गन्ने की मेड़ पर आलू लगाइए, फरवरी-मार्च में ही हाथ में आ जाएगा नकद पैसा
Last Updated:
गन्ने की फसल तैयार होने में करीब एक साल लगता है लेकिन किसान इस इंतजार के दौरान खेत से कमाई शुरू कर सकते हैं. नवंबर में गन्ने की कतारों के बीच आलू की खेती करने से फरवरी-मार्च तक पहली फसल तैयार हो जाती है और खेत का खाली हिस्सा भी उपयोग में आ जाता है.
नवंबर का महीना गन्ने की शरदकालीन खेती शुरू करने वाले किसानों के लिए कमाई का एक और रास्ता खोल सकता है. किसान अगर गन्ने के साथ खेत में बची जगह का सही इस्तेमाल करें तो उसी जमीन से एक अतिरिक्त फसल और आमदनी हासिल कर सकते हैं. इसके लिए गन्ने के साथ आलू की सहफसली खेती एक अच्छा विकल्प हो सकती है. गन्ने की दो लाइनों के बीच आलू की एक या दो लाइनें लगाई जा सकती हैं. आलू करीब 90 से 100 दिन में तैयार हो जाता है जबकि गन्ने की फसल करीब एक साल में पककर तैयार होती है. ऐसे में आलू की बिक्री से किसान को गन्ने की फसल तैयार होने से पहले ही पैसा मिल सकता है. लोकल 18 से बातचीत में किसान अंशुमान सिंह ने बताया कि नवंबर में शरदकालीन गन्ने के साथ आलू की इंटरक्रॉपिंग किसानों के लिए अतिरिक्त आमदनी का अच्छा तरीका बन सकती है.
गन्ने के साथ आलू की खेती क्यों है फायदेमंद
उन्होंने कहा कि शरदकालीन गन्ने की बुवाई नवंबर में की जाती है. बुवाई के बाद गन्ने की कतारों के बीच काफी जगह खाली रहती है. इस खाली जगह का इस्तेमाल आलू की खेती के लिए किया जा सकता है. इसका सबसे बड़ा फायदा यह है कि आलू की फसल 90 से 100 दिन में तैयार हो जाती है और फरवरी से मार्च के बीच इसकी खुदाई की जा सकती है. इसके बाद खेत में गन्ने की फसल को आगे बढ़ने के लिए पर्याप्त जगह मिल जाती है. सही दूरी और प्रबंधन रखने पर आलू की फसल गन्ने की शुरुआती बढ़वार में ज्यादा परेशानी पैदा नहीं करती.
कैसी होनी चाहिए मिट्टी और खेत की तैयारी
एक्सपर्ट के मुताबिक गन्ने और आलू की सहफसली खेती के लिए अच्छी जल निकासी वाली दोमट या बलुई दोमट मिट्टी बेहतर रहती है. खेत में पानी जमा नहीं होना चाहिए क्योंकि अधिक नमी से आलू की फसल को नुकसान हो सकता है. बुवाई से पहले खेत की अच्छी तरह गहरी जुताई करें और पाटा लगाकर मिट्टी को भुरभुरी और समतल कर लें. खेत तैयार होने के बाद गन्ने की बुवाई के लिए करीब 3 से 4 फीट की दूरी पर लगभग एक फीट गहरी नालियां यानी ट्रेंच बनाई जाती हैं.
ऐसे करें गन्ने और आलू की बुवाई
गन्ने की बुवाई तैयार नालियों में दो या तीन आंख वाले गन्ने के सेट की कतार बनाकर की जाती है. इसके बाद गन्ने की दो लाइनों के बीच बची हुई उठी जगह यानी मेड़ पर आलू की एक या दो लाइनें लगाई जा सकती हैं. इस तरह एक ही खेत में दोनों फसलों की शुरुआत हो जाती है. बुवाई के बाद शुरुआती सिंचाई हल्की रखें ताकि खेत में जरूरत के मुताबिक नमी बनी रहे और पानी जमा न हो. दोनों फसलों की जरूरत के हिसाब से खाद, सिंचाई और निराई-गुड़ाई का प्रबंधन करना जरूरी है.
नवंबर से अगले नवंबर तक चलेगा फसल चक्र
नवंबर में गन्ने और आलू की बुवाई एक साथ की जा सकती है. दिसंबर और जनवरी में आलू तेजी से बढ़ता है. इस दौरान की गई सिंचाई और पोषण प्रबंधन से गन्ने को भी शुरुआती विकास में मदद मिल सकती है. फरवरी से मार्च के बीच आलू करीब 90 से 100 दिन में तैयार हो जाता है. आलू की खुदाई के बाद खेत में गन्ने की कतारों पर मिट्टी चढ़ाई जाती है. इसके बाद गन्ने की फसल को आगे बढ़ने दिया जाता है और अगले नवंबर तक गन्ना कटाई के लिए तैयार हो जाता है.
एक एकड़ में कितना खर्च और कितनी उपज
गन्ने और आलू की संयुक्त खेती में बीज, खाद और मजदूरी समेत करीब 60 से 70 हजार रुपये प्रति एकड़ तक खर्च आ सकता है. एक एकड़ से आलू की औसत उपज 80 से 100 क्विंटल और गन्ने की उपज करीब 350 से 400 क्विंटल बताई गई है. आलू की बिक्री 90 से 100 दिन के भीतर हो जाने से किसान को फसल के शुरुआती चरण में ही नकदी मिल जाती है.
किसान के लिए क्या है सबसे बड़ा फायदा
इस सहफसली मॉडल का मुख्य फायदा यह है कि किसान को गन्ने की लंबी अवधि वाली फसल के साथ एक कम अवधि की फसल भी मिल जाती है. आलू की खुदाई के बाद उसी खेत में गन्ने की फसल जारी रहती है. यानी किसान को एक ही खेत से अलग-अलग समय पर उत्पादन और आमदनी का मौका मिलता है. अगर किसान बुवाई की दूरी, सिंचाई, खाद और फसल प्रबंधन सही तरीके से करता है तो नवंबर में गन्ने के साथ आलू की खेती अतिरिक्त आमदनी का एक उपयोगी विकल्प बन सकती है.