करिश्मा कपूर को देख बदले हिमेश रेशमिया की सुर, एक्ट्रेस के लिए गाया वो गाना, जिसने 90s में जीता आशिकों का दिल


Last Updated:

करिश्मा कपूर को देखते ही हिमेश रेशमिया पुरानी यादों में खो गए. ‘इंडियन आइडल लेजेंड्स रिटर्न’ के मंच पर दोनों की मुलाकात ने 90 के दशक के मशहूर गानों की यादें ताजा कर दीं. हिमेश ने करिश्मा की खूबसूरती की तारीफ करते हुए उनके सामने फिल्म ‘राजा हिंदुस्तानी’ का सुपरहिट गाना ‘परदेसी-परदेसी’ गाया. इस दौरान उन्होंने करिश्मा के साथ अपनी पहली फिल्म से जुड़ा दिलचस्प किस्सा भी साझा किया.

Top Deals Inside

करिश्मा कपूर को देख बदले हिमेश रेशमिया की सुर, एक्ट्रेस के लिए गाया वो गानाZoom

करिश्मा कपूर के मुरीद हुए हिमेश

नई दिल्ली. मुंबई में इन दिनों सिंगिंग रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल लेजेंड्स रिटर्न’ दर्शकों का मनोरंजन कर रहा है. शो के नए सीजन में इस बार कुछ ऐसा देखने को मिला, जिसने पुराने दौर के गानों की यादें ताजा कर दीं. दरअसल, शो में बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर बतौर मेहमान पहुंचीं. उन्हें देखते ही शो के जज और मशहूर गायक-संगीतकार हिमेश रेशमिया पुराने दिनों की यादों में खो गए. उन्होंने न सिर्फ करिश्मा की तारीफ की, बल्कि उनके सामने फिल्म ‘राजा हिंदुस्तानी’ का मशहूर गाना ‘परदेसी-परदेसी जाना नहीं’ भी गुनगुनाया.

शो के दौरान हिमेश ने करिश्मा कपूर से जुड़ा अपना एक पुराना किस्सा भी साझा किया. उन्होंने बताया कि बतौर सोलो म्यूजिक डायरेक्टर उनकी पहली फिल्म ‘दुल्हन हम ले जाएंगे’ थी, जिसमें करिश्मा कपूर मुख्य भूमिका में नजर आई थीं. हिमेश ने कहा कि इस फिल्म से उनके संगीत करियर की एक खास शुरुआत हुई थी और करिश्मा उस सफर का हिस्सा रही हैं.

हिमेश ने करिश्मा की तारीफ में पढ़े कसीदे

इसके बाद हिमेश ने करिश्मा की खूबसूरती की तारीफ करते हुए कहा कि वह आज भी बिल्कुल पहले जैसी ही नजर आती हैं. उन्होंने अभिनेत्री से यह भी कहा कि उनका एक बेहद पसंदीदा गाना ‘परदेसी-परदेसी’ है और वह इसकी कुछ लाइनें गाना चाहते हैं. इसके बाद हिमेश ने अपनी आवाज में इस सुपरहिट गाने की कुछ पंक्तियां सुनाईं. उनका गाना सुनकर शो का माहौल खुशनुमा हो गया और पुराने दौर की यादें एक बार फिर ताजा हो गईं.

बतौर जज कुर्सी संभाल रहे हिमेश

वहीं, ‘इंडियन आइडल लेजेंड्स रिटर्न’ में हिमेश रेशमिया एक बार फिर जज की कुर्सी संभाल रहे हैं. इस सीजन को आदित्य नारायण होस्ट कर रहे हैं. शो का प्रीमियर 17 अक्टूबर को हुआ था. इस बार शो में पुराने और लोकप्रिय कंटेस्टेंट्स को फिर से अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला है. अभिजीत सावंत, अमित सना, सलमान अली, सायली कांबले और ऋषि सिंह जैसे गायक 12 जोड़ियों में बंटकर एक-दूसरे को टक्कर दे रहे हैं.

बता दें कि फिल्म ‘राजा हिंदुस्तानी’ साल 1996 में रिलीज हुई थी. आमिर खान और करिश्मा कपूर की इस फिल्म को दर्शकों ने खूब पसंद किया था. फिल्म का गाना ‘परदेसी-परदेसी जाना नहीं’ उस समय जबरदस्त हिट हुआ था. आज भी यह गाना लोगों की पसंदीदा प्लेलिस्ट में शामिल है. इस गाने को उदित नारायण, अलका याग्निक और सपना अवस्थी ने अपनी आवाज दी थी. गाने की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 90 के दशक में यह हर जगह सुनाई देता था. शादियों से लेकर गली-मोहल्लों तक इसकी खूब धूम रहती थी.



Source link