नई दिल्ली (Board Exam Study Techniques). बोर्ड परीक्षा का नाम सुनते ही टॉपर्स के माथे पर भी पसीना आने लगता है. मोटी किताबें, सिलेबस पूरा करने का दबाव और मां-बाप की उम्मीदें- इनसे बच्चों के मन में अजीब सा डर बैठ जाता है. स्टूडेंट्स रात-रात भर जागकर पढ़ाई करते हैं, मोटी-मोटी किताबें चाट जाते हैं लेकिन परीक्षा हॉल में जाते ही सब भूलने लगते हैं. इसका मतलब यह नहीं है कि वे मेहनत नहीं करते, बल्कि कमी पढ़ाई के तरीके में होती है.
बोर्ड परीक्षा की तैयारी कैसे करें?
अगर आप बोर्ड परीक्षा 2027 की तैयारी कर रहे हैं और कम समय में बेहतरीन रिजल्ट लाना चाहते हैं तो अपनी स्ट्रैटेजी में थोड़ा बदलाव करने की जरूरत है. दुनियाभर के एजुकेशनिस्ट और न्यूरोसाइंस एक्सपर्ट ने कुछ असरदार और प्रैक्टिकल तकनीकें सुझाई हैं. इन्हें अपनाकर आप न सिर्फ कम समय में ज्यादा याद रख पाएंगे, बल्कि परीक्षा का डर भी छूमंतर हो जाएगा. बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए जानिए 5 बेस्ट टेक्नीक्स:
1. पोमोडोरो तकनीक (Pomodoro Technique): फोकस बढ़ाने का जादुई फॉर्मूला
अक्सर स्टूडेंट्स लगातार 3-4 घंटे तक कुर्सी पर बैठकर पढ़ने की कोशिश करते हैं. लेकिन कुछ ही देर में उनका ध्यान भटकने लगता है और दिमाग सुस्त हो जाता है.
- यह तकनीक कैसे काम करती है: इसमें 25 मिनट पूरी तन्मयता और बिना किसी भटकाव के पढ़ाई करनी होती है. उसके बाद 5 मिनट का छोटा सा ब्रेक लेना होता है. ऐसे 4 साइकल पूरे करने के बाद 15 से 20 मिनट का लंबा ब्रेक मिलता है.
- फायदा: छोटे ब्रेक्स मिलने से दिमाग थकता नहीं है. पढ़ाई के दौरान सोशल मीडिया या अन्य चीजों की क्रेविंग भी शांत रहती है. यह ब्रेन को एक्टिव बनाए रखता है.
2. एक्टिव रिकॉल: सिर्फ पढ़ना नहीं, खुद से सवाल पूछना है
किताब खोलकर पैराग्राफ दर पैराग्राफ पढ़ते जाना सबसे आसान लगता है. लेकिन यह याद रखने का सबसे खराब तरीका है.
- कैसे करें: किसी चैप्टर को पढ़ने के बाद किताब बंद कर दीजिए और खुद से पूछिए कि आपने अभी क्या समझा. उसे किसी सादे कागज पर अपने शब्दों में लिखकर देखिए (जिसे फ़ाइनमैन तकनीक भी कहते हैं).
- फायदा: जब आप खुद को रीकॉल करने के लिए मजबूर करते हैं तो दिमाग के न्यूरॉन्स मजबूत होते हैं और परीक्षा के समय चीजें आसानी से याद आ जाती हैं.
3. स्पेस्ड रिपीटिशन: भूलने की बीमारी का पक्का इलाज
हम जो भी पढ़ते हैं, उसका एक बड़ा हिस्सा अगले 24 घंटों में भूल जाते हैं. इसे ‘फॉरगेटिंग कर्व’ कहा जाता है.
- क्या है तरीका: किसी टॉपिक को आज पढ़ने के बाद उसे 3 दिन बाद, फिर 7 दिन बाद और फिर 15 दिन बाद दोबारा रिवाइज करें.
- फायदा: बार-बार रिवीजन करने से वह जानकारी शॉर्ट-टर्म मेमरी से निकलकर सीधे लॉन्ग-टर्म मेमरी में सेव हो जाती है. इससे एग्जाम हॉल में कभी कन्फ्यूजन नहीं होता.
4. माइंड मैपिंग: मुश्किल विषयों को आसान बनाने का तरीका
लंबी-लंबी थ्योरी या पैराग्राफ पढ़ने में बोरियत होती है और बोरियत से नींद आने लगती है.
- कैसे बनाएं: किसी चैप्टर के मुख्य पॉइंट्स को चार्ट पेपर पर की-वर्ड्स, फ्लोचार्ट और रंगों की मदद से आपस में जोड़कर नक्शा (मैप) बना लें.
- फायदा: हमारा दिमाग शब्दों से ज्यादा तस्वीरों और रंगों को जल्दी याद रखता है. एग्जाम के एक दिन पहले पूरा चैप्टर सिर्फ एक पेज के माइंड मैप से मिनटों में रिवाइज किया जा सकता है.
5. मॉक टेस्ट और पास्ट पेपर्स: परीक्षा का डर भगाएं
सिर्फ सिलेबस पूरा कर लेना जंग जीतने जैसा नहीं है, जब तक आप युद्ध के मैदान की प्रैक्टिस न कर लें.
- क्या करें: पिछले 5 साल के बोर्ड पेपर्स उठाएं और घर पर स्टॉपवॉच लगाकर ठीक 3 घंटे में पेपर हल करें.
- फायदा: इससे टाइम मैनेजमेंट का अंदाजा होता है, अपनी कमजोरियां पता चलती हैं और एग्जाम हॉल का फोबिया हमेशा के लिए खत्म हो जाता है.
काम आएगी यह सलाह
बोर्ड परीक्षा में अच्छे नंबर लाने के लिए सिर्फ पढ़ना काफी नहीं है, बल्कि फिजिकल और मेंटल हेल्थ भी उतनी ही जरूरी है. परीक्षा के दिनों में कम से कम 7-8 घंटे की गहरी नींद जरूर लें. सोते समय ही हमारा दिमाग दिनभर की पढ़ी हुई चीजों को व्यवस्थित (Consolidate) करता है. इसके अलावा, हाइड्रेटेड रहें और जंक फूड से बिल्कुल दूरी बना लें.