पटना. मोकामा विधायक अनंत सिंह के घर 25 नवंबर को शहनाई बजने वाली है. उनकी छोटी बेटी शिवांगी की शादी को लेकर बाढ़ अनुमंडल के लदमा गांव में जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं. इस शादी में भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री से लेकर बॉलीवुड तक के नामचीन चेहरों के पहुंचने की चर्चा है. मेहमानों की संभावित सूची में भोजपुरी पावर स्टार पवन सिंह, अभिनेत्री अक्षरा सिंह, गायक उदित नारायण और बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद समेत कई चर्चित कलाकारों के नाम शामिल हैं. हालांकि, इन कलाकारों के आने को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
पवन सिंह और अक्षरा सिंह समेत इन कलाकारों को न्योता
अनंत सिंह की बेटी की शादी में मनोरंजन जगत की कई बड़ी हस्तियों को आमंत्रित किए जाने की जानकारी सामने आई है. भोजपुरी गायक और अभिनेता पवन सिंह, अभिनेत्री अक्षरा सिंह, उदित नारायण, गायक शब्बीर कुमार और अभिनेता सोनू सूद के नाम मेहमानों की संभावित सूची में बताए जा रहे हैं. इन चर्चित चेहरों के पहुंचने की खबर से शादी समारोह को लेकर लोगों की उत्सुकता बढ़ गई है.
30 फीट ऊंचा होगा जयमाला का स्टेज
शादी की तैयारियों को भव्य बनाने के लिए इवेंट कंपनी को जिम्मेदारी दी गई है. इवेंट मैनेजर प्रदीप जायसवाल के मुताबिक, जयमाला के लिए जयपुर के पत्रकार चौराहे की थीम पर स्टेज तैयार किया जा रहा है. इसकी ऊंचाई करीब 30 फीट होगी, ताकि समारोह में मौजूद सभी मेहमान आसानी से जयमाला देख सकें.
स्टेज और समारोह स्थल को सजाने के लिए चीन और बेंगलुरु से फूल मंगाए जा रहे हैं. इसके अलावा देश के अलग-अलग हिस्सों की मशहूर सजावटी चीजों का भी इस्तेमाल किया जाएगा. आयोजन को यादगार बनाने के लिए तैयारियां लगातार चल रही हैं.
शादी में होगा घुड़दौड़ का आयोजन, कई राज्यों से आएंगे घुड़सवार
इस शादी में सिर्फ फिल्मी सितारों और भव्य सजावट की ही चर्चा नहीं है, बल्कि घुड़दौड़ भी खास आकर्षण बनने जा रही है. इसके लिए करीब 12 बीघा जमीन में मैदान तैयार किया जा रहा है. घुड़दौड़ के इंचार्ज अरुण सिंह के मुताबिक, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और हरियाणा समेत कई राज्यों से घुड़सवार अपने घोड़ों के साथ पहुंचेंगे. दर्शकों के लिए भी अलग से बैठने और दौड़ देखने की व्यवस्था की जाएगी.
अनंत सिंह खुद ले रहे तैयारियों का जायजा
लदमा में शादी समारोह को लेकर अनंत सिंह के करीबी और समर्थक तैयारियों में जुटे हुए हैं. खुद विधायक अनंत सिंह भी आयोजन स्थल पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा ले चुके हैं. शादी में आने वाले मेहमानों के स्वागत से लेकर मनोरंजन और घुड़दौड़ तक, हर व्यवस्था को खास बनाने की कोशिश की जा रही है. 25 नवंबर को होने वाली इस शादी को लेकर इलाके में अभी से चर्चा तेज है. अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि भोजपुरी और बॉलीवुड के कौन-कौन से चर्चित चेहरे वास्तव में इस समारोह में पहुंचते हैं.