Last Updated:
सुपरस्टार शाहरुख खान ने सिर्फ अपनी शानदार अदाकारी ही नहीं बल्कि प्रोड्यूसर के तौर पर भी अपनी अपनी खास पहचान बनाई है. उनके प्रोडक्शन हाउस रेड चिलीज एंटरटेनमेंट तले अब कई शानदार फिल्में बन चुकी हैं जिन पर लोगों ने खूब प्यार लुटाया है. ‘डार्लिंग्स’, ‘बदला’, ‘भक्षक’ और ‘लव हॉस्टल’ जैसी संजीदा कहानियां रेड चिलीज की ही देन हैं. अगर आप भी वीकेंड पर घर बैठे कुछ शानदार फिल्में देखना चाहते हैं, तो हम आपको रेड चिलीज की ये 5 बेहतरीन फिल्मों की लिस्ट बताते हैं.
शाहरुख खान ने प्रोड्यूस की हैं शानदार फिल्में. (फोटो: IMDb)
नई दिल्ली. सुपरस्टार शाहरुख खान के प्रोडक्शन हाउस रेड चिलीज एंटरटेनमेंट ने सिर्फ बड़े पर्दे पर ही नहीं, बल्कि ओटीटी पर भी एक से बढ़कर एक बेहतरीन फिल्में दी हैं. ‘डार्लिंग्स’ की चटपटी डार्क कॉमेडी से लेकर ‘बदला’ के सस्पेंस तक और ‘लव हॉस्टल’ जैसे संजीदा मुद्दों पर बनी फिल्मों ने दर्शकों का दिल जीत लिया है. अगर आप अपने इस वीकेंड को खास बनाने चाहते हैं, तो ओटीटी पर मौजूद रेड चिलीज की इन 5 कड़क फिल्मों को अपनी वॉचलिस्ट में तुरंत शामिल कर लीजिए.
इस लिस्ट में आलिया भट्ट की डार्क कॉमेडी ‘डार्लिंग्स’ से लेकर संजय मिश्रा की ‘कामयाब’ जैसी फिल्में शामिल हैं. खास बात है कि शाहरुख खान के प्रोडक्शन हाउस रेड चिलीज एंटरटेनमेंट तले बनी ‘बदला’ में अमिताभ बच्चन ने काम किया है, जिसका सस्पेंस दिमाग हिला देता हैं. यह पर पढ़िए 5 फिल्मों की पूरी लिस्ट.
डार्लिंग्स
जसमीत के. रीन के निर्देशन में बनी यह एक बेहतरीन डार्क कॉमेडी थ्रिलर है. इसमें आलिया भट्ट, विजय वर्मा, शेफाली शाह और रोशन मैथ्यू मुख्य भूमिकाओं में हैं. इसकी कहानी एक साधारण शादीशुदा महिला की है, जो अपने शराबी और हिंसक पति के अत्याचारों से तंग आकर अपनी मां के साथ मिलकर उससे बदला लेने की योजना बनाती है. घरेलू हिंसा जैसे गंभीर मुद्दे पर बनी यह फिल्म हंसाने के साथ-साथ सोचने पर भी मजबूर करती है, यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है.
बदला
यह एक सस्पेंस और क्राइम थ्रिलर फिल्म है, जिसका निर्देशन सुजॉय घोष ने किया है. इसमें अमिताभ बच्चन, तापसी पन्नू और अमृता सिंह जैसे सितारे नजर आते हैं. इसकी कहानी एक सफल बिजनेसवुमन के इर्द-गिर्द घूमती है, जिस पर अपने प्रेमी की हत्या का आरोप है. अपने बचाव के लिए वह एक दिग्गज वकील को हायर करती है और दोनों के बीच की बातचीत से नए-नए राज खुलते हैं. शाहरुख खान के प्रोडक्शन में बनी यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर मौजूद है.
कामयाब
हार्दिक मेहता द्वारा निर्देशित यह फिल्म हिंदी सिनेमा के साइड एक्टर्स के जीवन को समर्पित एक खूबसूरत ड्रामा है. इसमें संजय मिश्रा और दीपक डोबरियाल लीड रोल में है. कहानी सुधीर नाम के एक रिटायर्ड साइड एक्टर की है, जो अपनी 500वीं फिल्म में काम करके एक अनोखा रिकॉर्ड बनाना चाहता है. संजय मिश्रा का अभिनय इस फिल्म की सबसे बड़ी ताकत है. यह मूवी नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है.
लव हॉस्टल
यह एक बेहद इंटेंस और डार्क क्राइम थ्रिलर फिल्म है जिसका डायरेक्शन शंकर रमन ने किया है. इसमें बॉबी देओल, विक्रांत मैसी और सान्या मल्होत्रा मुख्य भूमिकाओं में हैं. फिल्म की कहानी हरियाणा के बैकड्रॉप पर बनी है, जहां विक्रांत मैसी और सान्या मल्होत्रा के किरदार अपने परिवार के खिलाफ जाकर शादी करता है. इसके बाद एक बेरहम सुपारी किलर डागर (बॉबी देओल) उनका पीछा करता है. यह मूवी जी5 पर देखने के लिए मौजूद है.
भक्षक
पुलकित के निर्देशन में बनी यह एक क्राइम और सोशल थ्रिलर फिल्म है. इसमें भूमि पेडनेकर, संजय मिश्रा, आदित्य श्रीवास्तव और सई ताम्हणकर ने अहम भूमिकाएं निभाई हैं. यह फिल्म मुजफ्फरपुर शेल्टर होम में बच्चियों के साथ हुए यौन शोषण की सच्ची घटना पर आधारित है. इसमें एक निडर महिला पत्रकार (भूमि पेडनेकर) व्यवस्था से लड़कर इस घिनौने अपराध का पर्दाफाश करती है. आप इस मूवी को नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं.