Last Updated:
Khatu Shyam Temple Tragedy: नए खाटू श्याम मंदिर का लिंटर (छत की ढलाई) अचानक भरभराकर गिर गया. इस भीषण हादसे में कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है, जबकि दो लोगों की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां और पुलिस बल मौके पर पहुंच गया है. ये घटना उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में बन रहे नए खाटू श्याम मंदिर की बताई जा रही है.
खाटू श्याम मंदिर का लिंटर गिरा, कई लोग मलबे के नीचे दबे.
Khatu-Shyam Temple: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में निर्माणाधीन खाटू श्याम मंदिर की लिंटर गिरने से हड़कंप मच गया. कंधारपुर कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत देवखरी भवर नाथ मंदिर के पास नवनिर्मित खाटू श्याम मंदिर का निर्माण कार्य चल रहा था. इसी दौरान मंदिर के ऊपर लिंटर की ढलाई (छत का काम) का कार्य किया जा रहा था कि अचानक भारी वजन और तकनीकी खामी के चलते लिंटर अचानक भरभराकर नीचे आ गिरा. इस भयानक हादसे से निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और वहां चीख-पुकार शुरू हो गई.
हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और राहत कार्य में जुट गए. शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस दुर्घटना में कई मजदूरों और अन्य लोगों के मलबे के नीचे दबे होने की आशंका जताई जा रही है. गश्त कर रही स्थानीय पुलिस और प्रशासन को जैसे ही इसकी सूचना मिली, हड़कंप मच गया. मलबे से निकाले गए लोगों में से कम से कम दो लोगों की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है.
घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर दमकल विभाग की कई गाड़ियां और राहत दल तुरंत रवाना किए गए. फिलहाल प्रशासन की देखरेख में युद्धस्तर पर बचाव कार्य चलाया जा रहा है, और मलबे को हटाने के लिए आवश्यक उपकरणों की मदद ली जा रही है ताकि अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके. इस दुर्घटना के बाद से इलाके में भारी भीड़ जमा हो गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.