Last Updated:
Mathura News: पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने अपनी एक कथा के दौरान भगवान कृष्ण को लेकर विवादित बयान दिया, जिसके बाद कई साधु-संतों ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. अब मंदिर-मस्जिद प्रकरण में याचिकाकर्ता दिनेश फलाहारी महाराज ने बागेश्वर महाराज को पत्र लिखकर श्रीकृष्ण के मंदिर में माफी मांगने की हिदायत दी है.
फलाहारी महाराज की हिदायत
मथुरा: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेन्द्र शास्त्री महाराज के एक विवादित बयान ने घमासान मचा दिया है, जिसको लेकर कई कथावाचक और संतों ने अलग-अलग प्रतिक्रिया दी है. अब संत समाज के फलाहारी महाराज ने पंडित धीरेन्द्र शास्त्री को पत्र लिखा है और माफी मांगने की हिदायत दी है.
दरअसल धीरेन्द्र शास्त्री द्वारा श्री कृष्ण पर दिए गए विवादित बयान पर विवाद बढ़ता ही जा रहा है. अब श्री कृष्ण जन्मभूमि मंदिर-मस्जिद प्रकरण में याचिकाकर्ता दिनेश फलाहारी महाराज ने बागेश्वर महाराज को पत्र लिखकर कहा कि आपने सनातनियों को जोड़ने का कार्य किया है और हिंदू राष्ट्र के लिए काफी कार्य किया है, इसलिए सभी सनातनी और बृजवासी आपके साथ हैं.
जन्मभूमि मंदिर में मांफी मांगे धीरेंद्र शास्त्री
फलाहारी महाराज ने कहा कि आपने जिस प्रकार की निंदा की है, तो आपको ब्रजभूमि में आकर श्री कृष्ण जन्मभूमि मंदिर में मांफी मांगनी चाहिए, जिससे आपको बृजवासियों का दोबारा आशीर्वाद प्राप्त होगा. पहले प्रदीप मिश्रा, कार्ष्णी गुरु शरणानंद जी महाराज ने ब्रजभूमि में आकर मांफी मांगी, तभी बृजवासियों ने मांफी किया था.
बृजवासियों के लाड़ले हैं भगवान कृष्ण
उन्होंने कहा कि हम बृजवासियों के लिए भगवान से बड़ा कोई नहीं है. हमारे पूर्वज भगवान श्रीकृष्ण के साथ में रहते थे, बाल लीलाएं की हैं, इसलिए आप बृजवासियों के लाड़ले हैं. फलाहारी महाराज ने धीरेंद्र शास्त्री से कहा कि आप जल्द से जल्द मंदिर में आकर मांफी मांगे. इसके अलावा व्रज भूमि के साधु-संतों ने भी धीरेन्द्र शास्त्री को ब्रजभूमि में आकर मांफी मांगने की सलाह दी है.
बता दें कि पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने अपनी एक कथा के दौरान भगवान राम और श्रीकृष्ण की तुलना की थी. उन्होंने कहा, ‘बंसी बजाना खेल, धनुष चलाना खेल नहीं, जितने ठाकुरजी वाले बैठे हैं, आज तो तुम्हारे ठाकुरजी की भी जय-जयकार हो रही है.’ इसके बाद धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान कृष्ण के गाय चराने और पर्वत उठाने का भी जिक्र किया था. उन्होंने कहा था, ‘लोग कहेंगे कि हमारे वाले भगवान तो गाय चराते हैं. गाय तो कोई भी चरा सकता है. गाय चराना तो खेल भी है, बंदरों को नचाना खेल नहीं.’