Last Updated:
सतना का जिला अस्पताल से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. अस्पताल के एक डस्टबिन से एक डेढ़ किलोग्राम से ज्यादा का मृत भ्रूण मिला है. भ्रूण को डस्टबिन में डालने वाली महिला की पहचान सीसीटीवी के आधार पर की गई है. महिला ने पूछताछ के दौरान हैरान करने वाला खुलासा किया है. अस्पताल प्रशासन ने इस मामले की हाई लेवेल की जांच कर रहा है.
सीसीटीव में महिला डस्टबिन में कुछ डालते हुए कैद हुई.
सतना. मध्य प्रदेश के सतना जिले स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल जिला चिकित्सालय में एक बेदह संवेदनशील और चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां गुरुवार तड़के मेटरनिटी विंग के नजदीक रखे कचरा पेटी यानी डस्टबिन के भीतर लगभग 1.7 किलोग्राम वजन का एक मृत भ्रूण मिलने से अस्पताल में भारी खलबली मच गई. इस अमानवीय घटना की खबर फैलते ही पूरे चिकित्सा परिसर में कोहराम मच गया. अस्पताल प्रशासन की माने तो, बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात करीब डेढ़ बजे मेटरनिटी वार्ड के पास स्थित डस्टबिन में किसी संदिग्ध द्वारा कुछ डाले जाने की बात सामने आई सुबह के वक्त जब सफाई कर्मचारी अपने नियमित कार्य पर थे, तब उनकी नजर इस मृत भ्रूण पर पड़ी.
मामले की गंभीरता को भांपते हुए जब अस्पताल प्रबंधन ने सुरक्षा कैमरों की फुटेज खंगाली, तो एक महिला अपने चेहरे को पूरी तरह ढंके हुए डस्टबिन के पास जाती हुई दिखाई दी. वह डस्टबिन में कोई वस्तु डालती हुई स्पष्ट रूप से दिखाई दी. जांच के दौरान एक यह खुलासा हुआ कि पन्ना जिले की रहने वाली एक महिला को बुधवार की देर रात गर्भपात होने की शिकायत बताकर अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर डॉ. हर्षा भतीजा ने जब ट्रीटमेंट के दौरान प्रसूता की फंसी हुई नाल को बाहर निकाला तो उस भ्रूण के आकार और विकास को देखकर डॉक्टरों की टीम की आंखें फटी रह गई, क्योंकि परिजनों ने गर्भावस्था की कुल अवधि महज तीन महीने की बताई थी. जब इसी तकनीकी संदेह के आधार पर सीसीटीवी फुटेज में कैद महिला से प्रशासनिक अधिकारियों ने कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने उस भ्रूण पर अपना किसी भी तरह का हक होने या उससे कोई संबंध होने से साफ तौर पर इनकार कर दिया.
इस पूरे मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सिविल सर्जन डॉ. अमर सिंह ने हाई लेवेल जांच के सख्त निर्देश दिए हैं. इसके बाद आरएमओ डॉ. अभिनव चौरसिया और सहायक प्रबंधक डॉ. धीरेन्द्र वर्मा की देखरेख में भ्रूण को सुरक्षित रूप से अस्पताल की मॉर्च्यूरी के डीप फ्रीजर में रखवा दिया गया है. अस्पताल प्रशासन अब सीसीटीवी फुटेज में नजर आने वाली महिला का डीएनए सैंपल लेकर इस भ्रूण से उसका मिलान कराने की पुख्ता कानूनी प्रक्रिया में जुट गया है. चिकित्सा अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि डीएनए रिपोर्ट आने के बाद ही इस अनसुलझे रहस्य से पर्दा उठ सकेगा कि यह भ्रूण वास्तव में किसका है?
खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव
QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें
login