आज गांजे के इस्तेमाल को लेकर दुनिया भर में बहस होती है, लेकिन करीब 2800 साल पहले भी लोग इसके नशे का इस्तेमाल करते थे. साइबेरिया में पुरातत्वविदों को एक ऐसी ही कब्र मिली है, जिसने हजारों साल पुराने इस राज से पर्दा उठाया है. यहां वैज्ञानिकों को गांजे के 1400 से ज्यादा बीज और इंसानी बाल मिले हैं. जब बालों की जांच की गई, तो उनमें गांजे के नशीले तत्व के निशान मिले. वैज्ञानिकों के मुताबिक, यह अब तक का सबसे पुराना सीधा सबूत है, जो बताता है कि लोग उस दौर में गांजे का इस्तेमाल सिर्फ खेती या खाने के लिए नहीं, बल्कि नशे के लिए भी करते थे.
साइबेरिया की कब्र में क्या मिला?
यह खोज रूस के दक्षिणी साइबेरिया की उयुक घाटी में हुई है. यहां एक विशाल कब्र में उस दौर के कई प्रभावशाली लोगों के अवशेष मिले हैं. स्विट्जरलैंड की यूनिवर्सिटी ऑफ बर्न के शोधकर्ता गिनो कैस्परी और उनकी टीम 2017 से इस जगह पर खुदाई कर रही है. जांच में पता चला कि यह कब्र करीब 2800 साल पुरानी है. उस समय यहां स्काइथियन समुदाय के लोग रहते थे. ये घोड़ों पर सवार होकर लड़ने और चलते घोड़े से तीर चलाने में माहिर थे. सोने से बनी शानदार चीजों के लिए भी उनकी पहचान थी. खुदाई के दौरान वैज्ञानिकों को कब्र में छोटे-छोटे काले निशान दिखाई दिए. जांच करने पर पता चला कि ये गांजे के बीज हैं. टीम ने यहां से 1400 से ज्यादा बीज निकाले. कार्बन डेटिंग जांच से पता चला कि ये बीज करीब 2800 साल पुराने हैं.
इंसानी बालों में कैसे मिला गांजे के नशे का सबूत?
इस खोज की सबसे खास बात सिर्फ गांजे के बीज मिलना नहीं है. वैज्ञानिकों को यहां सुरक्षित अवस्था में इंसानी बाल भी मिले. टीम ने इन बालों की जांच आधुनिक मशीनों से की. जांच में बालों के अंदर THC मिला. यह गांजे में पाया जाने वाला मुख्य नशीला तत्व है, जो दिमाग पर असर डालता है और इंसान की सोच, महसूस करने के तरीके और व्यवहार को बदल सकता है. बालों में कैनाबिनॉल नाम का एक दूसरा रसायन भी मिला. यह तब बनता है, जब THC हवा के संपर्क में आता है.
CNN की रिपोर्ट के मुताबिक शोधकर्ता गिनो कैस्परी ने बताया कि करीब 3000 साल पुराने पौधों के अवशेष मिलना ही बहुत दुर्लभ है. ऐसे में उन्हीं के साथ इंसानी बाल मिलना और उनमें नशीले पदार्थ के रासायनिक निशान मिलना बेहद खास खोज है. इसका मतलब है कि वैज्ञानिकों को पहली बार इतने पुराने दौर में गांजे के नशीले इस्तेमाल का सीधा रासायनिक सबूत मिला है.
क्या धार्मिक रस्मों में होता था गांजे का इस्तेमाल?
वैज्ञानिकों का मानना है कि उस दौर में गांजे का इस्तेमाल किसी खास रस्म या धार्मिक परंपरा से जुड़ा हो सकता है. शोधकर्ताओं के मुताबिक, कब्र में मिले सबूत इस बात की ओर इशारा करते हैं कि गांजे का इस्तेमाल शमन परंपरा यानी ऐसी धार्मिक मान्यताओं में होता होगा, जिनमें कुछ लोग विशेष रस्मों के जरिए आध्यात्मिक अनुभव हासिल करने की कोशिश करते थे.
कब्र में कई घोड़ों की बलि दिए जाने के सबूत भी मिले हैं. कुछ ऐसे संकेत भी हैं, जिन्हें इंसानों की बलि से जोड़ा जा सकता है. कैस्परी ने यह संभावना जताई कि बलि से पहले लोगों को शांत करने के लिए गांजे का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. हालांकि, उन्होंने साफ किया कि इस बात को साबित करने के लिए पर्याप्त सबूत नहीं हैं. यानी वैज्ञानिकों को यह तो पता चल गया है कि उस समय गांजे का नशीले प्रभाव के लिए इस्तेमाल होता था, लेकिन इसका सही मकसद अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है.
6000 साल पहले शुरू हुई थी गांजे की खेती?
शोधकर्ताओं के मुताबिक, पूर्वी एशिया में करीब 6000 साल पहले गांजे की खेती होने के सबूत मिल चुके हैं. उस समय इसका इस्तेमाल संभवतः इसके बीजों में मौजूद तेल के लिए किया जाता था. लेकिन गांजे के नशीले प्रभाव के इस्तेमाल के पुराने सबूत अब तक करीब 2500 साल पहले तक के ही मिले थे. मध्य एशिया में धार्मिक रस्मों के दौरान इसके इस्तेमाल के संकेत भी सामने आए थे. नई खोज ने इस इतिहास को और पीछे पहुंचा दिया है. शोधकर्ताओं का कहना है कि करीब 2800 साल पहले यूरेशिया में गांजे का नशे के लिए इस्तेमाल हो रहा था. उस समय तक यह पौधा चीन से यूरोप तक फैल चुका था.