी सीजन और भीड़भाड़ वाले इलाके में इतनी बड़ी मात्रा में सोने की चोरी से हर कोई सन्न है. वीडियो में महिलाओं द्वारा बॉक्स चोरी साफ दिख रही है. पुलिस से हमारी अपील है कि चोरों को जल्द पकड़कर ज्वेलरी वापस दिलाई जाए.

बस्तर सर्राफा संघ के अध्यक्ष राजेश सोनी ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज में महिलाओं को देख जान पड़ता है कि वे लोग पेशेवर गैंग से हैं. एक महिला बॉक्स चुराते हुए साफ दिख रही है. शहर में पहले भी इस तरह की वारदातें हो चुकी हैं. पुलिस ने उनमें माल बरामद कर लिया था. हमें उम्मीद है कि पुलिस इस बार भी चुराया गया सोना बरामद कर लेगी.



Source link