Last Updated:
सीधी में रहने वाली सातवीं कक्षा की छात्रा आर्या कोस्टा ने बैडमिंटन में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है. रोजाना 5 से 6 घंटे अभ्यास कर उन्होंने जिला और संभाग के बाद स्टेट लेवल तक का सफर तय किया है.
सीधी. कहते हैं कि अगर मन में कुछ कर गुजरने का जज्बा हो, तो उम्र कभी सफलता के आड़े नहीं आती. इस बात को सातवीं कक्षा की छात्रा आर्या कोस्टा ने सच साबित कर दिखाया है. छोटी सी उम्र में आर्या ने बैडमिंटन के मैदान में अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर खास पहचान बनाई है. उन्होंने जिला और संभाग(जोन) स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने के बाद मध्य प्रदेश के स्टेट लेवल टूर्नामेंट में भी जगह बनाई और प्रतियोगिता में हिस्सा लेने में सफलता हासिल की.
आर्या मूल रूप से जबलपुर की रहने वाली हैं, लेकिन वर्तमान में अपने माता-पिता के साथ सीधी में रह रही हैं. उन्हें बचपन से ही बैडमिंटन खेलने का शौक रहा है. इसी रुचि को उन्होंने अपना लक्ष्य बनाया और लगातार अभ्यास करना शुरू कर दिया. आर्या रोजाना करीब 5 से 6 घंटे ग्राउंड पर पसीना बहाती हैं. उनकी इसी मेहनत का नतीजा है कि वह जिला और संभाग स्तर की प्रतियोगिताओं में सफलता हासिल कर चुकी हैं. इसके साथ ही स्टेट लेवल पर भी अपनी प्रतिभा दिखा चुकी हैं.
मोबाइल से दूरी, खेल को बनाया जुनून
आज के दौर में जहां बच्चे अपना ज्यादातर समय मोबाइल फोन और गेमिंग में बिताते हैं, वहीं आर्या ने खेल को अपनी प्राथमिकता बनाया है. घंटों मैदान में अभ्यास करना और अपने खेल को बेहतर बनाने की कोशिश करना उनकी दिनचर्या का हिस्सा है. आर्या का मानना है कि बचपन से ही खेल के प्रति उनकी रुचि रही है, इसलिए उन्होंने बैडमिंटन को चुना और इसी में आगे बढ़ने का फैसला किया.
माता-पिता से बच्चों को प्रोत्साहित करने की अपील
आर्या का कहना है कि माता-पिता को बच्चों की रुचि पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए. अगर बच्चों को सही मार्गदर्शन और खेलने का अवसर मिले, तो वे पढ़ाई के साथ खेल के क्षेत्र में भी अपना भविष्य बना सकते हैं. आर्या की उपलब्धि दूसरे बच्चों के लिए भी प्रेरणा है कि मोबाइल फोन में समय बिताने के बजाय खेल के मैदान में मेहनत करके अपनी अलग पहचान बनाई जा सकती है.