Last Updated:
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को वॉशिंगटन में 250 फीट ऊंची विजय मेहराब बनाने की योजना पर अदालत से झटका लगा है. जज तान्या चुटकन ने 14 दिनों तक निर्माण से जुड़ी गतिविधियों पर रोक लगा दी. दूसरी ओर, ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा ने फ्लावियो बोल्सोनारो पर तंज कसते हुए कहा कि उनके अमेरिका पहुंचते ही ट्रंप चुनाव हार गए.
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को पहले मिडटर्म चुनाव में झटका लगा था. अब उन्हें अदालत से भी झटका लगा है. वॉशिंगटन में 250 फीट ऊंचा विजय स्मारक बनाने की उनकी योजना पर एक अमेरिकी जज ने फिलहाल रोक लगा दी है. अदालत ने सरकार को अगले 14 दिनों तक इस प्रोजेक्ट से जुड़ा कोई भी निर्माण कार्य शुरू नहीं करने का आदेश दिया है. इसी बीच ब्राजील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा ने ट्रंप की चुनावी हार को लेकर तंज कसते हुए कहा कि फ्लावियो बोल्सोनारो उनके लिए पनौती साबित हुए. लूला ने कहा कि फ्लावियो अमेरिका पहुंचे और ट्रंप चुनाव हार गए. हाल में हुए ब्राजील के चुनाव में फ्लावियो और लूला आमने सामने थे. चुनाव में हारने के बाद फ्लावियो ने ब्राजील छोड़ दिया और अमेरिका चले गए. ट्रंप ने भी कहा कि वह जब तक चाहें तब तक रह सकते हैं.
ट्रंप के 250 फीट ऊंचे स्मारक पर 14 दिन की रोक
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी जिला जज तान्या चुटकन ने ट्रंप प्रशासन की प्रस्तावित विजय मेहराब के निर्माण पर अस्थायी रोक लगाई है. आदेश के अनुसार, सरकार अगले 14 दिनों तक इससे जुड़ी कोई भी निर्माण गतिविधि शुरू नहीं कर सकती. जज ने कहा है कि वह अपने फैसले के कारणों को विस्तार से आने वाले आदेश में बताएंगी. यह रोक ऐसे समय लगी है, जब नेशनल कैपिटल प्लानिंग कमीशन ने 8-4 के वोट से इस परियोजना को मंजूरी दी थी. बैठक में करीब 100 लोगों ने इसका विरोध किया था. इनमें डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसद भी शामिल थे. ट्रंप प्रशासन का तर्क है कि अमेरिकी कांग्रेस ने 100 साल से भी पहले पोटोमैक नदी पर पुल बनाने की मंजूरी देते समय इस स्मारक के निर्माण का अधिकार भी दे दिया था. लेकिन जज चुटकन ने इस दलील पर सवाल उठाए. उन्होंने अपने आदेश में कहा कि यह मानना मुश्किल है कि 100 साल पुराने कानून में वॉशिंगटन के प्रमुख स्थान पर 250 फीट ऊंची मेहराब बनाने का अधिकार छिपा था, जिसका इस्तेमाल इससे पहले किसी प्रशासन ने नहीं किया.
तीन साल तक प्रभावित हो सकता है ट्रैफिक
अदालत ने प्रोजेक्ट के कारण आम लोगों को होने वाली परेशानियों का भी जिक्र किया. जज के मुताबिक, निर्माण के दौरान करीब तीन साल तक ट्रैफिक प्रभावित हो सकता है. खुदाई, शोर और बड़े स्तर पर निर्माण गतिविधियों से आसपास के इलाके में लोगों को परेशानी होगी. अमेरिकी न्याय विभाग ने इससे पहले कहा था कि मंजूरी मिलने पर खुदाई और नींव तैयार करने का काम छह से आठ महीने तक चल सकता है. यह काम गुरुवार से शुरू होने की उम्मीद थी. इसके बाद मई 2027 से जमीन के ऊपर निर्माण शुरू हो सकता था. पूरी परियोजना को 33 से 39 महीने में पूरा करने का अनुमान था.
कैसा होगा ट्रंप की विजय मेहराब?
ट्रंप इस मेहराब को अमेरिका की सैन्य ताकत और खूबसूरती, दोनों का प्रतीक बनाना चाहते हैं. सोमवार को लिंकन मेमोरियल रिफ्लेक्टिंग पूल में हुए सुधारों से जुड़े एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा था कि यह स्मारक सैन्य इस्तेमाल के लिहाज से भी उपयोगी होगा. उनके मुताबिक, इसमें ड्रोन और स्नाइपर तैनात करने की जगह हो सकती है. यह मेहराब पोटोमैक नदी के दूसरी तरफ, लिंकन मेमोरियल के सामने एक हाईवे गोलचक्कर के पास बनाई जानी है. इसके नजदीक अर्लिंग्टन नेशनल सेमेट्री का प्रवेश द्वार है. इसका डिजाइन पेरिस के मशहूर आर्क डी ट्रायम्फ जैसा होगा, लेकिन इसकी ऊंचाई उससे 80 फीट से ज्यादा होगी.