UP IAS Transfer : उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक फेरबदल करते हुए योगी सरकार ने दो IAS अधिकारियों के कार्यभार में बदलाव किया है. IAS भवानी सिंह खंगारौत और IAS मिनिप्ती एस की जिम्मेदारी बदली गई है.
IAS भवानी को प्रदेश का नया गन्ना आयुक्त नियुक्त किया गया है. इसके साथ ही उन्हें MD उत्तर प्रदेश राज्य चीनी निगम लिमिटेड की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है. वहीं, अब तक गन्ना आयुक्त के पद पर तैनात रहीं IAS मिनिप्ती को इस पद से हटा दिया गया है. उन्हें सचिव वित्त बनाया गया है. शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार दोनों अधिकारियों की नई तैनाती की गई है.
6 दिन पहले भी हुए थे ताबड़तोड़ ताबदले
कुछ दिन पहले भी प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 15 आईएएस अधिकारियों के विभागों और जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया था. इस प्रशासनिक बदलाव में कई प्रमुख सचिव और अपर मुख्य सचिव स्तर के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं. मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल को नागरिक उड्डयन विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है, जबकि अपर मुख्य सचिव अनुराग श्रीवास्तव को कृषि उत्पादन आयुक्त बनाया गया है. वहीं, वरिष्ठ आईएएस अधिकारी आलोक कुमार को अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
जारी आदेश के मुताबिक, मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल को उनके मौजूदा दायित्वों के साथ नागरिक उड्डयन विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. वहीं, अपर मुख्य सचिव अनुराग श्रीवास्तव को कृषि उत्पादन आयुक्त के पद पर तैनात किया गया है. उनके पास नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति, लघु सिंचाई एवं भूगर्भ जल विभाग के साथ ग्रामीण पेयजल मिशन और राज्य स्वच्छ गंगा मिशन के परियोजना निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा. अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार को अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त (Commissioner of Infrastructure and Industrial Development) बनाया गया है. इसके साथ ही उन्हें अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग, एनआरआई विभाग और पीसीपीए का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है.
प्रशासनिक फेरबदल के तहत एम. देवराज को राज्य सतर्कता आयोग और शासनाधिकरण-1 का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. डॉ. एम.के.एस. सुंदरम को समन्वय एवं परियोजना निदेशक, यूपीडा का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. वहीं, आलोक कुमार-3 को वित्त, संस्थागत वित्त और बाह्य सहायता प्राप्त परियोजनाओं से जुड़े अतिरिक्त दायित्व दिए गए हैं.
अजय चौहान को यूपीसीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार मिला है. पंधारी यादव को बाह्य सहायता प्राप्त परियोजना के प्रमुख सचिव के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त किया गया है. योगेश कुमार को पीसीडीएफ का प्रबंध निदेशक और अमित कुमार सिंह को उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) का प्रबंध निदेशक बनाया गया है.
इसके अलावा कृष्ण कुमार को झांसी मंडल का मंडलायुक्त बनाया गया है. चंद्रशेखर को प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना और ग्रेटर शारदा सहायक समादेश क्षेत्र विकास प्राधिकरण का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. भूपेंद्र एस. चौधरी को उत्तर प्रदेश मानवाधिकार आयोग का सचिव बनाया गया है, जबकि देवेंद्र सिंह कुशवाहा को प्रशासनिक सुधार विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी मिली है. प्रवीण मिश्रा को उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम का प्रबंध निदेशक बनाया गया है.