Jalpari News : यूपी में टैंक में तैर रही थी जलपरी, देखने को दौड़े आए बच्‍चे, अचानक आ गई ‘बड़ी आफत’

Jalpari News : यूपी में टैंक में तैर रही थी जलपरी, देखने को दौड़े आए बच्‍चे, अचानक आ गई ‘बड़ी आफत’


Last Updated:

Bahraich News : बहराइच के दादा मियां उर्स मेले में जलपरी शो के दौरान पानी से भरा पारदर्शी टैंक फट गया. हादसे में चार बच्चे घायल हो गए. पुलिस ने सात आयोजकों के खिलाफ FIR दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

Zoom

बहराइच से सामने आई ये खबर वाकई चौंकाने वाली है. (एआई फोटो)

बहराइच : उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में एक उर्स मेले में जलपरी शो के दौरान पानी से भरा पारदर्शी टैंक फटने से चार बच्चे घायल हो गए. पुलिस ने इस मामले में सात आयोजकों के खिलाफ FIR दर्ज कर चार को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, फखरपुर थाना क्षेत्र के खालेपुर गांव में सोमवार देर रात दादा मियां के उर्स मेले में जलपरी शो चल रहा था. इसी दौरान अचानक टैंक फट गया और उसके कांच के टुकड़े बिखरने से शो देख रहे चार बच्चे घायल हो गए. हादसे के समय करीब 20 से 25 लोग शो देख रहे थे.

पुलिस ने बताया कि टैंक में पानी भरा था. उसमें जलपरी का किरदार निभा रही एक युवती करतब दिखा रही थी. टैंक फटने से पानी तेज बहाव के साथ बाहर निकला और कांच के टुकड़े भी दूर तक बिखर गए.

चारों घायल बच्चों को फखरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो बच्चों को छुट्टी दे दी गई. वहीं, गंभीर रूप से घायल दो अन्य बच्चों को बेहतर उपचार के लिए बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है.

हुआ क्‍या था, समझिए..
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि टैंक में पानी का दबाव अधिक होने के कारण वह अचानक फट गया और कांच चकनाचूर हो गया. उन्होंने बताया कि आयोजकों ने केवल धार्मिक कार्यक्रम ‘उर्स’ आयोजित करने की अनुमति ली थी, लेकिन वहां बिना प्रशासनिक अनुमति के मेला लगाकर जलपरी शो और झूले आदि संचालित किए जा रहे थे.

सिंह ने बताया कि बिना अनुमति कार्यक्रम आयोजित करने, लापरवाही बरतने और अन्य संबंधित आरोपों में सात आयोजकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. इनमें से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि तीन अन्य की तलाश की जा रही है. उन्होंने बताया कि उर्स की धार्मिक गतिविधियों को छोड़कर मेले की अन्य सभी गतिविधियां तत्काल प्रभाव से बंद करा दी गई हैं. अब वहां केवल उन्हीं गतिविधियों का संचालन हो रहा है, जिनकी प्रशासन से अनुमति ली गई है.



Source link