श्रीगंगानगर के बाद गाजियाबाद में ब्लास्ट, दिवाली से पहले बड़ी साजिश की आहट?
Last Updated:
श्रीगंगानगर के बाद गाजियाबाद की वसुंधरा पुलिस चौकी में हुए धमाके ने दिवाली से पहले सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है. चौकी के पीछे कबाड़ में खड़ी गाड़ियों की पार्किंग वाली जगह पर विस्फोट हुआ. इसकी वजह से दो शीशे चटक गए और एक दीवार में हल्की दरार आई. शुरुआती जांच में पुलिस को यह धमाका AC कंप्रेसर फटने से हुआ नहीं लग रहा है. मौके से जुटाए गए संदिग्ध अवशेष जांच के लिए आगरा भेजे गए हैं. फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और दोनों घटनाओं के बीच किसी कनेक्शन की पुष्टि नहीं हुई है.
श्रीगंगानगर के बाद गाजियाबाद की वसुंधरा पुलिस चौकी के पीछे धमाका हुआ. (फोटो ANI)
दिवाली का त्योहार है और इसी बीच दो धमाकों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है. पहले राजस्थान के श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर विस्फोट हुआ और अब गाजियाबाद की वसुंधरा पुलिस चौकी में धमाके की खबर सामने आई है. गाजियाबाद की इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या पुलिस चौकी में हुआ ब्लास्ट महज एक हादसा था या दिवाली से पहले किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की कोशिश की गई? धमाका इतना तेज था कि चौकी के दो शीशे चटक गए और एक दीवार में भी हल्की दरार आ गई. शुरुआती तौर पर AC कंप्रेसर फटने की आशंका जताई जा सकती थी, लेकिन पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अब तक की जांच में धमाका कंप्रेसर फटने से हुआ नहीं लग रहा है. ऐसे में मामला और गंभीर हो गया है. हालांकि इस धमाके की जिम्मेदारी एक आतंकी संगठन ने जरूर ली है. सोशल मीडिया एक्स पर गाजी 2 नाम के एकाउंट से एक वीडियो पोस्ट की गई. इस पोस्ट में ‘तहरीक-उल-मुजाहिदीन-ए-हिन्दुस्तान’ नाम के संगठन ने धमाके की जिम्मेदारी ली. दावा किया है कि उसने कथित तौर पर ‘भगवा हुकूमत’ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस को निशाना बनाया.
फिलहाल पुलिस इस घटना को लेकर कोई पुख्ता दावा नहीं कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि हर पहलू से जांच की जा रही है. धमाका पुलिस चौकी के पीछे उस जगह हुआ जहां कबाड़ में खड़ी गाड़ियों को पार्क किया जाता है. मौके पर पहुंची टीमों ने वहां से संदिग्ध अवशेष और दूसरे सबूत जुटाए हैं. इन्हें जांच के लिए आगरा भेजा गया है. बम निरोधक दस्ते की टीम भी मौके पर पहुंची थी लेकिन शुरुआती जांच में धमाके की प्रकृति साफ नहीं हो सकी. पुलिस ने अभी तक इस मामले में कोई केस दर्ज नहीं किया है. उधर श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट की जांच भी जारी है. ऐसे में दोनों घटनाओं का समय और उनका स्वरूप सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय बन गया है. हालांकि अभी दोनों धमाकों के बीच किसी तरह का कनेक्शन सामने नहीं आया है.
#WATCH | Ghaziabad, Uttar Pradesh: An explosion was reported at the Vasundhara police outpost under the Indirapuram police station. Further details are awaited.
(Morning visuals from the spot) https://t.co/4I0Aafq84j