यशस्वी ने ठोक दिए 155 रन, जुरेल की भी सेंचुरी, ड्रॉ हुए मैच में कौन-कौन चमका?
Last Updated:
IND A vs NZ A Unofficial Test Match: वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिहाज से बेहद अहम न्यूजीलैंड सीरीज से ठीक पहले यशस्वी जायसवाल ने अपनी खोई लय पा ली है. पहले अभ्यास मैच में सिर्फ 17 और 5 रन बनाने वाले यशस्वी ने आज ड्रॉ पर खत्म हुए दूसरे प्रैक्टिस मैच की दूसरी पारी में नाबाद 155 रन की पारी खेली, पहली पारी में वह 0 पर आउट हो गए थे. तीसरा और आखिरी अभ्यास मैच सात नवंबर से खेला जाएगा.
दूसरे अभ्यास मैच में यशस्वी जायसवाल ने ठोके नाबाद 155 रन
क्राइस्टचर्च: 19 नवंबर से शुरू हो रही दो टेस्ट मैच की सीरीज के लिए इंडिया ए और न्यूजीलैंड ए के बीच हुआ दूसरा अनऑफिशियल टेस्ट मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ. पहली पारी में 0 पर आउट होने वाले यशस्वी जायसवाल दूसरी पारी में नाबाद 155 रन बनाकर लौटे. कप्तान ध्रुव जुरेल ने पहली पारी में सेंचुरी जड़ी तो दूसरी पारी में यश राठौड़ के बल्ले से 100 रन की नॉटआउट पारी निकली. ड्रॉ रहे मैच में भारत को दो बार बल्लेबाजी का अभ्यास मिला तो न्यूजीलैंड ने दो बार बॉलिंग करके अपना फिटनेस टेस्ट किया. चलिए जानते हैं दूसरे अभ्यास मैच में कब-क्या हुआ? किसने कितने रन बनाए? कौन फ्लॉप रहा तो किसे स्टार माना जाए.
जायसवाल की 162 गेंद में 155 रन की पारी
इंडिया ए ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक अपनी दूसरी पारी में बिना किसी नुकसान के 32 रन बनाए थे. ऐसे में जब आज भारत की पारी शुरू हुई तो पहले टीम ने न्यूजीलैंड की 46 रन की लीड खत्म की. यशस्वी जायसवाल ने अपने कल के स्कोर 20 रन से आगे खेलते हुए शानदार दमखम का परिचय दिया जबकि 11 रन पर नाबाद लौटे साई सुदर्शन अपने स्कोर में बिना कोई तब्दीली के आउट हो गए. अगले ही ओवर में देवदत्त पडिक्कल अपनी पहली ही बॉल पर क्लीन बोल्ड हो गए, जिन्होंने पहली इनिंग में 80 रन बनाए थे. यशस्वी जायसवाल ने 15 चौके और पांच छक्के जमाए.
तीसरे अनौपचारिक मैच से भी बाहर ऋषभ पंत
खिंचाव (साइड स्ट्रेन) की समस्या से जूझ रहे ऋषभ पंत अब तक पूरी तरह फिट नहीं हो पाए हैं. ऐसे में वह सात से 10 नवंबर तक लिंकन में होने वाले तीसरे और आखिरी अनौपचारिक टेस्ट में नहीं खेल पाएंगे. पंत बेंगलुरु स्थित भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैबिलिटेशन प्रक्रिया से गुजर रहे हैं. मेजबान टीम के खिलाफ भारत ए के अनौपचारिक टेस्ट मैच के लिए टीम में शामिल होने से पहले उन्हें अनिवार्य फिटनेस परीक्षण पास करना होगा, जिसमें वह अभी तक सफल नहीं हुए हैं.
क्या टेस्ट सीरीज तक फिट हो जाएंगे ऋषभ पंत?
भारत के इस स्टार विकेटकीपर बैटर को अक्टूबर में श्रीनगर में ईरानी कप मैच के दौरान मांसपेशियों में खिंचाव हुआ था. इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका में टेस्ट शतक जड़ चुके 28 वर्षीय विकेटकीपर बल्लेबाज पंत के कुछ दिनों में दूसरा अनिवार्य फिटनेस परीक्षण पास करने पर सीधे वेलिंग्टन में टीम से जुड़ने की संभावना है.