Last Updated:
Patna News: त्योहार को सीजन चल रहा है. ऐसे में फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट एक्शन मोड में नजर आ रहा है. गुरुवार को पटना के एक कोल्ड स्टोरेज में छापेमारी की गई. जहां से हैरान करने वाला खुलासा हुआ. पूजा के फूल अंडा-मछली के बीच रखे हुए थ. जबकि डिब्बों में बासी रसगुल्ला रखा हुआ था. आशंका है कि यह पुरानी मिठाई बाजार में खपाने की तैयारी थी.
पटना में फूड सेफ्टी विभाग की रेड.
पटनाः बिहार की राजधानी पटना से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया. यहां पूजा में चढ़ाए जाने वाले फूलों के साथ अंडा, मछली और मांस का भंडारण किया जा रहा था. इतना ही नहीं, कोल्ड स्टोरेज में बड़ी मात्रा में मिठाइयां भी मिली हैं. आशंका है कि पुरानी मिठाइयों को बाजार में बेचने की तैयारी थी. फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट की रेड में यह खुलासा हुआ. अनीसाबाद स्थित शालीमार कोल्ड स्टोरेज में हुई इस कार्रवाई के बाद हड़कंप मच गया.
फूलों के साथ अंडा-मछली का भंडारण
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अनीसाबाद के शालीमार कोल्ड स्टोरेज में छापेमारी की. जांच के दौरान पता चला कि यहां पूजा के फूलों के साथ अंडा, मछली और मांस भी रखा जा रहा था. यानी एक ही जगह फूलों और नॉनवेज खाद्य पदार्थों का भंडारण हो रहा था. इस तरह की व्यवस्था से स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं.
मिठाई के डिब्बों पर मिली गंदगी, चूहों के मल भी मिले
जांच के दौरान कोल्ड स्टोरेज में बड़ी मात्रा में मिठाइयां भी मिलीं. इनमें रसगुल्ला समेत दूसरी मिठाइयां शामिल थीं. खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को मिठाई के डिब्बों और भंडारण वाली जगह पर गंदगी मिली. वहां चूहों के मल भी पाए गए. इससे मिठाइयों की साफ-सफाई और उनकी गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं. विभाग को आशंका है कि पुरानी मिठाइयों को बाजार में खपाने की तैयारी थी. अगर ये मिठाइयां बाजार में पहुंच जातीं, तो त्योहार के दौरान लोग इन्हें अपने परिवार और बच्चों को खिला सकते थे. इससे उनकी सेहत पर बुरा असर पड़ सकता था.
खाद्य सुरक्षा विभाग ने जब्त किया सामान
मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापेमारी के दौरान मिठाइयों समेत अन्य खाद्य सामग्री जब्त की है. विभाग के अधिकारी मुकेश कश्यप ने जांच से जुड़ी जानकारी दी. अब विभाग इस बात की पड़ताल कर रहा है कि कोल्ड स्टोरेज में खाद्य पदार्थों को किस तरह रखा जा रहा था. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि पुरानी मिठाइयों को बाजार में बेचने की तैयारी थी या नहीं.