Last Updated:
Patna Encounter: पटना में पुलिस एनकाउंटर में तीन संदिग्ध अपराधियों के मारे जाने के बाद दानापुर अस्पताल में जमकर हंगामा हुआ. शवों का पोस्टमॉर्टम कराने पहुंचे पुलिसकर्मियों का परिजनों ने विरोध किया. उन्होंने पुलिस से पूछा कि उनके बच्चों को क्यों मारा गया. देखते ही देखते भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया. हालात बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर लोगों को खदेड़ा. तीनों आरोपी मनेर के शेरपुर में मुठभेड़ के दौरान मारे गए थे.
पटना मे एनकाउंटर के बाद बवाल
पटना: बिहार की राजधानी पटना में पुलिस मुठभेड़ में तीन संदिग्ध अपराधियों के मारे जाने के बाद शुक्रवार को जमकर हंगामा हुआ. तीनों के शव दानापुर अस्पताल लाए गए थे. यहां उनके परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंच गए. परिजन पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए पोस्टमॉर्टम का विरोध करने लगे. देखते ही देखते अस्पताल परिसर में तनाव बढ़ गया. पुलिस और परिजनों के बीच बहस शुरू हो गई. हालात बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए लाठीचार्ज किया.
इस दौरान गुस्साए लोगों ने पुलिस पर पथराव भी किया. अस्पताल के गेट और परिसर में ईंट-पत्थर बिखरे नजर आए. पुलिस ने लोगों को खदेड़कर अस्पताल परिसर खाली कराया. घटना के बाद दानापुर अस्पताल में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया. काफी देर तक अस्पताल के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
क्यों हुआ हंगामा?
दरअसल परिजन तीनों आरोपियों के शवों का पोस्टमॉर्टम कराने का विरोध कर रहे थे. उनका कहना था कि पहले पुलिस यह बताए कि तीनों को क्यों मारा गया. परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस उनके बच्चों को घर से उठाकर ले गई और फिर उनका एनकाउंटर कर दिया. वे पुलिस से लगातार इस कार्रवाई का जवाब मांग रहे थे. उनका कहना था कि जब तक उन्हें पूरे मामले की जानकारी नहीं दी जाएगी, वे शवों का पोस्टमॉर्टम नहीं होने देंगे.
हॉस्पिटल के अंदर पहुंचे लोग
हंगामे के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं भी अस्पताल पहुंची थीं. वे पुलिस से सवाल कर रही थीं. परिजनों का गुस्सा इतना बढ़ गया कि अस्पताल के अंदर भी लोग जमा हो गए. पुलिस ने पहले उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन भीड़ हटने को तैयार नहीं हुई. इसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखाई. लोगों को अस्पताल से बाहर खदेड़ने के दौरान पथराव शुरू हो गया. जवाब में पुलिस ने लाठीचार्ज किया.
#WATCH | Patna, Bihar: RJD MP Misa Bharti arrives at the Danapur Subdivisional Hospital after a clash broke out between police personnel and family members of the accused who were killed in an encounter.
The police resorted to a lathi charge to bring the situation under control. https://t.co/NtY8lAhtKX