पटना. बिहार के मशहूर और अक्सर सुर्खियों में रहने वाले यूट्यूबर मनीष कश्यप की जिंदगी में अब प्यार की एंट्री हो चुकी है. जिस प्रेम कहानी को अब तक दुनिया की नजरों से छिपाकर रखा गया था, अब उससे जुड़ी बातें सामने आ रही हैं. एक टीवी चैनल को दिए अपने पहले इंटरव्यू में मनीष कश्यप और पटना यूनिवर्सिटी की छात्र नेता अनुष्का शर्मा ने प्यार, इंतजार, दोस्ती और मुश्किल वक्त में साथ निभाने की कहानी साझा की. दोनों ने अपनी छह साल पुरानी इस हिडन लव स्टोरी से जुड़े कई ऐसे मजेदार और भावुक किस्से शेयर किए हैं. इन्होंने बताया कि परिवार को इस रिश्ते की जानकारी थी, लेकिन दुनिया के लिए यह प्रेम कहानी अब तक एक राज बनी हुई थी.एक और दिलचस्प बात यह है कि दोनों की यह मोहब्बत सोशल मीडिया के एक वीडियो और एकतरफा मैसेजिंग से शुरू हुई थी.
एक वीडियो से शुरू हुआ आकर्षण और दो साल का इंतजार
अनुष्का शर्मा ने बताया कि इस कहानी की शुरुआत साल 2020 में हुई थी, जब उन्होंने पहली बार मनीष कश्यप का बिहार बाढ़ पर बना एक वीडियो देखा था. अनुष्का ने बताया कि मनीष के बेबाक अंदाज से प्रभावित होकर अनुष्का उनके प्रति आकर्षित होने लगीं. इसके बाद अनुष्का ने मनीष को सोशल मीडिया पर रोज सुबह ‘गुड मॉर्निंग’ और रात को ‘गुड नाइट’ के मैसेज भेजने शुरू कर दिए. हैरान करने वाली बात यह थी कि अनुष्का लगातार दो सालों तक बिना थके मैसेज भेजती रहीं, लेकिन व्यस्तता या संकोच के कारण मनीष की तरफ से कोई जवाब नहीं आया. एक तरफ अनुष्का की एकतरफा कोशिशें जारी थीं, तो दूसरी तरफ मनीष का मौन था.
मनीष कश्यप ने कैप्शन में लिखा, ‘हमसफर का साथ मिला है, अब ज़िंदगी का हर सफ़र खूबसूरत होगा.
पहली फोन कॉल में ही आवाज ने कर दिया प्रभावित
इस प्रेम कहानी में असली और खूबसूरत मोड़ वर्ष 2022 में तब आया जब मनीष कश्यप ने आखिरकार अनुष्का के मैसेज का जवाब दिया. इसके बाद दोनों के बीच बातचीत और फोन कॉल्स का सिलसिला शुरू हुआ. मनीष कश्यप ने बताया कि जब उन्होंने पहली बार अनुष्का से फोन पर बात की, तो उनकी आवाज इतनी मीठी लगी कि मन हुआ कि इस लड़की से और बात करनी चाहिए. यहीं से दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला तेज होने लगा. जिस बातचीत की शुरुआत दो साल के इंतजार के बाद हुई थी, वह अब दोनों के रिश्ते की नींव बन रही थी.
वीडियो कॉल पर खुद का चेहरा छिपाया
इस प्रेम कहानी का एक किस्सा ऐसा भी है, जिसे सुनकर हंसी आ जाए. इंटरव्यू में मनीष ने हंसते हुए एक मजेदार वाकया साझा किया कि जब पहली बार वीडियो कॉल की बारी आई, तो उन्होंने शर्म के मारे अपना चेहरा छिपा लिया और अनुष्का को अपने दोस्त मणि दुबे का चेहरा दिखा दिया. यानी अनुष्का वीडियो कॉल पर थीं, लेकिन सामने मनीष की जगह उनके दोस्त नजर आ रहे थे!
मुश्किल वक्त में साथ निभाने वाला ही सच्चा प्यार होता है, मनीष कश्यप और अनुष्का की प्रेम कहानी यही सीख देती है.
दोस्त को भेजकर करवाई मुलाकात
इसके बाद मनीष ने अपने मित्र मणि दुबे को अनुष्का से मिलने भेजा. जब मणि दुबे वापस लौटे, तो मनीष ने उनसे सबसे पहले पूछा कि अनुष्का कैसी हैं और कितनी सुंदर हैं? जब दोस्त ने लौटकर बताया कि मणि दुबे का जवाब था कि अनुष्का वीडियो कॉल पर जितनी सुंदर दिखती थीं, उससे कहीं ज्यादा सुंदर सामने से हैं. इसके बाद तब मनीष और अनुष्का की पहली मुलाकात का रास्ता साफ हुआ और रिश्ता धीरे-धीरे आगे बढ़ने लगा.
जेल के कठिन दौर में अनुष्का ने निभाया सच्चा साथ
इस रिश्ते की सबसे बड़ी परीक्षा तब हुई जब मनीष कश्यप को कानूनी विवादों के कारण जेल जाना पड़ा. जहां मुश्किल वक्त में लोग साथ छोड़ देते हैं, वहीं अनुष्का चट्टान की तरह मनीष के साथ खड़ी रहीं. मनीष ने बेहद भावुक होकर बताया कि जब वे कोर्ट से बाहर आ रहे थे, तब अनुष्का उनकी पुलिस वैन के पीछे-पीछे रोते हुए पैदल भाग रही थीं. उस बेहद मुश्किल और भावुक पल में मनीष को अनुभव हुआ कि अनुष्का ही उनके जीवन की सबसे खास इंसान हैं और उन्हें उन्हीं से शादी करनी चाहिए. अनुष्का ने भी माना कि जब मनीष पर एनएसए (NSA) लगा था, तब भी उनके मन में मनीष को छोड़ने का ख्याल कभी नहीं आया.
दिलचस्प है मनीष कश्यप और अनुष्का शर्मा की यह प्रेम कहानी, अब विवाह की शुभ घड़ी की प्रतीक्षा.
राजनीति का कनेक्शन और अब शादी की शहनाई का इंतजार
इस लव स्टोरी का एक और खास पहलू यह है कि मनीष कश्यप ने ही अनुष्का शर्मा को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से जुड़ने की प्रेरणा दी थी और उन्हें संगठन में ज्वाइन कराया था. इसके बाद अनुष्का ने पटना यूनिवर्सिटी में छात्र संघ का चुनाव भी लड़ा. फिलहाल, दोनों के परिवार इस रिश्ते से पूरी तरह सहमत हैं और शादी की हरी झंडी मिल चुकी है. मनीष और अनुष्का का कहना है कि वे अपने इस खूबसूरत रिश्ते को अगले साल यानी साल 2027 में शादी के पवित्र बंधन में बदलने की योजना बना रहे हैं.