Success Story : दुकानदारों ने भगाया, बाढ़ में सब डूबा, संगम ने नहीं हारी हिम्‍मत और बना दी 117 करोड़ की कंपनी

Success Story : दुकानदारों ने भगाया, बाढ़ में सब डूबा, संगम ने नहीं हारी हिम्‍मत और बना दी 117 करोड़ की कंपनी


Last Updated:

Success Story : डॉ. संगम कराडे को आज ‘मशरूम मैन’ कहा जाता है. लेकिन, 30 साल पहले जब उन्‍होंने मशरूम की खेती में कदम रखा, तब मशरूम को बेचना इसे उगाने से भी कहीं ज्‍यादा कठिन था. 15 साल की मेहनत के बाद जब उनका काम जमा तो बाढ़ ने सबकुछ तबाह कर दिया. लेकिन, डॉ. कुराडे ने हार नहीं मानी और अपनी मेहनत से आज 117 करोड़ का मशरूम बिजनेस खड़ा कर दिया है.

Zoom

डॉ. संगम कुराडे ने 1994 में मशरूम की खेती करनी शुरू की थी.

नई दिल्‍ली. बाजार में मशरूम लेकर जाओ तो दुकानदार उसे अपनी दुकान में रखने को तैयार नहीं, ग्राहक उसे सब्‍जी मानने को राजी न हों और जब खून-पसीने की मेहनत से कारोबार खड़ा हो तो बाढ़ सब कुछ बहा ले जाए. इन हालातों में आम इंसान टूट जाता और अपना काम बंद कर देता. लेकिन, गोवा के डॉ. संगम कराडे कुछ और ही मिट्टी के बने हैं. उन्‍होंने हार मानने के बजाय संकट को ही नई शुरुआत की सीढ़ी बना दिया. खाली हाथ गोवा के मापुसा की गलियों में तीन दशक पहले मशरूम बेचने निकले कराडे ने अपनी मेहनत के बल पर 117 करोड़ का मशरूम बिजनेस खड़ा कर दिया है.

संगम कुराडे ने फूड साइंस एंड टेक्‍नोलॉजी में पोस्‍ट ग्रेजुएट करने के बाद 1994 में मशरूम की खेती करनी शुरू की. उस समय मशरूम को बेचना टेढी खीर थी. उस दौर में मशरूम आम भारतीय रसोई का हिस्सा नहीं था और दुकानदार इसे अपनी दुकानों में रखने तक से कतराते थे. कुराडे ताजे मशरूम टोकरियों में भरकर मापुसा बाजार में दुकानों के चक्‍कर काटते थे. लेकिन, बहुत कम मशरूम बिकते. फूड साइंस एंड टेक्नोलॉजी में उच्च शिक्षा हासिल करने वाले संगम जानते थे कि यह केवल एक फसल नहीं, बल्कि सालभर चलने वाला आधुनिक बिजनेस मॉडल बन सकता है. उन्होंने शुरुआती वर्षों में न केवल तकनीक सीखी, बल्कि लोगों के बीच मशरूम की मांग और आदत भी पैदा की.

बाढ़ ने बहा दिया सब कुछ

मनीकंट्रोल की एक रिपोर्ट के अनुसार, शुरुआती संघर्षों और करीब 1.25 करोड़ रुपये के यूएसएआईडी (USAID) अनुदान की मदद से संगम ने अपने काम को आगे बढ़ाया. उनके फार्म पर रोजाना 1 टन मशरूम का उत्‍पादन होने लगा. तभी 2 अक्टूबर 2009 को तालपोना नदी में आई विनाशकारी बाढ़ ने उनकी पूरी उत्पादन यूनिट हस-नहस कर दिया. 15 साल का खड़ा किया गया ढांचा एक झटके में मलबे में तब्दील हो गया. ये बड़ा झटका था. लेकिन, डॉ. कराडे ने हिम्‍मत नहीं हारी और तीन महीनों के भीतर फिर से अपनी यूनिट को दोबारा चालू कर दिया.

फोटो साभार : drkurades.com

खेती को दी फैक्‍ट्री जैसी रफ्तार

बाढ़ के झटके से सबक लेते हुए डॉ. कुराडे ने अपने कारोबार को सुरक्षित और आधुनिक बनाने के लिए उसगांव में एक सेंटर स्‍थापित किया. उन्होंने ‘एग्रीफैक्चर’ (Agrifacture) कांसेप्‍ट अपनाया यानी खेती में फैक्ट्री जैसी सटीकता और कड़े मानक. इनडोर वातावरण में तापमान, नमी और खाद की गुणवत्ता को पूरी तरह नियंत्रित किया गया. आज कंपनी के पास 1.2 लाख वर्ग मीटर का ग्रोइंग एरिया है. रोजाना 28,000 किलोग्राम मशरूम पैदा होता है. बटन मशरूम से शुरू हुआ यह सफर आज शिटाके, पोर्टोबेलो और किंग ऑयस्टर जैसी महंगी विदेशी किस्मों तक पहुंच चुका है.

डॉ. कुराडे के फार्म पर अब रोज 28 टन मशरूम पैदा होता है. (फोटो साभार : drkurades.com)

आज 117 करोड़ रुपये का कारोबार

Tracxn के आंकड़ों के अनुसार, डॉ. कुराडे की कंपनी जुरी फूड्स एंड फार्म्स प्राइवेट लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2014 में करीब 6.10 करोड़ रुपये का रेवेन्यू दर्ज किया था. वित्त वर्ष 2017 में रेवेन्यू बढ़कर 19.48 करोड़ और 2019 में 33.23 करोड़ रुपये हुआ. वित्त वर्ष 2024 में कंपनी का कारोबार 85.29 करोड़ हो गया. वित्त वर्ष 2025 में कंपनी का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 37 फीसदी बढ़कर 117 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया. कंपनी का शुद्ध मुनाफा 20.21 करोड़ रुपये हो गया.



Source link