NTA Observer Recruitment 2026: कार्यरत और रिटायर्ड सरकारी अधिकारियों, शिक्षकों, प्रोफेसरों और सशस्त्र बल कर्मियों के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी में अवसर है. एजेंसी ने ऑब्जर्वर पैनल के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं. इसके लिए आवेदन प्रक्रिया 7 नवंबर को शुरू हो गई है और 6 दिसंबर 2026 अंतिम तिथि है. चयनित उम्मीदवारों को एनटीए परीक्षाओं के संचालन की निगरानी के लिए देश भर के परीक्षा केंद्रों पर तैनात किया जाएगा. उन्हें कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) और पेन-एंड-पेपर टेस्ट दोनों के लिए नियुक्त किया जा सकता है.
दरअसल, एनटीए अपने देशव्यापी असेसमेंट इन्फ्रास्ट्रक्चर का विस्तार कर रहा है. इसी क्रम में शैक्षणिक संस्थानों, यूनिवर्सिटीज और समर्पित परीक्षा सेवा प्रदाताओं से ‘एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट’ आमंत्रित किए गए हैं. एनटीए ने कहा है कि यदि आपके केंद्र में निर्धारित वर्कस्टेशन और बैठने की क्षमता मौजूद है, तो इस राष्ट्रीय पहल में हमारे भागीदार बनें. 6 दिसंबर, 2026 तक https://t.co/CAeP1CiMYa पर आवेदन करें.
कौन कर सकता है आवेदन?
NTA ने कैटेगरी के तहत आवेदन आमंत्रित किए हैं. प्रत्येक श्रेणी के लिए अलग-अलग पात्रता और आयु संबंधी शर्तें हैं-
कैटेगरी A: सेवानिवृत्त सरकारी अधिकारी
केंद्र और राज्य सरकार के वे सेवानिवृत्त अधिकारी, जो 7वें केंद्रीय वेतन आयोग (CPC) पे मैट्रिक्स के तहत ‘पे लेवल 8’ से ऊपर के पदों पर कार्यरत थे, इसके लिए पात्र हैं.
6 दिसंबर 2026 को आवेदकों की आयु 60 से 65 वर्ष के बीच होनी चाहिए.
कैटेगरी B: सशस्त्र बलों और CAPF के सेवानिवृत्त कर्मी
भारतीय सशस्त्र बलों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) के वे सेवानिवृत्त कर्मी, जो सूबेदार मेजर या उसके समकक्ष या उससे ऊपर के रैंक पर थे, आवेदन कर सकते हैं.
इस श्रेणी के लिए कोई न्यूनतम आयु सीमा नहीं है. हालाँकि, आवेदन की अंतिम तिथि को आवेदकों की आयु 65 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए.
कैटेगरी C: कार्यरत और सेवानिवृत्त शिक्षक और प्रोफेसर
पात्र सरकारी संस्थानों के कार्यरत और सेवानिवृत्त शिक्षक तथा प्रोफेसर भी आवेदन कर सकते हैं.
उम्र सीमा
सेवानिवृत्त आवेदकों की आयु 60 से 65 वर्ष के बीच होनी चाहिए. कार्यरत उम्मीदवारों के लिए कोई अधिकतम आयु सीमा नहीं है, लेकिन उन्हें अपने नियोक्ता (employer) से ‘नो-ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट’ (NOC) जमा करना होगा.
कौन से शिक्षण और शैक्षणिक पद पात्र हैं?
कैटेगरी C के अंतर्गत, NTA ने निम्नलिखित पदों को शामिल किया है-
- मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालयों, राष्ट्रीय महत्व के संस्थानों और सरकारी कॉलेजों के प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर.
- सरकारी स्कूलों और कॉलेजों के प्रिंसिपल और वाइस-प्रिंसिपल.
- केंद्रीय विद्यालयों, नवोदय विद्यालयों और राज्य बोर्ड स्कूलों सहित सरकारी स्कूलों के पोस्ट-ग्रेजुएट शिक्षक (PGTs).
- सरकारी स्कूलों और पॉलिटेक्निक के लेक्चरर और वरिष्ठ शिक्षक.
- केंद्रीय और राज्य विश्वविद्यालयों के रजिस्ट्रार और डिप्टी रजिस्ट्रार.
- सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITIs) के प्रिंसिपल.
- जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (DIETs) के फैकल्टी सदस्य.
फिजिकली फिट होना जरूरी
आवेदकों को अपनी जिम्मेदारियों को निभाने के लिए शारीरिक रूप से फिट होना चाहिए और आवश्यकता पड़ने पर अपने मुख्यालय से बाहर यात्रा करने के लिए तैयार रहना चाहिए. जिन उम्मीदवारों के खिलाफ कोई अनुशासनात्मक (disciplinary) या सतर्कता (vigilance) संबंधी कार्यवाही लंबित है, वे पात्र नहीं हैं. NTA ऑब्जर्वर की क्या जिम्मेदारियां होंगी?
ऑब्जर्वर अपने आवंटित केंद्रों पर परीक्षा की व्यवस्थाओं की जांच करने और किसी भी समस्या की रिपोर्ट करने के लिए जिम्मेदार होंगे.
आवेदन कैसे करें?
योग्य उम्मीदवार NTA ऑब्जर्वर मैनेजमेंट पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन विंडो 7 नवंबर को खुली है और 6 दिसंबर, 2026 को बंद हो जाएगी. उम्मीदवारों को अपना व्यक्तिगत विवरण, संपर्क जानकारी, कैटेगरी, पद, संस्थान का विवरण और तैनाती (deployment) के लिए अपनी प्राथमिकताएं भरनी होंगी. वे परीक्षा से जुड़े कार्यों में अपने पिछले अनुभव का विवरण भी दे सकते हैं.
जरूरी डॉक्यूमेंट्स
- सरकार द्वारा जारी फोटो पहचान पत्र.
- नवीनतम नियुक्ति या सेवा प्रमाण पत्र. सेवानिवृत्त (retired) उम्मीदवार अपना सेवानिवृत्ति आदेश (retirement order) जमा कर सकते हैं.
- वर्तमान में कार्यरत उम्मीदवारों के लिए, उनके नियोक्ता (employer) या संस्थान प्रमुख से ‘नो-ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट’ (NOC).
- वर्तमान में कार्यरत उम्मीदवारों के लिए, ‘विजिलेंस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट’ (सतर्कता निकासी प्रमाण पत्र).
- सेवानिवृत्त उम्मीदवारों के लिए, पिछले 12 महीनों के भीतर जारी पुलिस सत्यापन (police verification) या चरित्र प्रमाण पत्र (character certificate).
- हाल ही की पासपोर्ट साइज फोटो.
- उम्मीदवारों को अपना बैंक खाता नंबर, बैंक का नाम, शाखा का विवरण, IFSC कोड और पैन (PAN) नंबर भी देना होगा. फॉर्म जमा करने से पहले, आवेदकों को पूरी जानकारी और पात्रता शर्तों के लिए NTA का विस्तृत नोटिफिकेशन जरूर देख लेना चाहिए.