Last Updated:
How to Grow Strawberries at Home: सर्दियों में बाजार में मिलने वाली लाल और मीठी स्ट्रॉबेरी खाने का मजा ही अलग होता है. लेकिन इसके लिए हर बार बाजार जाने की जरूरत नहीं है. आप घर की छत या बालकनी में रखे छोटे से गमले में भी स्ट्रॉबेरी उगा सकते हैं. गार्डनर राम सागर के मुताबिक, नवंबर का महीना इसका पौधा लगाने के लिए अच्छा माना जाता है. इसके लिए न तो बड़े गार्डन की जरूरत है और न ही ज्यादा जगह की. सही गमला, मिट्टी और थोड़ी देखभाल से घर पर ही स्ट्रॉबेरी का पौधा तैयार कर सकते हैं. खास बात यह है कि नर्सरी से लाया गया पौधा लगाने पर 2 से 3 महीने में फल आने शुरू हो जाते हैं. जानिए, गमले में स्ट्रॉबेरी लगाने का सही तरीका क्या है और किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है.
How to Grow Strawberries at Home: सर्दियों में लाल और मीठी स्ट्रॉबेरी खाने का मजा ही अलग होता है. इसका स्वाद लेने के लिए आपको हर बार बाजार जाने की जरूरत नहीं है. आप घर की छत या बालकनी में रखे छोटे से गमले में भी स्ट्रॉबेरी उगा सकते हैं. इसके लिए ज्यादा जगह की जरूरत नहीं होती. सही मिट्टी, थोड़ा पानी और कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखकर आप घर पर ही ताजी स्ट्रॉबेरी उगा सकते हैं.
Local18 से बातचीत में गार्डनर राम सागर ने बताया कि नवंबर का महीना स्ट्रॉबेरी लगाने के लिए अच्छा माना जाता है. इस समय हल्की ठंड शुरू हो जाती है, जो पौधे की बढ़त के लिए अनुकूल होती है. ज्यादा गर्मी में स्ट्रॉबेरी का पौधा ठीक से नहीं बढ़ पाता, जबकि ठंड के मौसम में उसे बढ़ने के लिए अच्छा माहौल मिलता है. नवंबर में पौधा लगाने से उसे सर्दियों में धीरे-धीरे बढ़ने का समय मिल जाता है. इसलिए घर में स्ट्रॉबेरी उगाना चाहते हैं, तो इस महीने गमले में इसका पौधा लगा सकते हैं.
छोटे गमले में भी लगा सकते हैं स्ट्रॉबेरी का पौधा
राम सागर ने बताया कि स्ट्रॉबेरी उगाने के लिए घर में ज्यादा जगह की जरूरत नहीं होती. इसे छोटे गमले में भी आसानी से लगाया जा सकता है. इसके लिए करीब 8 से 10 इंच गहरा और चौड़ा गमला लें. ध्यान रखें कि गमले के नीचे पानी निकलने के लिए छेद जरूर हों. अब इसमें अच्छी मिट्टी के साथ थोड़ी खाद मिलाकर भर दें. इसके बाद नर्सरी से स्ट्रॉबेरी का छोटा पौधा लाकर लगा दें. पौधा लगाते समय ध्यान रखें कि उसका बीच वाला हिस्सा मिट्टी में न दबे. इसके बाद हल्का पानी दें और गमले को ऐसी जगह रखें, जहां रोजाना धूप आती हो.
रोजाना 4 से 6 घंटे की धूप है जरूरी
स्ट्रॉबेरी के पौधे को बहुत ज्यादा देखभाल की जरूरत नहीं होती, लेकिन कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है. पौधे को ऐसी जगह रखें, जहां उसे रोजाना 4 से 6 घंटे अच्छी धूप मिल सके. मिट्टी में नमी बनाए रखें, लेकिन गमले में ज्यादा पानी न भरने दें. समय-समय पर पौधे में थोड़ी खाद डालते रहें, ताकि उसे पोषण मिलता रहे. इसके साथ ही सूखी पत्तियों और खराब हिस्सों को हटाते रहें. इससे पौधे को अच्छी तरह बढ़ने में मदद मिलेगी. जब पौधे पर फूल आने लगें, तो गमले को बार-बार एक जगह से दूसरी जगह न रखें.
2 से 3 महीने में आने लगते हैं फल
राम सागर के मुताबिक, अगर आप नर्सरी से तैयार स्ट्रॉबेरी का पौधा लाकर लगाते हैं, तो करीब 2 से 3 महीने में उसमें फल आने शुरू हो जाते हैं. वहीं, बीज से पौधा तैयार करने में थोड़ा ज्यादा समय लग सकता है. पौधे पर फूल आने के बाद कुछ हफ्तों में स्ट्रॉबेरी पककर लाल होने लगती है. इस तरह आप घर की छत या बालकनी में ही ताजी स्ट्रॉबेरी उगा सकते हैं.