Last Updated:
Glowing Skin Tips: दिवाली के दौरान शॉपिंग, घर की सफाई, देर रात तक जागना और लगातार भागदौड़ करने की वजह से त्वचा की देखभाल करना थोड़ा मुश्किल हो जाता है. ऐसे में कई लोग इंस्टेंट ग्लो पाने के लिए नए सीरम, फेस मास्क और महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट्स इस्तेमाल करने लगते हैं. हालांकि, हर बार खूबसूरत और चमकदार त्वचा पाने के लिए नए प्रोडक्ट्स की जरूरत नहीं होती. यहां जानिए 7 चीजें जो स्किन को नेचुरल तरीके से चमकाने के लिए जरूरी है.
स्किन की चमक के लिए सिर्फ ब्यूटी ट्रीटमेंट्स पर निर्भर रहना काफी नहीं है. आपकी रोजमर्रा की आदतें भी स्किन को हेल्दी और ग्लोइंग बनाए रखने में मदद करती हैं. इसके लिए जरूरी है कि आप अपनी त्वचा की जरूरत को समझें और उसकी सही देखभाल करें. अगर आप भी बिना कोई नया प्रोडक्ट इस्तेमाल किए चेहरे पर नेचुरल ग्लो पाना चाहती हैं, तो इन 7 आसान स्किन केयर टिप्स को अपनी दिनचर्या में शामिल करें.
रोजाना चेहरे की सफाई करें- दिनभर धूल-मिट्टी, पसीना और अतिरिक्त तेल त्वचा पर जमा होता रहता है. ऐसे में चेहरे को साफ रखना बहुत जरूरी है. इसके लिए अपनी स्किन टाइप के अनुसार माइल्ड फेस वॉश या क्लींजर का इस्तेमाल करें. हालांकि, बार-बार चेहरा धोने या तेज हाथों से रगड़ने से बचें. इससे त्वचा की प्राकृतिक नमी और सुरक्षा परत को नुकसान पहुंच सकता है.
मॉइश्चराइजर लगाना न भूलें- चेहरा धोने के बाद अगर त्वचा खिंची हुई या रूखी महसूस होती है, तो उसे मॉइश्चराइज करने की जरूरत है. मॉइश्चराइजर त्वचा की नमी बनाए रखने में मदद करता है. ऑयली स्किन के लिए हल्का मॉइश्चराइजर और ड्राई स्किन के लिए थोड़ा गाढ़ा मॉइश्चराइजर इस्तेमाल करें.
Add News18 as
Preferred Source on Google
दिनभर पर्याप्त पानी पिएं- हेल्दी स्किन के लिए शरीर का हाइड्रेटेड रहना भी जरूरी है. इसलिए दिनभर थोड़ी-थोड़ी देर में पानी पीते रहें. इसके अलावा खीरा, संतरा और तरबूज जैसे पानी से भरपूर फल और सब्जियां भी अपनी डाइट में शामिल करें.
7-9 घंटे की नींद लें- देर रात तक जागने और लगातार काम करने से चेहरे पर थकान नजर आने लगती है. इसलिए रोजाना 7 से 9 घंटे की पर्याप्त नींद लेने की कोशिश करें. सोने से पहले मोबाइल का इस्तेमाल कम करें और सोने का एक निश्चित समय बनाएं.
सनस्क्रीन जरूर लगाएं- घर से बाहर निकलते समय सनस्क्रीन लगाना न भूलें. खासकर दिवाली की शॉपिंग के दौरान धूप में निकलना पड़े, तो SPF 30 या इससे ज्यादा वाला ब्रॉड स्पेक्ट्रम सनस्क्रीन इस्तेमाल करें. जरूरत के अनुसार इसे दोबारा लगाएं. इससे त्वचा को धूप से होने वाले नुकसान, समय से पहले झुर्रियों और पिगमेंटेशन से बचाने में मदद मिलती है.
नए स्किन केयर प्रोडक्ट्स इस्तेमाल न करें- किसी खास मौके से पहले नया सीरम, फेस मास्क या एक्सफोलिएटर इस्तेमाल करने से बचें. अनजान प्रोडक्ट्स से त्वचा पर जलन, लालिमा, एलर्जी और मुंहासे हो सकते हैं. अपनी त्वचा पर पहले से सूट करने वाले प्रोडक्ट्स का ही इस्तेमाल करें. ज्यादा स्क्रबिंग और एक्सफोलिएशन से भी बचें.
सोने से पहले मेकअप जरूर हटाएं- थकान के कारण कई बार लोग बिना मेकअप हटाए ही सो जाते हैं. ऐसा करने से त्वचा पर गंदगी जमा हो सकती है और रोमछिद्र बंद होने से मुंहासे हो सकते हैं. इसलिए सोने से पहले माइल्ड मेकअप रिमूवर या क्लींजिंग बाम से मेकअप हटाएं. इसके बाद फेस वॉश करें और मॉइश्चराइजर लगाएं.