जयपुर. राजस्थान में नवंबर की शुरुआत के साथ ही मौसम का मिजाज बदलने लगा है. अक्टूबर के आखिरी दिनों में सक्रिय रहे मौसमी तंत्रों के बाद अब प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां थम गई हैं. मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, राज्य में आगामी एक सप्ताह तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की प्रबल संभावना है. मंगलवार, 3 नवंबर को पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के किसी भी जिले में बारिश, आंधी या मेघगर्जन को लेकर कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है. ऐसे में प्रदेशवासियों को फिलहाल बारिश और तेज हवाओं से राहत मिलने वाली है.
आईएमडी के अनुसार, सोमवार को राज्य में मौसम शुष्क रहा. प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. नवंबर की शुरुआत में भी पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में दिन के समय गर्मी का असर बना हुआ है. वहीं, सुबह और रात के समय तापमान में गिरावट के साथ हल्की ठंडक महसूस होने लगी है. अगले कुछ दिनों में दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है.
पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय
आईएमडी के ताजा अपडेट के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ मध्य और ऊपरी क्षोभमंडलीय पश्चिमी हवाओं में ट्रफ के रूप में बना हुआ है. इसकी अक्षीय स्थिति समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर 72° पूर्वी देशांतर के आसपास और 30° उत्तरी अक्षांश के उत्तर में बनी हुई है. इसके अलावा पूर्वोत्तर राजस्थान और आसपास के क्षेत्र में समुद्र तल से करीब 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है. हालांकि इन मौसमी तंत्रों के बावजूद राजस्थान में फिलहाल बारिश की गतिविधियां बढ़ने के संकेत नहीं हैं. आईएमडी ने आगामी सात दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान जारी किया है.
राजस्थान में 3 नवंबर को सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है
तूफान ‘मुरासु’ का राजस्थान पर असर नहीं
दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में बना भीषण चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ दक्षिण-पूर्वी आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ रहा है. इसके आंध्र प्रदेश तट पार करने की संभावना जताई गई है. मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार, इस चक्रवाती तूफान का राजस्थान के मौसम पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा. प्रदेश में बारिश या तेज हवाओं का कोई नया दौर आने की संभावना फिलहाल नहीं है.
जयपुर समेत सभी जिलों में नो वार्निंग
3 नवंबर को जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर सहित प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. पूर्वी राजस्थान के अलवर, दौसा, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, टोंक, बारां, बूंदी, झालावाड़ और अन्य जिलों में भी बारिश की संभावना नहीं है. पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर, जैसलमेर, बीकानेर, जोधपुर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, नागौर और आसपास के क्षेत्रों में भी मौसम साफ रहने की संभावना है.
https://t.co/lwgG64TmUH
— मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर (@IMDJaipur) November 2, 2026