Last Updated:
Kanpur News: यूपी में कानपुर के 250 करोड़ रुपये से ज्यादा के साइबर फ्रॉड मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन जारी है. अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी नेटवर्क के कथित मास्टरमाइंड सुल्तान मिर्जा उर्फ अभय शुक्ला समेत तीन आरोपियों की तलाश में 27 पुलिस टीमें जुटी हैं. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है. दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और मुंबई समेत कई राज्यों में लगातार छापेमारी की जा रही है.
सफेद कपड़े में सुल्तान मिर्जा है.
कानपुर: यूपी के कानपुर सामने आया 250 करोड़ साइबर फ्रॉड मामले में पुलिस की जांच तेज हो गई है. इस अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी नेटवर्क के कथित मास्टरमाइंड सुल्तान मिर्जा उर्फ अभय शुक्ला की गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है. पहले आरोपी के दुबई भाग जाने की चर्चा थी, लेकिन अब उसके भारत लौटने का दावा किया जा रहा है. पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल के जानकारी के मुताबिक, साइबर क्राइम टीम को आरोपी की संभावित लोकेशन नागपुर और औरैया में मिली है.
इसके बाद 27 पुलिस टीमें उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं. इस मामले में पुलिस का शिकंजा सिर्फ सुल्तान मिर्जा तक सीमित नहीं है. गिरोह से जुड़े कथित सरगनाओं लिटिल मोंगा और प्रतीक कालरा की भी तलाश की जा रही है. पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है. साथ ही तीनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और मुंबई समेत कई राज्यों में पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं.
पंजाब के अबोहर और फाजिल्का के अलावा दिल्ली में भी संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई है. जांच में इस साइबर ठगी नेटवर्क का दायरा बेहद बड़ा होने की आशंका जताई जा रही है. नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज 650 से अधिक शिकायतों में इस गिरोह के नेटवर्क से जुड़े होने की बात सामने आई है. शुरुआती जांच में ठगी की रकम 250 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है, जबकि कुछ अनुमानों में यह आंकड़ा 400 करोड़ रुपये के पार पहुंचने की आशंका है. पुलिस कथित फर्जी बैंक खातों, कंपनियों और संदिग्ध वित्तीय लेनदेन की कड़ियां जोड़ रही है.