दीवाली में जलाते है यमराज के नाम का दीपक, भोजपुर में निभाई जाती है ‘जम का दिया’ की परंपरा

दीवाली में जलाते है यमराज के नाम का दीपक, भोजपुर में निभाई जाती है ‘जम का दिया’ की परंपरा


Last Updated:

लोग अपने-अपने स्थानीय मान्यताओं और परंपराओं के अनुसार पर्व और त्योहार मनाते हैं. आज हम आपको बिहार के भोजपुर की एक परंपरा के बारे में बताने जा रहे हैं. जहां यमराज को मृत्यु से जोड़कर देखा जाता है वहीं भोजपुर के लोग यमराज के लिए दीपक जलाते हैं. तो चलिए जानते हैं कि यह परंपरा क्या है और इसे क्यों मनाया जाता है.

ख़बरें फटाफट

भोजपुर: बिहार में दीपावली का त्योहार सिर्फ घरों को रोशन करने और मां लक्ष्मी की पूजा तक सीमित नहीं है. यहां कई ऐसी पुरानी परंपराएं भी हैं, जिन्हें लोग आज भी अपने बुजुर्गों की सीख के अनुसार निभाते आ रहे हैं. इन्हीं में एक खास परंपरा है ‘जम का दिया’ जलाने की. दीपावली के आसपास कई घरों में शाम ढलने के बाद घर के बाहर एक विशेष दीपक जलाया जाता है. इसे यम का दीपक भी कहा जाता है. धार्मिक मान्यता के अनुसार, यह दीपक मृत्यु के देवता यमराज के नाम से जलाया जाता है और इसके माध्यम से परिवार के सदस्यों की लंबी उम्र तथा अकाल मृत्यु से रक्षा की कामना की जाती है.

क्या है जम का दिया जलाने की परंपरा?
लोकमान्यता के अनुसार, जम का दिया जलाने की परंपरा यमराज से जुड़ी हुई है. माना जाता है कि घर के बाहर दक्षिण दिशा की ओर दीपक जलाने से यमराज प्रसन्न होते हैं और परिवार पर उनकी कृपा बनी रहती है. कई परिवारों में मिट्टी के चौमुखे दीपक में सरसों का तेल डालकर चार बत्तियां जलाई जाती हैं. कुछ जगहों पर दीपक जलाने के बाद उसे घर के बाहर रखा जाता है और पीछे मुड़कर नहीं देखने की परंपरा भी निभाई जाती है. हालांकि, अलग-अलग इलाकों और परिवारों में इसे मनाने का तरीका अलग हो सकता है.

यमराज और राजा हंस की कथा से जुड़ी है मान्यता
इस परंपरा के पीछे एक प्रचलित पौराणिक कथा भी सुनाई जाती है. मान्यता के अनुसार, एक बार यमराज ने अपने दूतों से पूछा कि क्या कभी किसी व्यक्ति के प्राण लेते समय उन्हें दया आई है. इस पर दूतों ने राजा हंस और राजा हेम के पुत्र से जुड़ी कथा सुनाई, जिसमें कम उम्र में मृत्यु की आशंका थी. इसी तरह की कथाओं के आधार पर यम दीपदान को अकाल मृत्यु से बचाव की कामना से जोड़ा जाता है.

आज भी बुजुर्गों की सीख को आगे बढ़ा रही नई पीढ़ी
आधुनिक दौर में जहां दीपावली मनाने के तरीके बदल रहे हैं, वहीं बिहार के कई परिवारों में जम का दिया जलाने की परंपरा आज भी कायम है. घर के बड़े-बुजुर्ग नई पीढ़ी को इस रस्म के पीछे की मान्यता बताते हैं और उन्हें इसे निभाने के लिए प्रेरित करते हैं. यह परंपरा केवल एक दीपक जलाने की रस्म नहीं, बल्कि लोकआस्था, पारिवारिक विश्वास और पीढ़ियों से चली आ रही सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है.



Source link