चंदा देने वालों को भी कांग्रेस पर भरोसा नहीं? 75% लुढ़का डोनेशन, ₹130 करोड़ पर सिमटी रकम

चंदा देने वालों को भी कांग्रेस पर भरोसा नहीं? 75% लुढ़का डोनेशन, ₹130 करोड़ पर सिमटी रकम


होमताजा खबरदेश

चंदा देने वालों को भी कांग्रेस पर भरोसा नहीं? 75% लुढ़का डोनेशन, कितने मिले

Last Updated:

क्या चंदा देने वालों का भी कांग्रेस पर भरोसा कम हो रहा है? पार्टी को फाइनेंशियल ईयर 2025-26 में 20 हजार रुपए से ज्यादा के चंदे के रूप में सिर्फ 130.69 करोड़ रुपए मिले हैं. यह पिछले साल मिले 517.39 करोड़ रुपए के मुकाबले करीब 75 फीसदी कम है. एक दशक में बड़े चंदे में यह सबसे बड़ी सालाना गिरावट है. बीजेपी को 2024-25 में कांग्रेस से करीब 12 गुना ज्यादा चंदा मिला था. कांग्रेस की रकम घटने की एक बड़ी वजह प्रूडेंट इलेक्टोरल ट्रस्ट से मिलने वाले योगदान में 88 फीसदी की कमी है. हालांकि ये आंकड़े पार्टी की कुल कमाई नहीं बताते.

Zoom

कांग्रेस को 2025-26 में 20 हजार रुपए से ज्यादा के चंदे से सिर्फ 130.69 करोड़ रुपए मिले. (फाइल फोटो PTI)

कांग्रेस को लेकर अक्सर यह सवाल उठता है कि पार्टी चुनावी मैदान में बीजेपी का मुकाबला कैसे करेगी. अब उसके सामने एक और मुश्किल खड़ी होती दिख रही है. पार्टी को मिलने वाले बड़े चंदे में अचानक भारी गिरावट दर्ज की गई है. फाइनेंशियल ईयर 2025-26 में कांग्रेस को 20 हजार रुपए से ज्यादा के चंदे के रूप में सिर्फ 130.69 करोड़ रुपए मिले. यह पिछले फाइनेंशियल ईयर के मुकाबले करीब 75 फीसदी कम है. यानी एक साल पहले जिस पार्टी को ऐसे चंदे से 517 करोड़ रुपए से ज्यादा मिले थे उसकी रकम अब घटकर करीब 130 करोड़ रुपए रह गई है. यही वजह है कि कांग्रेस की फंडिंग को लेकर सवाल उठने लगे हैं. क्या चंदा देने वालों का भरोसा कम हो रहा है या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है?

न्यूज एजेंसी PTI के अनुसार कांग्रेस के चुनाव आयोग में जमा दस्तावेजों के विश्लेषण से यह तस्वीर सामने आई है. खास बात यह है कि एक दशक में बड़े चंदे में यह सबसे बड़ी सालाना गिरावट बताई जा रही है. हालांकि इन आंकड़ों को पार्टी की कुल कमाई समझना सही नहीं होगा. ये सिर्फ 20 हजार रुपए से ज्यादा के घोषित योगदान का ब्योरा है. पार्टी की आमदनी में छोटे चंदे के अलावा सदस्यता शुल्क और कूपन से मिलने वाली रकम भी शामिल होती है. ब्याज से होने वाली कमाई भी उसकी आय का हिस्सा है. इसलिए चंदे में गिरावट के आधार पर कांग्रेस की पूरी आर्थिक स्थिति का आकलन नहीं किया जा सकता.

एक साल में 517 करोड़ से 130 करोड़ पर पहुंचा चंदा

कांग्रेस को फाइनेंशियल ईयर 2024-25 में 20 हजार रुपए से ज्यादा के चंदे के रूप में 517.39 करोड़ रुपए मिले थे. उस साल लोकसभा चुनाव भी हुए थे. इससे पहले 2023-24 में पार्टी को 281.48 करोड़ रुपए का चंदा मिला था. यानी लगातार दो साल तक चंदे में बढ़ोतरी दर्ज की गई थी. लेकिन 2025-26 में यह आंकड़ा घटकर 130.69 करोड़ रुपए पर आ गया. पिछले 12 फाइनेंशियल ईयरों के आंकड़ों से तुलना करें तो इससे बड़ी गिरावट आखिरी बार 2015-16 में दर्ज की गई थी. उस साल कांग्रेस के घोषित चंदे में पिछले साल के 141.46 करोड़ रुपए के मुकाबले करीब 86 फीसदी की कमी आई थी.

