Last Updated:
सोनीपत में ओपी जिंदल यूनिवर्सिटी के पास तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर और खंभे से टकरा गई. हादसे में दो युवकों विजय और दिनेश की मौके पर ही मौत हो गई.
सोनीपत. हरियाणा के सोनीपत में दोस्त को हाईवे तक छोड़ने निकले दो युवकों की जिंदगी का सफर रास्ते में ही थम गया. ओपी जिंदल यूनिवर्सिटी के नजदीक रविवार देर रात उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर और फिर सड़क किनारे खंभे से टकरा गई. हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार गांव सोहटी निवासी विजय (25) और उनके दोस्त दिनेश (26) की मौके पर ही मौत हो गई. एक साथ दो जवान बेटों की मौत ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं.
सोनीपत पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार गांव सोहटी निवासी सत्यवान ने बताया कि उनके भतीजे विजय (25) मानेसर स्थित मारुति कंपनी में नौकरी करते थे. रविवार रात को गांव के ही उसके दोस्त दिनेश (26) उन्हें बाइक पर हाईवे तक छोड़ने के लिए निकले थे. देर रात करीब एक बजे दोनों ओपी जिंदल यूनिवर्सिटी के नजदीक पहुंचे ही थे कि अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई.
बाइक पहले सड़क किनारे डिवाइडर से टकराई और फिर पास ही लगे खंभे से जा भिड़ी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. हादसे की खबर मिलते ही गांव और परिवारों में चीख-पुकार मच गया.
-पुलिस प्रेस प्रवक्ता रवींद्र कुमार ने बताया कि कल देर रात सूचना मिली थी की बाइक सवार दो युवकों की हादसे में मौत हो गई है.बाइक सवार गांव सोहटी निवासी विजय (25) और उनके दोस्त दिनेश (26) की मौके पर ही मौत हो गई.पुलिस ने दोनों युवकों के शवों को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल सोनीपत के शवगृह में भिजवाया, जहां पंचनामा कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया.