बागेश्वर: उत्तराखंड के पहाड़ों में बनने वाले स्थानीय उत्पादों की अपनी अलग पहचान है. यहां का शुद्ध पहाड़ी शहद स्वाद के साथ-साथ अपनी प्राकृतिक गुणवत्ता के लिए भी जाना जाता है. बागेश्वर की सरस मार्केट में आने वाले लोग स्थानीय किसानों और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से पहाड़ी शहद खरीदते हैं. यहां मिलने वाला शहद ग्रामीणों की मेहनत और पहाड़ की पारंपरिक आजीविका से जुड़ा है.
स्थानीय व्यापारी संतोषी देवी बताती है कि सरस मार्केट में कई प्रकार के स्थानीय उत्पादों की बिक्री की जाती है. इनमें पहाड़ी शहद भी शामिल है. गांवों में किसान और ग्रामीण पारंपरिक तरीके से शहद निकालते हैं. इसके बाद इसे स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से बाजार तक पहुंचाया जाता है. इससे ग्रामीणों को अपने उत्पाद बेचने का अवसर मिलता है. पहाड़ी शहद साल में तीन महीने अप्रैल, जुलाई और नवंबर में निकाला जाता है. नवंबर वाला शहद सबसे बेहतरीन माना जाता है. साथ में सामान्य महीने में शहद ₹1200 किलो बिकता है, इसके अलावा नवंबर वाला शहद ₹1500 किलो तक बिकता है.
गांवों से खरीदकर बेचती हैं समूह की महिलाएं
बागेश्वर की सरस मार्केट में दुकान लगाने वाली संतोषी देवी भी पहाड़ी शहद की बिक्री करती हैं. वह गांवों से शहद खरीदकर इसे बाजार में बेचती हैं. इससे ग्रामीण उत्पादकों को उनके शहद का बाजार मिलता है, और महिलाओं को रोजगार का अवसर मिलता है. गांवों में शहद मुख्य रूप से जुलाई और अक्टूबर के आसपास निकाला जाता है. इन महीनों में शहद की उपलब्धता अधिक रहती है. समूह की महिलाएं इसी समय गांवों से शहद खरीदकर रखती हैं, और फिर इसे बाजार में बेचती हैं.
गुणवत्ता और स्रोत की ले जानकारी
शहद को सही तरीके से सुरक्षित रखना भी जरूरी होता है. इसे साफ और सूखे स्थान पर, अच्छी तरह बंद बर्तन में रखना चाहिए. शहद की गुणवत्ता उसकी शुद्धता, नमी और भंडारण पर होती है. इसलिए इसे खरीदते समय उसकी गुणवत्ता और स्रोत की जानकारी लेना जरूरी है. इससे लोगों को पहाड़ का पारंपरिक उत्पाद मिलता है, और ग्रामीण महिलाओं की आजीविका को भी सहारा मिलता है.
ऐसे करें असली और नकली शहद की पहचान
बाजार में शहद खरीदते समय लोगों के मन में अक्सर यह सवाल रहता है कि शहद असली है या नकली. शहद की शुद्धता का पता लगाने के लिए केवल उसके रंग, गाढ़ेपन या स्वाद पर भरोसा करना सही नहीं है. शहद कहां से आया है, और इसे किसने तैयार किया है, इसकी जानकारी दुकानदार से जरूर लें. पैक बंद शहद खरीदते समय उसमें लिखी सामग्री, पैकिंग की तारीख और अन्य जरूरी जानकारी देखें.
प्रयोगशाला जांच सबसे भरोसेमंद
शहद का रंग और गाढ़ापन फूलों के प्रकार और मौसम के अनुसार बदल सकता है. केवल गाढ़ा होने से शहद शुद्ध साबित नहीं होता है. पानी में शहद डालने या जलाने जैसे घरेलू तरीकों से उसकी शुद्धता की पक्की पहचान नहीं की जाती है. शहद में मिलावट की सही पहचान के लिए प्रयोगशाला जांच सबसे भरोसेमंद तरीका है.