Agency:एजेंसियां
Last Updated:
Explosions in Qeshm Island: ईरान-अमेरिका के बीच युद्ध में एक बार फिर से तनाव तब बढ़ गया, जब दक्षिणी ईरान के पास धमाके सुनाई दिए. 7 अक्टूबर की रात ईरान के रणनीति रूप से महत्वपूर्ण केश्म आइलैंड के पास ये धमाके सुने गए, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास मौजूद है. ईरानी सरकारी समाचार एजेंसी IRNA की ओर से इन धमाकों की पुष्टि की गई है.
दक्षिणी ईरान में धमाके. (सांकेतिक तस्वीर)
Iran-US War Explosions in Iran: ईरान और अमेरिका के बीच जारी युद्ध के बीच एक बार फिर दक्षिणी ईरान में धमाकों की खबरों ने तनाव बढ़ा दिया है. 7 अक्तूबर की रात ईरान के क्यूशम द्वीप पर एक के बाद एक दो जोरदार धमाके सुने गए. इसके अलावा जास्क, बंदर अब्बास और सिरिक जैसे इलाकों में भी विस्फोट जैसी आवाजें सुनाई देने की खबरें हैं. ये धमाके इसलिए भी महत्वपूर्ण हो जाते हैं क्योंकि ये सभी इलाके रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास स्थित हैं.
ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA के मुताबिक केश्म द्वीप के पूर्वी हिस्से में दो धमाके हुए. शुरुआत में कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया कि आइलैंड पर मिसाइल हमला हुआ है. हालांकि ईरान से जुड़े एक सूत्र ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि धमाकों का संबंध होर्मुज जलडमरूमध्य में चल रही सैन्य गतिविधियों और समुद्री यातायात के प्रबंधन से हो सकता है. फिलहाल इन धमाकों के कारण और नुकसान को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है.
दक्षिणी ईरान ही क्यों निशाने पर?
दरअसल ईरान का दक्षिणी इलाका उसकी सैन्य और आर्थिक ताकत का अहम केंद्र है. यहां बंदरगाह, तेल निर्यात के रास्ते और सैन्य ठिकाने मौजूद हैं. केश्म द्वीप और बंदर अब्बास की स्थिति होर्मुज जलडमरूमध्य के पास है. दुनिया के तेल व्यापार का बड़ा हिस्सा इसी समुद्री रास्ते से गुजरता है. अमेरिका और इजरायल की फरवरी 2026 में शुरू हुई सैन्य कार्रवाई के बाद यह इलाका लगातार तनाव में है. अमेरिका का उद्देश्य ईरान की सैन्य क्षमताओं को कमजोर करना और होर्मुज में जहाजों की आवाजाही पर उसका दबदबा कम करना है. हाल के दिनों में अमेरिकी सेना ने केश्म द्वीप पर भी सीमित हमले किए हैं.
8 महीने से लगातार जारी है युद्ध
फिलहाल अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों पर नौसैनिक नाकेबंदी कर रखी है. जवाब में ईरान भी समुद्री रास्तों पर अपना नियंत्रण बनाए रखने की कोशिश कर रहा है. इसी कब्जे की लड़ाई में लगातार होर्मुज में इस तरह की घटनाएं हो रही हैं. इसी बीच ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने दावा किया कि होर्मुज में प्रतिबंधित रास्ते से गुजरने की कोशिश कर रहे दो तेल टैंकर बारूदी सुरंगों से टकराकर आग की चपेट में आ गए. ऐसे में ताजा धमाकों ने आशंका बढ़ा दी है कि दोनों देशों के बीच संघर्ष फिर तेज हो सकता है. हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि केश्म पर हुए धमाके सीधे किसी अमेरिकी या इजरायली हमले का नतीजा थे या कुछ और.