नई दिल्ली. रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद से ही चर्चा में है. 15 अक्टूबर को रिलीज हुई इस एक्शन फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला है. फिल्म की रफ्तार में 20वें दिन ब्रेक लगा है. फिल्म 800 करोड़ के आंकड़े के करीब है. उम्मीद है बॉक्स ऑफिस के बाद फिल्म ओटीटी पर भी धमाल मचाने वाली है. फिल्म की ओटीटी रिलीज को लेकर एक दिलचस्प अपडेट सामने आया है. फिल्म का डिजिटल वर्जन थिएटर में दिखाई गई फिल्म से अलग हो सकता है. क्योंकि मेकर्स इसको अनकट वर्जन से लाने की तैयारी में हैं.
होंगे मोहनलाल-ऋतिक के एक्स्ट्रा सीन
रिपोर्ट के मुताबिक, ‘जेलर 2’ का ओटीटी वर्जन अनकट हो सकता है. इसमें करीब 30 मिनट के एक्स्ट्रा सीन्स जोड़े जा सकते हैं. इन सीन्स में मोहनलाल, विजय सेतुपति और ऋतिक रोशन के लंबे सीक्वेंस शामिल होने की चर्चा है. थिएटर में इन कलाकारों के किरदारों को ज्यादा स्क्रीन टाइम नहीं मिला था. ऐसे में ओटीटी पर उनके एक्स्ट्रा सीन्स देखने की उम्मीद की जा रही है.
संथानम का कैमियो भी होगा शामिल?
इसके अलावा जाने-माने तमिल एक्टर एन. संथानम का कैमियो भी डिजिटल वर्जन में शामिल किए जाने की खबर है. बताया जा रहा है कि उनका किरदार थिएटर में रिलीज हुई फिल्म से पूरी तरह हटा दिया गया था. हालांकि, इन सभी खबरों पर मेकर्स की तरफ से अभी कोई ऑफिशियल मुहर नहीं लगी है.
कब और कहां रिलीज होगी फिल्म
रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ की ओटीटी रिलीज को लेकर नई जानकारी सामने आई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म 12 नवंबर 2026 को अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो सकती है. बताया जा रहा है कि मेकर्स और स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म के बीच सिनेमाघरों में रिलीज के चार हफ्ते बाद ओटीटी पर फिल्म लाने का समझौता हुआ है. कुछ रिपोर्ट्स में सन एनएक्सटी का नाम भी सामने आया है, लेकिन फिल्म के डिजिटल राइट्स के लिए अमेजन प्राइम वीडियो का नाम चर्चा में है. हालांकि, अभी इसका ऑफिशियल ऐलान नहीं हुआ है.
क्या है ‘जेलर 2’ की कहानी?
फिल्म की कहानी पहले पार्ट की घटनाओं के करीब तीन महीने बाद से शुरू होती है. वर्मन की मौत के बाद मूर्ति तस्करी करने वाला गिरोह उसके जिम्मेदार व्यक्ति की तलाश में जुट जाता है. साथ ही वह मूर्तियों से भरे उन तीन बड़े कंटेनरों को भी वापस पाना चाहता है, जिन्हें टाइगर मुथुवेल पांडियन ने छिपा दिया है. गिरोह का वफादार सदस्य दिलीपन इस तलाश में निकलता है, लेकिन धीरे-धीरे वह मुथुवेल की बड़ी योजना में उलझ जाता है. इसके बाद उसका सामना चकरी कलपाक के नेतृत्व वाले ताकतवर कलपाक परिवार से होता है. कहानी आगे चलकर एक बड़े संघर्ष में बदल जाती है.
फिल्म में हैं कई बड़े सितारे
नेल्सन दिलीपकुमार के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रजनीकांत के साथ सूरज वेंजारामूडु, एसजे सूर्या, विद्या बालन, राम्या कृष्णन, योगी बाबू और मिर्ना अहम भूमिकाओं में हैं. वहीं, मोहनलाल, शिवराजकुमार, विजय सेतुपति, ऋतिक रोशन और जैकी श्रॉफ ने खास भूमिकाएं निभाई हैं.
रजनीकांत की अगली फिल्म
वर्कफ्रंट की बात करें तो रजनीकांत की अगली फिल्म ‘धर्मन’ बताई जा रही है. अश्वथ मारिमुथु इसके निर्देशन की कमान संभालेंगे. कमल हासन के प्रोडक्शन हाउस के तहत बनने वाली इस फिल्म में सिमरन, नयनतारा, राशि खन्ना और योगी बाबू के शामिल होने की खबरें हैं.