बीजेपी से चंदे के मामले में काफी पीछे कांग्रेस

चंदे के मामले में कांग्रेस और बीजेपी के बीच अंतर भी काफी बड़ा है. बीजेपी को फाइनेंशियल ईयर 2024-25 में 20 हजार रुपए से ज्यादा के चंदे के रूप में 6,074.02 करोड़ रुपए मिले थे. यह कांग्रेस को मिली रकम से करीब 12 गुना ज्यादा था. फाइनेंशियल ईयर 2025-26 के लिए बीजेपी की इसी तरह की जानकारी अभी उपलब्ध नहीं है. चुनाव आयोग की ओर से पार्टी की योगदान रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई है. हालांकि पिछले 12 फाइनेंशियल ईयरों के आंकड़ों में हर बार बीजेपी को कांग्रेस से ज्यादा चंदा मिला है.

प्रूडेंट ट्रस्ट से मिलने वाली रकम में बड़ी कटौती

कांग्रेस के चंदे में आई ताजा गिरावट की एक बड़ी वजह प्रूडेंट इलेक्टोरल ट्रस्ट से मिलने वाली रकम में कमी है. फाइनेंशियल ईयर 2024-25 में इस ट्रस्ट ने कांग्रेस को 216.34 करोड़ रुपए दिए थे. 2025-26 में इसका योगदान घटकर सिर्फ 25 करोड़ रुपए रह गया. यानी करीब 88 फीसदी की गिरावट आई. कांग्रेस की ताजा योगदान रिपोर्ट में प्रूडेंट ही एकमात्र इलेक्टोरल ट्रस्ट के रूप में दर्ज है. इसके अलावा स्टार सीमेंट ने 5 करोड़ रुपए का योगदान दिया. सज्जन भजंका ने 4 करोड़ रुपए और प्रेम कुमार भजंका ने 2 करोड़ रुपए दिए.

पहले भी कम रहा है कांग्रेस का चंदा

हालांकि 2025-26 में मिली 130.69 करोड़ रुपए की रकम पिछले साल से काफी कम है लेकिन यह समीक्षा किए गए सालों में कांग्रेस का सबसे कम चंदा नहीं है. फाइनेंशियल ईयर 2020-21 में पार्टी को 74.52 करोड़ रुपए मिले थे. 2021-22 में यह रकम 95.46 करोड़ रुपए और 2022-23 में 79.92 करोड़ रुपए थी. इन आंकड़ों में चुनावी बॉन्ड से मिली रकम शामिल नहीं है. जब यह योजना लागू थी तब उससे मिलने वाला पैसा अलग से रिपोर्ट किया जाता था. अगर पुराने सालों के चुनावी बॉन्ड की रकम भी जोड़ दी जाए तो 2025-26 का चंदा 2020-21 के बाद सबसे कम बैठता है.

कुल कमाई जानने के लिए ऑडिट रिपोर्ट का इंतजार

कांग्रेस की योगदान रिपोर्ट से उसकी कुल आमदनी का पता नहीं चलता. इसमें छोटे चंदे और सदस्यता शुल्क के साथ कूपन से जुटाई गई रकम और ब्याज जैसी आय शामिल नहीं होती. पार्टी की फाइनेंशियल ईयर 2025-26 की ऑडिट रिपोर्ट अभी अपलोड नहीं हुई है. इसके सामने आने के बाद ही उसकी पूरी आर्थिक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. फाइनेंशियल ईयर 2024-25 में सिर्फ कूपन के जरिए कांग्रेस ने 350.12 करोड़ रुपए जुटाए थे. इसलिए बड़े चंदे में आई गिरावट अहम जरूर है लेकिन इसे पार्टी की कुल कमाई में 75 फीसदी की गिरावट मानना गलत होगा.



Source link