Last Updated:
दीपावली में हर घर में गणेश-लक्ष्मी की पूजा होती है. आमतौर पर गणेश-लक्ष्मी का मंदिर देखने को नहीं मिलता लेकिन, बिहार के मुजफ्फरपुर में इनका मंदिर है. यह मंदिर लक्ष्मी चौक पर है और बताया जाता है कि यह 100 साल से भी अधिक पुराना है. इस मंदिर में दीवाली पर पूजा करने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी.
मुजफ्फरपुर: दीपावली के पावन अवसर पर मुजफ्फरपुर के लक्ष्मी चौक स्थित ऐतिहासिक मां लक्ष्मी-गणेश मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है. करीब 105 वर्ष पुराने इस मंदिर में धनतेरस से ही पूजा-अर्चना के लिए भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया था। दीपावली के दिन सुबह से ही महिला-पुरुष श्रद्धालु बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचकर मां लक्ष्मी और भगवान गणेश के दर्शन कर रहे हैं। यह मंदिर न केवल शहर, बल्कि पूरे उत्तर बिहार के लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है।
मंदिर समिति के महामंत्री चंद्र प्रसाद साहनी ने बताया कि मंदिर की स्थापना वर्ष 1921 में हुई थी। उस समय इलाके में महामारी फैली हुई थी। मान्यता है कि मंदिर में मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की स्थापना के बाद लोगों को महामारी से राहत मिली। इसके बाद से ही यहां पूजा-पाठ की परंपरा शुरू हुई, जो धीरे-धीरे लोगों की गहरी आस्था से जुड़ गई। पहले मंदिर साधारण स्वरूप में था, लेकिन समय के साथ इसका विस्तार और विकास होता चला गया। इसी मंदिर के नाम पर इलाके के प्रमुख चौराहे का नाम लक्ष्मी चौक पड़ा।
समिति के महामंत्री के अनुसार, दीपावली को लेकर करीब 15 दिनों से तैयारियां चल रही थीं। मंदिर को आकर्षक लाइटों और फूलों से सजाया गया है। शाम छह बजे से मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की विशेष पूजा शुरू होगी, जो रात आठ बजे तक चलेगी। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जाएगा। प्रसाद के पैकेट में मखाना, लड्डू, किशमिश और अन्य सामग्री रखी गई है। उन्होंने बताया कि यहां पूजा में शामिल होने के लिए उत्तर बिहार के विभिन्न जिलों के अलावा दूसरे राज्यों से भी श्रद्धालु पहुंचते हैं।
वहीं, मंदिर के पुजारी विजय कुमार पांडेय ने बताया कि इस बार मंदिर में भव्य सजावट और झांकी की व्यवस्था की गई है। पूजा के दौरान विभिन्न देवी-देवताओं, नवग्रह और अन्य धार्मिक परंपराओं के अनुसार अनुष्ठान संपन्न कराए जाएंगे। श्रद्धालु अपनी मनोकामनाओं के साथ मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की आराधना करते हैं।
दीपावली के मौके पर मंदिर परिसर में उमड़ी भीड़ और भव्य सजावट पूरे इलाके में उत्सव का माहौल बना रही है। आस्था, परंपरा और धार्मिक विश्वास का प्रतीक यह ऐतिहासिक मंदिर हर साल दीपावली पर श्रद्धालुओं के विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहता है।